Showing posts with label parichay-nama. Show all posts
Showing posts with label parichay-nama. Show all posts

परिचयनामा : सुश्री प्रेमलता पांडे

आज हम परिचयनामा में मिलवा रहे हैं सुश्री प्रेमलता पांडे से जो कि उच्च शिक्षित एवम अध्यापन कार्य से लंबे समय से जुडी हुई हैं. जो सादा जीवन उच्च विचार में यकीन रखती हैं. तीर्थ-यात्रा, फ़ोटोग्राफ़ी एवम आध्यात्मिक सोच उनके रुचि के विषय हैं. उनके ब्लाग पसंद और ’मन की बात’ पर आप उन्हे पढते ही रहे हैं. आईये हम उनसे हुई ताऊ की बातचीत से आपको भी रुबरु करवाते हैं.

सुश्री प्रेमलता पांडे


ताऊ - प्रेमलताजी, ताऊ डाट इन के परिचयनामा में आपका स्वागत है. सबसे पहले तो आप ये बताईये कि आप कहां से है और क्या करती हैं?
प्रेमलता जी - मैं पिछले छ्ब्बीस सालों से दिल्ली में हूं और एक सरकारी उच्च माध्यमिक स्कूल मे अध्यापन कार्य करती हूं.

ताऊ - अब आप ये बताईये कि आपके शौक क्या हैं?
प्रेमलता जी - विशेष शौक में मुझे पढ़ना-लिखना बहुत पसंद है और तीर्थाटन मे भी उतनी ही रुचि है.
ताऊ - आपको सख्त ना पसंद क्या है?
प्रेमलता जी - बनावटीपन और फ़रेब।
ताऊ - आपकी विशेष पसंद क्या है?
प्रेमलता जी - यों तो पसंद का कोई पैमाना नही होता पर आप अगर विशेष पसंद ही पूछ रहे हैं तो "सादगी और सच्चाई" मेरी विशेष पसंद हैं.

ताऊ - आप हमारे पाठको से क्या कहना चाहेंगी?
प्रेमलता जी - मेरा मानना है कि आज का पाठक बहुत सुधी है फिर उनसे क्या कहूं?
ताऊ - हमने सुना है कि आपने एक बार स्कूल की छुट्टी वाली घंटी बजाकर स्कूल की छुट्टी करवा दी थी? क्या यह सच है?
प्रेमलता जी - हां जब आपको पता चल ही चुका है तो ना कैसे करूं? घटना तो सही है.
ताऊ - पूरी बात बताईये कि हुआ क्या था?
प्रेमलता जी - यह घटना है जब हम ११वीं कक्षा में पढ़ते समय राजनीति-विज्ञान से पहला सामना हुआ था, बड़ा जोश
था। तभी हमारे शहर में डॉ० फ़खरुद्दीन-अहमद आये थे जो उस समय कृषि-मंत्री थे।
ताऊ - जी, आगे बताईये.
प्रेमलता जी - विद्यालय के ज्यादातर अध्यापक उनकी मिटिंग सुनने चले गए। हम
बच्चे यूँ ही घूम रहे थे तभी सबने मिलकर योजना बनायी कि हम भी उन्हें सुनने चलते हैं। बस आव देखा न ताव घंटी बजा दी स्कूल की। छुट्टी करके सब भाग गए सभा में।
ताऊ : फ़िर प्रिंसिपल महोदया ने अगले दिन तो खूब पूजा पाठ की होगी?
प्रेमलता जी - हां, अगले दिन प्रिंसिपल महोदया ने अपने कमरे में बुलाया और पूछी असलियत।
माता-पिता की सच बोलने की सीख काम आयी। सब सच बता दिया। प्रिंसीपल ने डांटा नहीं बस इतना कहा- इतन मन था तो किसी टीचर से क्यों नहीं कहा? बहुत अच्छी बात है किसी के विचार जानना। पर इस तरह नहीं जाना चाहिए था। हम सभी बच्चों ने माफ़ी मांगी और वो मुस्करा गयीं। महान थीं डॉ० पुष्पा शर्मा- हमारी प्रिंसीपल।
ताऊ - आप मूलत कहां से हैं?
प्रेमलता जी - जन्म तो दिल्ली में हुआ लेकिन बचपन पैतृक-स्थान अनूपशहर में बीता। अनूपशहर क़स्बा गंगाजी के किनारे बसा जि० बुलंदशहर उ०प्र० में है।
ताऊ - संयुक्त परिवार के बारे में आप क्या कहना चाहेंगी?
प्रेमलता जी - देखिये परिवार शब्द ही संयुक्तता का परिचायक है। पर सामंज्स्य न हो तो फिर
संयुक्त का दिखावा न हो। अलग रहकर भी संयुक्त्ता बनायी रखी जा सकती है। परिवार प्रेम और त्याग का धाम है स्वार्थ का नहीं एक छत हो या न हो।
ताऊ - आप ब्लागिंग का भविष्य कैसा देखते हैं?
प्रेमलता जी - मुझे यह स्वर्णिम और लाभप्रद दिखाई दे रहा है !
ताऊ - आप कब से ब्लागिंग मे हैं?
प्रेमलता जी - अप्रैल २००६ से ।
ताऊ - आपका ब्लागिंग मे आना कैसे हुआ? और कैसा रहा ये अनुभव?
प्रेमलता जी - अन्तर्जाल पर हिंदी खोजते-खोजते हिंदी रचनाएँ पढना शुरु किया। फिर ’काव्यालय’ पत्रिका में अपनी कविताएँ भेजी जहाँ कविताएँ प्रकाशित तो नहीं हुयीं पर वहाँ से ’अनुभूति’ अन्तर्जाल-पत्रिका का पता चला जिसमें तीन संक्षेपक प्रकाशित हुए।
ताऊ - जी, आगे क्या हुआ?
प्रेमलता जी - फिर रवि भाई/ श्री रविंद्र श्रीवास्तव जी के ’रचनाकार’में ’परिवर्तन’ शीर्षक से मेरी एक कविता छपी और रविभाई से ब्लॉग लिखने की प्रेरणा मिली। तकनीकी ज्ञान बहुत कम होने के कारण श्री जितेंद्र चौधरी
जी की सहायता से ब्लॉग ’मन की बात’ बनाया और लेखन किया। बाद में वर्डप्रैस पर ’पसंद’ बना लिया । अब इसपर ज़्यादा सक्रियता रहती है।
ताऊ - आपके लेखन की दिशा किस और हैं?
प्रेमलता जी - जो अनुभव करती हूँ वही लिख देती हूँ। मातृ-भाषा से गहरा लगाव है।
ताऊ - आपकी राजनैतिक रुचि और विचार बतायें?
प्रेमलता जी - सरकारी कर्मचारी रिटायरर्मेंट के बाद रुचि बनाता है। (हंसते हुये...) जिसकी सरकार उसी के मुलाजिम। अपना वोट भी कभी डाल पाते हैं और कभी नहीं भी क्योंकि हमेशा एलेक्शन-ड्यूटी पर होते हैं।
ताऊ - कुछ अपने स्वभाव के बारे मे बताईये.
प्रेमलता जी - सादा। झूठ और बेईमानी सहन नहीं।( अध्यापिका-स्वभाव)
ताऊ - कैसा जीवन पसंद है?
प्रेमलता जी - सरल जीवन पसंद है।
ताऊ - कौन सी पुस्तक आपको विशेष पसंद है?
प्रेमलता जी - श्रीमदभागवत-गीता को जीवन की कला सिखाने वाला सर्वश्रेष्ठ ग्रंथ मानती हूँ, मात्र धार्मिक पुस्तक नहीं।
ताऊ - जीवन का कोई मूलमंत्र आपके हिसाब से?
प्रेमलता जी - सेवा को पूजा मानती हूँ और बच्चों, माता-पिता या वृद्धजन को भगवान। दंभ,झूठ और ग़लत बात घर, बाहर और नौकरी कहीं पर भी पसंद नहीं करती। कई बार परेशानी होती
है पर अन्त में सब सही को ही सही कहते हैं। चाहे मन में कहें। (एक सौम्य हंसी के साथ...)
ताऊ - ताऊ पहेली के बारे क्या कहना चाहेंगी?
प्रेमलता जी - शिक्षिका की भाषा में- ’चहुँमुखी ज्ञान के विकास की नींव’( इमारत बननी बाकी है) ।
ताऊ - ताऊ कौन? क्या कहेंगी?
प्रेमलता जी - आदरणीय, विद्वान और मातृ-भाषा-प्रेमी।
ताऊ - अगर आपको शिक्षा मंत्री बना दिया जाये तो आप क्या करना चाहेंगी?
प्रेमलता जी - सभी के लिए समान शिक्षा-व्यवस्था। सरकारी और प्रायवेट सब एक और शिक्षा का उद्देश्य सनद नहीं बल्कि मानवीयता की जड़े मजबूत करना।
ताऊ - आप शिक्षण से ताल्लुक रखती हैं...आप आज के समय में विशेषकर पालकों से क्या कहना चाहेंगी.
प्रेमलता जी - पालकों! बच्चों को अपना खिलौना न समझें वे भी जानदार और दिमागदार है।
बालकों! - माता-पिता और बड़ों का आदर और सेवा करें यही आराधन है और पूजा है। अनुभव से सीखा ज्ञान शुद्ध होता है।


तो ये थी हमारी आज की मेहमान सुश्री प्रेमलता जी पांडे. आपको इनसे मिलकर कैसा लगा? अवश्य बताईयेगा.

परिचयनामा : श्री दिनेशराय द्विवेदी

श्री दिनेशराय द्विवेदी, जो किसी परिचय के मोहताज नही हैं, आप सभी उनको एक शीर्ष ब्लागर के रूप मे पहचानते हैं। जिनके ब्लाग्स अनवरत और तीसरा खंबा पर वो निरंतरता से लिखते हैं। राजस्थान के कोटा नगर के एक सफ़ल और प्रतिष्ठित वकील हैं। और समाज सेवा और दुखियों की मदद करने मे हमेशा अग्रणी रहते हैं। आप हमारे ताऊ स्टूडियो मे पधारे और हमको एक छोटी सी बातचीत का समय दिया। आपको भी उस बातचीत से रुबरू करवाते हैं। तो आईये द्विवेदी जी आपका ताऊ स्टुडियो में स्वागत है।


श्री द्विवेदी, ताऊ स्टूडियो में ताऊ के साथ बातचीत करते हुये

ताऊ : द्विवेदीजी सबसे पहले तो यह बताईये कि आप कहां के रहने वाले हैं?
दिनेश जी : राजस्थान के दक्षिण पूर्व में मध्यप्रदेश के गुना, शिवपुरी और श्योपुर जिलों तथा राजस्थान के कोटा और झालावाड़ जिलों से घिरा नगर बाराँ है, जो अब जिला मुख्यालय है वहीं मेरा जन्म हुआ।
ताऊ : यानि आपका बचपन वहीं बाराँ में ही बीता?
दिनेश जी : पिता जी अध्यापक, वैद्य और ज्योतिषी, और दादा जी ज्योतिषी, कथावाचक और नगर के एक प्रमुख मंदिर के पुजारी थे। बचपन और किशोरावस्था दादा जी के सानिध्य में मंदिर में ही बीते।

श्री दिनेशराय द्विवेदी

ताऊ : तो आप कोटा कब आये?
दिनेश जी : मैं पहले तो पत्रकार बनना चाहता था। मुंबई पहुँच गया था। लेकिन तब शादी हो चुकी थी। पत्नी को साथ रखना चाहता था। लेकिन लगा कि वहाँ उसे साथ रखने लायक घर लेने की क्षमता पैदा करने में पाँच सात बरस लग लेंगे। मैं छोड़ कर वापस आ गया। साल भर बाराँ में वकालत सीखी और फिर 1979 में कोटा चला आया। तब से यहाँ वकालत में जमा हूँ।

ताऊ : हमने सुना है कि बचपन में सडक पर कोई लुढकता गर्म लोटा उठाकर आपने हाथ जला लिये थे?
दिनेश जी : अरे ताऊजी, वो घटना तो तब की है जब मैं सात बरस का था।
ताऊ : क्या हुआ था?
दिनेश जी : बचपन में सब ने सिखाया था कि हर किसी की मदद करनी चाहिए। वैसी ही आदत हो गई। मैं अपने निवास के पास के बाजार से निकल रहा था कि एक दुकान से एक पीतल की इमरती (लोटा) छिटक कर सड़क पर लुढ़की। मैं ने सोचा उठा कर दुकानदार को दे दूँ। जैसे ही उसे उठाना चाहा मेरी उंगलियाँ जल गईँ।
ताऊ : ये कैसे हो गया?
दिनेश जी : हुआ यह था कि ठठेरा इमरती (लोटे) को तपा रहा था और वह उस की संसी (संडसी) से छूट कर आई थी। मुझे क्या मालूम कि ये गर्म होगी?
ताऊ : फ़िर क्या हुआ?
दिनेश जी : होना क्या था? हाथों में बुरी तरह जलन होने लगी, सो घऱ आ कर छत पर रखी खारिज पानी की मटकी में जलन मिटाने को हाथ देता रहा, लेकिन दादी ने देख लिया।
ताऊ : फ़िर?
दिनेश जी : बस अपनी मूर्खता की कहानी बतानी पड़ी। तुरंत मामा वैद्य जी के यहाँ जाना पड़ा, मल्हम लाने के लिए। अभी भी वह खब्त गया नहीं है। कभी-कभी उंगलियाँ जल ही जाती हैं।
ताऊ : आपके शौक क्या हैं?
दिनेश जी : खूब पढना, अच्छा ललित, अर्धशास्त्रीय और शास्त्रीय संगीत सुनना, बढ़िया स्वादिष्ट भोजन करना और कॉफी पीना, दोस्तों के साथ मटरगश्ती, खूब बातें और बहस करना, सामाजिक मुद्दों पर समाज में सक्रिय भागीदारी निभाना, फोटोग्राफी, लेखन आदि शौक हैं। जब जिस का अवसर मिल जाता है वही कर लेता हूँ। जब से इंटरनेट मिला है, लिखने का शौक खूब पूरा हो रहा है।
ताऊ : सख्त ना पसंद क्या है?
दिनेश जी : ये आप ने खूब पूछा, अब क्या बताऊँ? आप हँसेंगे, और जग भी हँसेगा।
ताऊ : फ़िर भी बताईये तो सही?
दिनेश जी : मुझे झूठ सख्त नापसंद है। यदि वह किसी को, किसी निरीह को भारी मुसीबत से बचाने के लिए न बोला गया हो। अब आप पूछेंगे कि मैं वकालत कैसे करता हूँ? तो कह रहा हूँ कि सच बोल कर अधिक अच्छी वकालत की जा सकती है।

ताऊ : चलिये आपने स्पष्टीकरण पहले ही दे दिया, वर्ना आजकल के जमाने में इस प्रोफ़ेशन के लोगों मे ऐसे लोग कम ही दिखाई देते हैं। अब ये बताईये कि आपको पसंद क्या है?
दिनेश जी : किसी के हक की लड़ाई लड़ना बहुत पसंद है।
ताऊ : आप काफ़ी अनुभवी हैं, तो कोई ऐसी बात जो आप हमारे पाठको से कहना चाहें?
दिनेश जी : पाठकों से यही कहना चाहूँगा कि जो कुछ भी पढ़ें, उस का आनंद लें और सजग हो कर आलोचनात्मक दृष्टिकोण से पढ़ें। लेखन बहुत अच्छा लगे तो उस की तारीफ करें, लेकिन बहुत अधिक नहीं। कुछ खटके तो अवश्य लिखें और संवाद बनाए रखें, उसे तोड़ें नहीं।
ताऊ : हमने सुना है आपने विद्यार्थी जीवन मे कोई हाईड्रोजन बम का विस्फ़ोट कर दिया था?
दिनेश जी : अरे ताऊ आप भी क्यों मजे ले रहे हो? अपनी वो मूर्खता भी आपको बता ही देता हूँ।
ताऊ : जी बताईये?
दिनेश जी : ग्यारहवीं में रसायन विज्ञान की प्रायोगिक परीक्षा थी। हाईड्रोजन गैस बनाने का उपकरण तैयार कर, जस्ते और सल्फ्युरिक अम्ल के संयोग से हाइड्रोजन बना कर दिखानी थी। उपकरण सही सही तैयार किया। कीप से अम्ल भी डाला। उस ने जस्ते से क्रिया कर के गैस भी बनाई, जो बनती दिखाई भी दे रही थी। पर वह संकलक में नहीं आ रही थी।
ताऊ : अच्छा फ़िर क्या हुआ?
दिनेश जी : मुझे कुछ समझ नहीं आया। फिर जो समझ आया, वह यह था कि उस्ताद तुम बोतल के डट्टों को मोम से सील करना भूल गए।
ताऊ : फ़िर क्या किया आपने?
दिनेश जी : किया क्या? हमने झट मोमबत्ती जलाई और लगे टपकाने मोम, डट्टों के जोड़ों पर। पर वहाँ से हाइड्रोजन रिस रही थी। बस क्या था? मोमबत्ती की लौ से संपर्क में आते ही विस्फोट हो गया। धमाके के साथ डट्टा उसमें लगी शीशे की ट्यूबों समेत उड़ा और प्रयोगशाला की छत पर जा चिपका।
ताऊ : अरे रामराम..! ये तो बहुत बुरा हुआ? आगे क्या हुआ?
दिनेश जी : सैकंडों में ही दूसरा धमाका हुआ, जो मेरी खोपड़ी के भीतर हुआ था।
ताऊ : आपकी खोपडी के भीतर? भई ये क्या हमारी तरह पहेलियां बुझा रहे हैं आप? साफ़-साफ़ बताईये?
दिनेश जी : साफ़-साफ़ ही बता रहा हूं. मुझसे चार फुट दूरी पर ही रसायन विज्ञान के अध्यापक जी खड़े थे। उन्हों ने जोर से सर पर चपत लगाई। उसी चपत का धमाका था, ये दूसरा।
ताऊ : ओह.. हम तो डर ही गये थे। फ़िर क्या हुआ?
दिनेश जी : तो अध्यापक जी बोले -मुझे पता था कि ज्यादा होशियार विद्यार्थी जरूर ऐसी बेवकूफियाँ करते हैं, इसलिए पीछे ही खड़ा था। कभी ऐसी बेवकूफी, कहीं काम के दौरान मत कर देना, वर्ना बहुतों की जान ले बेठोगे। तब से किसी भी काम को करने के पहले सावधानियों पर ध्यान देना सीख गया। पर जीवन में फिर भी असावधानियाँ तो होती ही हैं।
ताऊ : आपने बताया कि आपका बचपन बाराँ मे बीता। वहां की यादों मे आपको अब क्या दिखाई देता है?
दिनेश जी : ताऊ जी ! आप तो जानते ही हैं कि बचपन की यादें अमिट होती हैं। मैं साफ़ देख पा रहा हूं कि यह बारहमासी छोटी नदी बाणगंगा के किनारे बसा एक छोटा नगर है। जो अपनी अनाज मंडी के लिए प्रसिद्ध है। इस नदी से आधा मील दूर एक और बारहमासी नदी बहती थी। मेरी स्नातक तक की पढ़ाई यहीं हुई।
ताऊ : और क्या देख पारहे है इस अतीत में?
दिनेश जी : मैं देख रहा हूं बरसात होते ही बाजारों में पानी तेज नदी की तरह बह रहा है हम बच्चे उस में कागज की नावें छोड़ रहे हैं और उन्हें धार के साथ तेजी से बहते देख खुश हो तालियाँ बजा रहे हैं। जब तक नगर के मुख्य चौराहे पर पाँच-सात फुट पानी न भर जाता, तब तक इस नगर में यह नहीं माना जाता कि इस साल बरसात हुई है।
ताऊ : अच्छा..!
दिनेश जी : हां बरसात में दोनों नदियाँ एक हो जाती थीं। जिसे देखने जाया करते थे। नगर के लोग बाढ़ पीड़ितों को सहायता पहुँचाने के लिए सरकार की तरफ न ताकते थे। जब तक पानी न उतरता, और डूब के घरों में खाना न बनता।
ताऊ : खाना न बनता? मतलब?
दिनेश जी : मतलब कि उनको खाना शहर वाले ही पहुंचाते थे.
ताऊ : वाह! ये तो बहुत गहन भाईचारे की बात हुई? बहुत अच्छा लग रहा है आपके नगर के बारे में जानकर। और बताईये वहां के बारे में।
दिनेश जी : दोनों नदियों के किनारे खूब खजूर के वृक्ष थे, जिन की खजूरें हर तोड़ गिराने वाले के लिए मुफ्त थीं। हर बच्चा स्वतः ही तैरना सीख जाता था। नगर में तीन बड़े मंदिर थे। जिन में से एक में मुझे पन्द्रह साल से अधिक रहने को मिला।

ताऊ : जी और बताईये।
दिनेश जी : अपनी संस्कृति के प्रति नगरवासियों में बहुत अनुराग था। देवशयनी एकादशी से होने वाला यहाँ का डोल मेला खूब प्रसिद्ध है, तो यहाँ के ताजिए भी उतने ही दर्शनीय हैं। दोनों धर्मों के लोग दोनों ही आयोजनों में खूब शरीक होते हैं।
ताऊ : यानि काफ़ी सांप्रदायिक सदभाव वाला शहर है वो?
दिनेश जी : जी, बिल्कुल। कभी कोई वैमनस्यता उत्पन्न करने का प्रयत्न करता है, तो उसे मुहँतोड़ जवाब भी देते हैं। एक ही स्थान पर कल्याणराय जी का मंदिर, उस की पीठ से चिपकी मस्जिद, फिर चौक और चौक के उस पार गुरुद्वारा और उत्तर में दाऊदियों की मस्जिद एक ही स्थान पर हैं। जैसे कोई तीर्थ हो।
ताऊ : वाह! यह तो बहुत अनुकरणीय है। यानि सभी एक दूसरे के धर्मों की भी कद्र करने वाले हैं?
दिनेश जी : जी बिल्कुल. मेरे घर रामायण पाठ है, तो शब्बर-मियाँ उस का न्यौता देने सब के यहाँ जा रहे हैं और सारी रात नौजवानों की मंडली के साथ रामायण पाठ में मौजूद हैं। शब्बर मियां के यहाँ कुछ है, तो मेरा भाई आयोजन की सफलता में जुटा है।

ताऊ : वाह..! कमाल के लोग हैं आपके शहर के। बिल्कुल आदर्श नागरिक?
दिनेश जी : जी, यहाँ तक कि, शब्बर मियाँ मेरे यहाँ से वाल्मिकी रामायण अपने अब्बा को पढ़ाने को ले जाते हैं, तो मुझे पढ़ने के लिए क़ुरआन का हिन्दी पाठ ला देते हैं। मुझे तो मेरे इस जन्मस्थान से बड़ा कोई तीर्थ नहीं दीखता।
ताऊ : यानि यह बडा सुखद रहा कि आपका बचपन एक बहुत ही शानदार जगह गुजरा? अब भी सब वैसा ही है? खासकर वो नदी..? खजूर के पेड..?
दिनेश जी : ताऊ इसी बात का दुःख होता है. यह सोचते हुए कि दोनों नदियाँ अब बारहमासी तो क्या? नदियाँ ही नहीं रहीं। उन्हों ने नालों की शक्ल अख्तियार कर ली है। खजूरों के वृक्ष तलाश करने पर दीख पड़ते हैं। पर खुशी इस बात की है कि अभी भी डोलयात्रा के विमान और ताजिए उसी तरह निकल रहे हैं।
ताऊ : आपका, मेरा मतलब आपके पिताजी का संयुक्त परिवार था?
दिनेश जी : आँख खुली तो संयुक्त परिवार ही देखा। दादा जी, उन के भाई, यहाँ तक की चार पीढ़ी ऊपर के रिश्ते के भाई सब एक साथ रहते।

ताऊ : अच्छा, यानि बहुत बडा परिवार है आपका?
दिनेश जी : पर अब सब नौकरियों पर जा जा कर अलग हो गए। नए जमाने ने और रोजगार ने सब को अलग कर दिया। अब संयुक्त परिवार तो सपना भर रह गया है। बच्चे ही एक-एक दो-दो हैं। संयुक्त परिवार तो हमेशा से ही अच्छा और लाभदायक है, हर संकट पूरा परिवार एक साथ रह कर झेल जाता है। लेकिन वह तभी संभव है जब, सब एक नगर या गांव में रह सकें।

ताऊ : आप ब्लागिंग का भविष्य कैसा देखते हैं?
दिनेश जी : बहुत उज्जवल है। यह एक ऐसा माध्यम विकसित हुआ है, जहाँ हर कोई अपनी अभिव्यक्ति के लिए स्वतंत्र है। कुछ भी अभिव्यक्त कर सकता है। यहाँ अनुशासन भी आ लेगा। क्यों कि जो अभिव्यक्ति सामाजिक नहीं होगी, लोग उसे अस्वीकार कर देंगे और ऐसे लोग स्वतः ही नकार दिए जाने के कारण छंट जाएँगे। फिर भी हर तरह के नए लोग आते-जाते रहेंगे।
ताऊ : आप कब से ब्लागिंग मे हैं?
दिनेश जी : मैं अक्टूबर 2007 से ब्लागिंग में हूँ।
ताऊ : ब्लागिंग में आना कैसे हुआ?
दिनेश जी : मैं ने नेट पर साहित्य तलाशते हुए हिन्दी ब्लागिंग को देखा और टिप्पणियाँ करने लगा। बस एक दिन अनूप शुक्ला जी से कुछ पूछ बैठा था।
ताऊ : और उन्होने आपको उकसा दिया होगा?
दिनेश जी : (हंसते हुये...) ये आपने सही पकडा. उन्हों ने मुझे ब्लागिंग के लिए उकसाया, और मैं तो जैसे उकसने को तैयार ही बैठा था। मेरा लेखन वकालत के व्यवसाय की व्यस्तता ने बंद ही कर दिया था। ब्लागिंग ने ही उसे पुनर्जीवित किया है। मेरा ब्लागरी का अनुभव बहुत अच्छा रहा है।
ताऊ : आपका लेखन आप किस दिशा मे पाते हैं?
दिनेश जी : बिलकुल सही दिशा है। मनुष्य ने समाज के विकास की अनेक मंजिलें तय की हैं। वह अगली मंजिल की तलाश में है। उस के पास उस के बहुत से मानचित्र हैं, पर अभी कोई अन्तिम नहीं हो रहा है। अभी प्रयोग चल रहे हैं। जिस दिन सही मानचित्र मिल जाएगा, उसी दिन वह विकास की अगली मंजिल में प्रवेश कर जाएगा। सब सक्रिय और ईमानदार लोग उसी की तलाश में हैं। मानचित्र के लिए सब खूब लड़ते हैं, झगड़ते हैं, लेकिन मंजिल एक ही है। जब सही मानचित्र मिल लेगा, तो ये उस पर मकान बनाने के लिए एक साथ जुटे होंगे।
ताऊ : क्या राजनीति में भी आप रुचि रखते हैं?
दिनेश जी : जी हाँ, राजनीति में बहुत रुचि है। किशोरावस्था में ही खूब बहसें किया करता था। वास्तव में समाज में कोई भी बड़ा बदलाव राजनीति के बिना ला पाना संभव नहीं है। मनुष्य का कोई भी सामाजिक क्रियाकलाप राजनीति से परे नहीं होता।

ताऊ : आप इसमें कैसे सहयोग करते हैं?
दिनेश जी : मुझे लोगों को संगठित करना और उन के हकों की लड़ाई लड़ाना अच्छा लगता है। वर्तमान की सारी दलदगत राजनीति मौजूदा सत्ता की राजनीति है।
ताऊ : इसमे जनता का क्या रोल है?
दिनेश जी : बहुत ज्यादा, बल्कि कहना चाहिये कि मुख्य रोल ही जनता का है। जनता खुद अपने संगठनों में संगठित नहीं है। जब वह अपने संगठनों में संगठित हो लेगी, और अपने निर्णय अपने सामूहिक हितों को देख कर लेने लगेगी, तो नई और सही राजनीति विकसित होगी। आज ही मुझे एक मेल मिला है जिस में दिल्ली में किसी एक वार्ड को अनेक भागों में बाँट कर वहाँ के मतदाताओं को संगठित करने के प्रयास का उल्लेख है। यह सही राजनीति है। ऐसा ही करने को मैं भी अपने मित्रों के साथ प्रयत्नशील रहा हूँ और अनेक संगठन बनाए हैं। लेकिन मूलतः प्रवृत्ति सांस्कृतिक होने से सांस्कृतिक संगठनों में सक्रिय रह पाता हूँ।

ताऊ : कुछ अपने स्वभाव के बारे मे बताईये?
दिनेश जी : सामान्यतः शांत और सहयोगी हूँ और कुछ मजाहिया भी, पर सब की मजाक करने के पहले खुद की मजाक बनानी पड़ती है। लोग कहते हैं, मुझे कभी कभी जोर गुस्सा का आता है, लेकिन केवल मिनटों के लिए। मेरे एक दिवंगत बुजुर्ग वकील साथी शरीफ मोहम्मद जी तो अक्सर कहते थे -आप को गुस्से में देखे बहुत दिन हो गए। और मैं कहता क्या मुझे गुस्सा भी आता है? वे कहते -देखने लायक होता है।
श्रीमती और श्री दिनेश राय द्विवेदी, पुत्र और पुत्री के साथ

ताऊ : आपकी धर्मपत्नी के बारे मे कुछ बताईये?
दिनेश जी : मेरी पत्नी 'शोभा', बहुत अच्छी गृहणी हैं। जिन्हों ने हर कष्ट और खुशी में मेरा साथ दिया है। हमारे घर, परिवार को संवारा है। मुझे एक पुत्री और पुत्र का पिता बनने का सौभाग्य दिया है। दोनों बच्चों को भले संस्कार दिए हैं,उन्हें योग्यतम बनाने और अपने पैरों पर खड़ा करने में कोई कसर नहीं छोड़ी है। हर किसी की, हर संभव मदद करने को तैयार रहती हैं।

ताऊ : ब्लागर्स से मेरा मतलब हिंदी ब्लागर्स से आप कुछ कहना चाहेंगे?
दिनेश जी : मैं तो यही कहना चाहता हूँ कि यदि आप बेईमान हैं और किसी खास इरादे से ब्लागरी में ब्लागर या पाठक के रूप में मौजूद हैं तो मुझे कुछ नहीं कहना है। लेकिन यदि मानव समाज को बेहतर मंजिल में ले जाना हमारा ईमानदार उद्देश्य है, तो उस के लिए ईमानदारी से कृतियों का सृजन करें। सब को मित्र समझें। वाद-विवाद अवश्य करें लेकिन आपस में वैमनस्य न बढ़ाएँ। भाषा को ऐसा बनाए रखें कि उस के कारण कोई अपमानित न हो, न महसूस करे।
ताऊ : ताऊ पहेली के बारे मे आप क्या कहना चाहेंगे?
दिनेश जी : अरे! बहुत मजेदार है, और लोगों का ज्ञान बढ़ा रही है। बस इस में ये टाइम वाला लोचा है। हम अक्सर उसी में पिछड़ जाते हैं। पर लोचा ठीक है किसी तरह तो प्रथम का चुनाव करना पड़ेगा। हमें रामप्यारी की पहेलियाँ भी खूब पसंद हैं। गणित के सवाल करने में तो बहुत मजा आता है।
ताऊ : अक्सर पूछा जाता है कि ताऊ कौन? आप क्या कहना चाहेंगे?
दिनेश जी : वो तो हम जानते हैं, लेकिन बताएँगे नहीं। वरना सारा मजा चला जाएगा। वैसे ताऊ वो, जो बिना बात भी मजमा लगा ले!

ताऊ : ताऊ साप्ताहिक पत्रिका के बारे में आप क्या सोचते हैं?
दिनेश जी : बहुत सुंदर पत्रिका है। पढ़ने को समय चाहती है। ब्लाग पाठक अधिक देर रुकता नहीं है। मैं तो फुरसत में पढ़ता हूँ उसे।
ताऊ : अगर आपको भारत का कानून मंत्री बना दिया जाये तो आप क्या करना चाहेंगे?
दिनेश जी : बहुत मजाहिया सवाल है। आप वो पूछ रहे हैं जो हो नहीं सकता। फिर भी ऐसा हो जाए तो सब से पहले प्रधानमंत्री को कहूँगा कि सुप्रीम कोर्ट और हाई कोर्ट में जजों की संख्या दुगनी करने के लिए पंचवर्षीय योजना बनाइए। योजना बन जाने पर उसे तत्परता से लागू करने का प्रयत्न करूंगा। राज्यों के मुख्यमंत्रियों को बुला कर कहूँगा कि वे भी पाँच सालों में अधीनस्थ न्यायालयों की संख्या कम से कम चार गुना करने की पंचवर्षीय योजना बनाएँ और उसे हर हालत में लागू करें। ऐसी हालत हो कि कोई भी मुकदमा दो वर्ष से अधिक किसी अदालत में लम्बित नहीं रहे। मुकदमों के निपटारे में देरी से देश में अराजकता फैल रही है और राज्य और उस के न्याय पर से विश्वास उठ जाने के कारण आतंकवाद, नक्सलवाद और विभाजनवाद को पनपने का अवसर प्राप्त होता है। साथ ही देश में अपराध तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। इन सब को रोकने में इस से मदद मिलेगी।
अंत मे " एक सवाल ताऊ से"....

सवाल दिनेश जी का : मुझे तो एक बात बता दीजिए कि आप पैदायशी ताऊ हैं या ताऊपने की किसी से दीक्षा ली है? दीक्षा ली तो वो गुरू कौन है?

जवाब ताऊ का :आपके सवाल के उत्तर में पहले एक सवाल मैं पूछना चाहूंगा कि क्या आप गधे को घोडा बना सकते हैं? आप कहेंगे नही. क्योकि घोडे के लिये उसका पैदायशी घोडा होना जरुरी है फ़िर आप उसको ट्रेनिंग देकर संवार सकते हैं. ठीक इसी तरह ताऊ होने के लिये कुछ पैदायशी ताऊपने के गुण होने चाहिये.

अब आपके सवाल का दूसरा हिस्सा - जहां तक दीक्षा की बात है तो जीवन मे एक से बढकर एक ताऊ मिले हैं और हर ताऊ कुछ ना कुछ सिखा गया. जैसा कि आप भी जानते ही हैं कि यहां ब्लागजगत मे भी मेरे दो गुरु हैं, और ब्लागिंग मे मुझे हर प्रकार की दीक्षा इन दोनों से मिली है. पहले ब्लागिंग कि दीक्षा मिली माननिय गुरुदेव समीरलालजी से और दूसरी दीक्षा मिली आदरणीय गुरुदेव डा. अमरकुमार जी से. इन दोनों का मैं हृदय से आभारी हूं.

तो ये थे हमारे आज के मेहमान दिनेशराय जी द्विवेदी . आपको इनसे मिलकर कैसा लगा? अवश्य बताईयेगा।

परिचयनामा : श्री विवेक रस्तोगी

आईये आज के परिचयनामा मे हम आपको मिलवाते हैं श्री विवेक रस्तोगी से. जिनके ब्लाग कल्पतरु से तो आप भलीभांति वाकिफ़ ही हैं जहां आजकल कालीदास और मेघदूतम की सुंदर चर्चा चल रही है. तो आईये विवेक रस्तोगी साहब. आपका ताऊ स्टूडियो में स्वागत है.

श्री विवेक रस्तोगी का इंटर्व्यु लेते हुये ताऊ

ताऊ : हां तो विवेक जी, सबसे पहले ये बताईये कि आप कहां के रहने वाले हैं?
विवेक रस्तोगी : ताऊजी, मैं महाकाल की नगरी उज्जैन का रहने वाला हूँ.

ताऊ : फ़िर तो आप महाकाल के परम भक्त होंगे?
विवेक रस्तोगी : जी बिल्कुल इसलिये महाकाल का भक्त हूँ, चूँकि शिवजी सबसे बड़े वैष्णव हैं इसलिये अब हम भी वैष्णव हैं और कृष्ण जी का स्मरण करते हैं.

ताऊ : यानि आप बडे आध्यात्मिक विचारों के हैं?
विवेक रस्तोगी : जी वैसे तो मैं शुरु से ही आध्यात्मिक प्रवृत्ति का हूँ पर आजकल भगवान के लिये समय कम ही निकाल पाते हैं, पर जब भी मौका मिलता है सीधे भगवान के पास दौड़े चले जाते हैं अपने आप को भगवान से जोड़ने के लिये।
ताऊ : जी यह तो सही है पर आप अभी वर्तमान मे क्या करते हैं?
विवेक रस्तोगी : मैं मुंबई में सोफ़्टवेयर कंपनी में नौकरी करता हूँ और लगभग ४ सालों से मुंबई में रह रहा हूँ और अब मुंबई छोड़कर कोई दूसरा शहर अच्छा भी नहीं लगता है।

ताऊ : अपने जीवन की सबसे अविस्मरणीय घटना आप किसे मानते हैं ?
विवेक रस्तोगी : मेरे बेटे का मेरे जीवन में आना।

ताऊ : आपके शौक क्या हैं?
विवेक रस्तोगी : साहित्य पढ़ना, साहित्यिक भाषा सुनना

Rohtang Pass Manali

रोहतांग पास पर

Tajmahal1

ताजमहल आगरा (1 )

Tajmahal2

ताजमहल आगरा ( 2 )


ताऊ : सख्त ना पसंद क्या है?
विवेक रस्तोगी : बेईमानी, उच्छश्रंखलता, अनुशासनहीनता

ताऊ : आपको पसंद क्या है?
विवेक रस्तोगी : ईमानदारी, अनुशासन

ताऊ : हमारे पाठकों से क्या कहना चाहेंगे?
विवेक रस्तोगी : अपने मन की बात टिप्पणी में टिपियाते रहिये और उत्साहवर्धन करते रहिये।

ताऊ : हमने सुना है कि आप बचपन मे बहुत शरारती थे?
विवेक रस्तोगी : जी, यह सही है. शरारत का कोई मौका नही छोडा.

ताऊ : हमने सुना है कि आपने एक बार स्कूल के अपने सहपाठियों को जहरीले काजू खिलवा दिये थे?
विवेक रस्तोगी : नही हमने नही खिलवाये थे. वो ऐसा हुआ था कि जब हम पांचवी कक्षा में पढ़ते थे तो स्कूल के बाहर ही कुछ कंटीली झाडि़यां लगी हुई थी और उसमें कुछ फ़ल लगे हुए थे.

ताऊ : जी, आगे बताईये.
विवेक रस्तोगी : तो हम उनको फ़ोड़ कर देखने लगे कि ये क्या है और अंदर से निकला काजू, अरे अब तो हमारे मजे आ गये कि काजू खाने को मिल रहे हैं और किसी को भी पता नहीं है।

ताऊ : काजू? और वो भी झाडी में..भाई काजू का तो अच्छा खासा पेड होता है.
विवेक रस्तोगी : अरे ताऊजी, आप सुनिये तो सही.

ताऊ : ठीक है सुनाईये.
विवेक रस्तोगी : बस फ़िर क्या था... हमने अपनी मित्र मंडली को बुलाया कि आओ आज तुम सबको काजू खिलाते हैं और देखते ही देखते हमारे स्कूल के बच्चों की भीड़ लग गई काजू खाने के लिये।

ताऊ : अच्छा...?
विवेक रस्तोगी : हमने थोड़े ही खाये क्योंकि हमें ज्यादा अच्छे नहीं लगते थे और कुछ अपनी जेब में भरकर घर पर ले गये कि अपने छोटे भाई को भी खिलायेंगे।

ताऊ : बहुत बढिया..फ़िर आगे क्या हुआ?
विवेक रस्तोगी : घर पहुंचते ही हमारी मम्मी ने देख लिया कि ये कुछ लाया है और उन्होंने देखा तो उनका गुस्सा सातवें आसमान पर था कि ये कहां से लाया और तूने कितने खाये?

ताऊ : यानि उनको पता चल चुक था?
विवेक रस्तोगी : नही, हमें यह लगा कि इन्हें लग रहा होगा कि हमने पैसे चोरी करके काजू लिये हैं, इसलिये हमने वो सारे फ़ल फ़ेंक दिये।

ताऊ : फ़िर आगे क्या हुआ?
विवेक रस्तोगी : होना क्या था ताऊजी? थोड़ी देर बाद ही हमारी तबियत खराब होने लगी “उल्टी दस्त” जबरदस्त होने लगे फ़िर हमें डाक्टर के पास ले जाया गया.

ताऊ : ओहो...यानि काजूओं का असर शुरु हो चुका था? डाक्टर साहब क्या बोले?
विवेक रस्तोगी : वो हमारे पारिवारिक डाक्टर थे. उन्होंने सीधे पूछा क्यों “उल्टी दस्त” हो रहे हैं न ? हमारे पापा और मम्मी तो डाक्टर साहब का चेहरा देखते रह गये कि इनको कैसे पता चला, और सीधा मुझसे पूछा क्यों कितने काजू खाये।
ताऊ : अच्छा..
विवेक रस्तोगी : फ़िर डाक्टर साहब बोले उस स्कूल के ५० से ज्यादा बच्चे आ चुके हैं और ३५ से ज्यादा बच्चों को ग्लूकोज चढ़ रहा है अब तो तुम को भी चढ़ाना पड़ेगा हमारी तो हालत खराब कि ये क्या हो गया।
ताऊ : यानि आपको भी ग्लुकोज चढाना पडा?
विवेक रस्तोगी : ना ताऊजी, चूँकि हमने ज्यादा काजू नहीं खाये थे इसलिये हमें केवल गोली दी गई और हम हाथ में सुईं से ग्लूकोज लगवाने से बच गये।
ताऊ : पर उस काजू का रहस्य हमको अभी तक समझ मे नही आया?
विवेक रस्तोगी : ताऊजी दरअसल वो “काजू” सा दिखने वाला फ़ल “अरंडी” का फ़ल था जो कि फ़ोड़ने पर काजू होने का अहसास दे रहा था।
ताऊ : अच्छा..अच्छा यह रहस्य था उस काजू का? खैर ये बताईये कि आप मूलत: भी उज्जैन के ही रहने वाले हैं?
विवेक रस्तोगी : ना ताऊजी, हम मूलत: परीक्षितगढ़, जिला मेरठ से हैं.
ताऊ : आप कभी गये वहां?
विवेक रस्तोगी : वहां तो हम बस बचपन में गये थे और अब यादें शेष हैं। और एक बात बताऊं आपको?

 

lucknow bhool bhulaiyaa

 भूलभुलैया लखनऊ में

lucknow in rikshaw with friends

दोस्तों के साथ रिक्शा मे लखनऊ की सडकों पर


ताऊ : अरे भाई हमने आपको बुलाया किसलिये है यहां? आप तो एक क्या दस बातें बताओ जी.
विवेक रस्तोगी : धन्यवाद ताऊजी, हम राजा हरिशचंद्र के वंश के हैं और परीक्षितगढ़ (राजा परीक्षित के नाम पर, जो कि अर्जुन के पौत्र थे) पूरा गांव हमारे पूर्वजो का था पर अब वहां बहुत कम लोग बचे हैं, सब रोजगार के लिये अपनी जड़ से दूर हो गये हैं।
ताऊ : वाह जी यह तो बहुत बढिया बात बताई आपने. खैर ये बताईये कि आपका संयुक्त परिवार है या एकल?
विवेक रस्तोगी : हाँ ताऊजी, हम संयुक्त परिवार में ही रहते हैं और इसके अगर फ़ायदे हैं तो नुक्सान भी हैं पर मैं केवल इतना ही कहना चाहुँगा कि सामंजस्य के साथ रहना पड़ता है ओर बहुत सारे समझौते भी करना पड़ते हैं।
ताऊ : फ़िर भी..कैसा लगता है?
विवेक रस्तोगी : इस भागती दौड़ती जिंदगी में यह है कि कम से कम सब एक दूसरे को देख पाते हैं और थोड़ा बहुत बात करने का समय भी निकाल पाते हैं।
ताऊ : आप ब्लागिंग का भविष्य कैसा देखते हैं?
विवेक रस्तोगी : यह बिल्कुल ही नया रोजगार का अवसर उपलब्ध करावायेगा जिसके बारे में आज शायद कोई सोच नहीं रहा है। क्योंकि इससे आम आदमी के बीच का लेखक निकल कर आयेगा। भविष्य में फ़ुलटाईम ब्लोगिंग करने की योजना है।

ताऊ : आप कब से ब्लागिंग मे हैं?
विवेक रस्तोगी : मैं ब्लागिंग में जून २००५ से हूँ और शौक शौक में ब्लाग बनाया था कि चलो कोई तो मंच ऐसा मिला जहां पर अपनी बातें दुनिया को बता सकते हैं।
ताऊ : कैसे लगा ब्लाग ब्लाग बनाकर लिखना? और क्या सतत लिखा आपने?
विवेक रस्तोगी : शुरु में जब लिखना शुरु किया तो इतना उत्साह नहीं था फ़िर अपनी नौकरी में इतना व्यस्त हो गये कि लिखने के लिये समय ही नहीं निकाल पाते थे पर इस वर्ष से हमने प्रण किया कि लेखन के लिये समय निकालेंगे और सतत लेखन करेंगे।
ताऊ : आप ब्लागिंग मे आये कैसे?
विवेक रस्तोगी : ताऊजी, ब्लागिंग में हमारा आना भी एक संयोग है, एक हमारे बैंक के मित्र थे वो जून २००५ में हमसे बोले कि यार ये हिन्दी में कुछ ब्लोग वगैराह का नया फ़ण्डा चल रहा है इसके बारे में बताओ कि ये क्या चीज है.
ताऊ : तब आपने पता किया होगा?
विवेक रस्तोगी : हां तब हमने शोध किया और परिणाम उनको बताया अपना ब्लाग बनाकर, बस तब से हम ब्लागर बन गये। हालांकि हमारे मित्र की जि‌ज्ञासा तो शांत हो गये पर वो ब्लागर नहीं बने।
ताऊ : आपका लेखन आप किस दिशा मे पाते हैं?
विवेक रस्तोगी : मैं कोशिश करता हूँ कि एक दिशा में अपना लेखन जारी रखूँ और सबको कुछ नयी तकनीकी जानकारी देता रहूँ. पर इसके शोध के लिये समय निकालना बहुत मुश्किल हो जाता है.
ताऊ : पर आप तो अलग अलग विषयों पर लिखते हैं?
विवेक रस्तोगी : हां ताऊजी, मन तो ७ घोड़ों की तरह ७ दिशाओं में भागता है इसलिये किसी एक दिशा में लेखन नहीं कर पा रहे हैं, खिचड़ी जैसा सब विषयों पर लेखन जारी है। कोशिश करेंगे कि कुछ एक दो विषय पर ही सतत लिखते रहें, जैसे कि पारिवारिक प्रबंधन, वित्त प्रबंधन, तकनीक।
ताऊ : क्या राजनिती मे आप रुची रखते हैं?
विवेक रस्तोगी : हां जी, बिल्कुल रुचि रखते हैं और सोचते हैं कि काश इसमें आने की भी कोई परीक्षा होती जिससे सब अच्छे लोग ही राजनीति में होते।

Boudh monesty at Manali

 रस्तोगी दंपति बौद्ध मोनेस्ट्री मनाली में

Mandav Bajbahadur mahal

विवेक रस्तोगी बाजबहादुर मांडव में (नेपथ्य में रुपमती पेवेलियन)

youngerbrothermarriagefoto with wife and son

श्रीमती और श्री विवेक रस्तोगी छोटे भाई की शादी में 


ताऊ : कुछ अपने स्वभाव के बारे मे बताईये.
विवेक रस्तोगी : आध्यात्मिक हूँ, सहज ही किसी पर भी विश्वास कर लेता हूँ।
ताऊ : आपकी धर्मपत्नि के बारे मे कुछ बतायेंगे?
विवेक रस्तोगी : ताऊ जी, मेरी धर्मपत्नि का नाम वाणी रस्तोगी है और उन्होंने एम.ए. तक अध्ययन किया है, मूलत: धौलपुर राजस्थान की रहने वाली हैं और घर संभालती हैं।
ताऊ : ताऊ पहेली के बारे मे आप क्या कहेंगे?
विवेक रस्तोगी : यह एक दिमाग चकरा देने वाली पहेली है कई बार तो ताऊ आप बहुत ही कठिन पहेली पूछ लेते हो, चलो इस बहाने दिमाग पर कुछ तो जोर देना पड़ता है।
ताऊ : अक्सर पूछा जाता है कि ताऊ कौन? आप क्या कहना चाहेंगे?
विवेक रस्तोगी : ताऊ मतलब जिम्मेदार व्यक्ति, आप ब्लोगजगत के ताऊ हो।
ताऊ : ताऊ साप्ताहिक पत्रिका के बारे मे आप क्या सोचते हैं?
विवेक रस्तोगी :यह एक बहुत ही अच्छी पत्रिका है जिससे बहुत सारा ज्ञान अर्जित होता है।

अंत मे " एक सवाल ताऊ से"
सवाल विवेक रस्तोगी का : ताऊ का चरित्र गढ़ने के पीछे क्या राज है?
जवाब ताऊ का : आज परिस्थितिवश हर इंसान गंभीरता का शिकार होगया है, कुछ इसे जबरन ओढकर रखते हैं. ऐसे मे यह चरित्र खुद पर ही व्यंग करके गंभीरता को तोडने की एक छोटी सी कोशीश करता है. बच्चे, बूढे, जवान, महिला और पुरुष यानि की सभी ने इसे पसंद किया है, एक मुस्कान ताऊ के नाम से ही उनके होंठो पर आजाती है. बस इस चरित्र को गढने का उद्देष्य पूरा हुआ.

तो ये थे हमारे आज के मेहमान. इनसे मिलकर आपको कैसा लगा? अवश्य बताईयेगा.

परिचयनामा : श्री अविनाश वाचस्पति

आईये आज के परिचयनामा में हम आपको मिलवाते हैं एक ऐसे शख्स से..जिसको आप नहीं जानते हों? ऐसा तो हो नही सकता. आपको जहां भी कहीं छंदमयी टिप्‍पणियां दिखें...अजी दिखें क्या बल्कि हर जगह बिखरी पडी मिलेंगीं. समझ लीजिये उसी शख्सियत का नाम है श्री अविनाश वाचस्पति. इनसे हमको हर सवाल का जवाब मिला पर हर जवाब में एक प्रतिप्रश्न अवश्य मुंह बाये खडा था. आप भी पढिये इस सारी गुफ़्तगू को, जो कि ताऊ स्टूडियो मे सम्पन्न हुई.
श्री अविनाश वाचस्पति का इंटर्व्यु लेते हुये ताऊ

ताऊ : अविनाश जी कुछ अपने बारे में बताईये?
अविनाश जी : ताऊजी सीधे से कहिए न कि अपना गुणगान करना है।
ताऊ : जी ठीक है..ऐसा ही समझ लीजिये.
अविनाश जी : हूं..तो... झूठा करना है या सच्‍चा करना है?
ताऊ : जैसा आप चाहें? यह आपको मौका दिया जाता है.
अविनाश जी : ठीक है जब आप मौका ही दे रहे हैं तो भरपूर करना है। वैसे मैं भारत से ही हूं।
ताऊ : श्रीमान जी, वैसे मैं भारत से ही हूं..का क्या मतलब?
अविनाश जी : अब इंटरनेट क्रांति के बाद यह कहूं कि इंटरनेटीय गांव से हूं तो अधिक उपयुक्‍त रहेगा ना।
ताऊ : आप करते क्या हैं?
अविनाश जी : करता वही हूं जो हर इंसान करता है। इसके अतिरिक्‍त अपना और परिवार का पेट भरने के लिए सरकारी नौकरी कर रहा हूं और दिमाग चलाने के लिए पाठन और लेखन में सक्रिय हूं।
ताऊ : आप किस तरह का लेखन करते हैं?
अविनाश जी : लेखन में कल्‍पना और सच दोनों। किसी से भी पक्षपात करना मुझे नहीं सुहाता है। कल्‍पना करने के लिए कविता है और सच्‍चाई कहने के लिए व्‍यंग्‍य। इसके अतिरिक्‍त भी अब कल्‍पना और सच्‍चाई का मिश्रित रूप ब्‍लॉग पोस्‍टों की टिप्‍पणियों के तौर पर प्रतिफलित होता है।

अलबेला क े साथ

श्री  अलबेला खत्री और श्री पवन चंदन के साथ

श्‍याम माथुर के साथ सिने पत्रकारिता पुस्‍तक पर प्रथम पुरस्‍कार से सम्‍मानित

श्री  श्याम माथुर के साथ

शेफाली पांडेय के

सु. शेफ़ाली पांडे के साथ



ताऊ : आपके जीवन की कोई अविस्मरणीय घटना बताईये?
अविनाश जी : जीवन ही अविस्‍मरणीय है तो घटनाएं सभी अविस्‍मरणीय ही होंगी। पर अधिकतर विस्‍मृत हो जाती हैं अविस्‍मरणीय होते हुए भी। क्‍योंकि दिमाग कोई कंप्‍यूटर की हार्ड डिस्‍क थोड़े ही है कि सब सुरक्षित रहेगा।
ताऊ : बात तो सही है. पर फ़िर भी?
अविनाश जी : देखिये ताऊजी, सुरक्षित रहने पर भी कई बार फॉर्मेट करना ही पड़ता है और दिमाग के साथ अपनी सीमाएं हैं, सब याद रखूं तो पागल हो जाऊंगा और मेरी पागल होने अथवा किसी को पागल करने की तनिक सी भी तमन्‍ना नहीं है।
ताऊ : तो फ़िर क्या चाहते हैं?
अविनाश जी : सबसे प्‍यार करना और प्‍यार पाना चाहता हूं और अपने प्रयासों में सफल भी रहता हूं।
ताऊ : आपके शौक क्या हैं?
अविनाश जी : शौकीन तो बहुत ही हूं मैं. अगर खुलकर कह दूं तो बड़े बड़ों को शोक लग जाएगा और मैं सबको अशोकी बनाने में विश्‍वास रखता हूं शोकग्रस्‍त करने में नहीं।
ताऊ : मतलब
अविनाश जी : मतलब साफ़ है इसलिए खुलासा नहीं करना चाहूंगा. मतलब पोल पट्टी तो बांधनी ही चाहिए चाहे अपनी हो या दूसरे की। पोल पट्टी खोलने से दूर ही रहता हूं।
ताऊ : जैसी आपकी मर्जी. कौन सी बात आपको पसंद नही है? यानि नापसंद है.
अविनाश जी : नापसंद करना ही सख्‍त नापसंद है। मुझे सब कुछ पसंद है। इसमें बुरी बातें भी हैं। बुरे कार्य भी हैं। इसका कारण अगर बुरी बातें या बुरे कार्य नहीं होंगे तो अच्‍छी बातों और कार्यों का वजूद ही नहीं रहेगा।
ताऊ : तो फ़िर आपको पसंद क्या है?
अविनाश जी : मुझे पसंद है पसंद मित्रता करना और निभाना। सबसे अधिक पसंद है।
ताऊ : और क्या पसंद है?
अविनाश जी :पसंद तो यह भी है कि चौबीसों घंटे पढ़ता लिखता रहूं और ऐसा संभव नहीं है। सुबह उठते ही अखबार पढ़ना पसंद करता हूं। नियम से 5 हिंदी अखबार तो चाहिए ही, एक दो और बढ़ जाएं तो और अच्‍छा लगता है।
ताऊ : कौन से अखबार पढते हैं? नाम बतायेंगे?
अविनाश जी : दैनिक भास्‍कर, हरिभूमि, जनसत्‍ता, नवभारत टाइम्‍स और सांध्‍य टाइम्‍स (पिछली शाम का जो अगली सुबह मेरे पास आता है).
ताऊ : और कोई विशेष पसंद?
अविनाश जी : अब ब्‍लॉगिंग महापसंदगी है मेरी।
ताऊ : हमारे पाठकों से कुछ कहना चाहेंगे?.
अविनाश जी : पाठकों से अधिकतर लेखक तो यही कहते हैं कि मेरी रचनाएं ही पढ़ो और खूब पढ़ो। पर मैं कहता हूं कि पढ़ो और जो अच्‍छा न लगे वो जरूर बतलाओ। चाहे अच्‍छा लगे वो न बतलाओ। इससे लेखन में सुधार आयेगा और गुणवत्‍ता में भी वृद्धि होगी।
ताऊ : आप सोचते हैं कि कोई ऐसा होगा जो आपको अच्छा नहीं लगे वो बतायेगा?
अविनाश जी : हां ये आपकी बात सही है. अधिकतर पाठक और मित्र भी कि कहीं बुरा न लग जाये इसलिए जो अच्‍छा लगता है वही बताते हैं और बुरे के बारे में जिक्र करने को गोल कर जाते हैं। वैसे इसके अपवाद भी हैं और ऐसे सच्‍चे मुझे सदा लुभाते हैं।
ताऊ : आप काफ़ी सुलझे हुये इंसान हैं. हमारे पाठकों को कोई विशेष टिप देना चाहेंगे?
अविनाश जी : लो जी ताऊ जी, करलो बात, आपके पाठकों को नहीं टिप दूंगा तो किसे दूंगा? आपने मुझे झाड़ पर जो चढ़ा दिया है तारीफ करके। मुझे गुदगुदी हो रही है ( वैसे कान में एक राज की बात बतलाऊं टिप तो वेटरों को दी जाती है। अब पाठकों को टिप दिलवाने पर, जरूर गिनीज बुक ऑफ वर्ल्‍ड रिकार्ड में नाम शुमार हो जाएगा ताऊ डॉट इन का। )
ताऊ : तो चलिये बताईये.
अविनाश जी : वो खास बात यह है कि आप लेखक हैं अथवा नहीं। परंतु अपने विचारों को भागने दौड़ने मत दें मतलब जब भी आपके मन में विचार आयें तो उन्‍हें लिख लें क्‍योंकि एक बार विचार आये और चले गये तो उनके लौटने की कोई गारंटी नहीं है। इसलिए विचारों को धन समझकर अवश्‍य संजो लेना चाहिए। विचार ही धन है। बिस्‍तर पर तकिये के साथ धर्मपत्‍नी के अलावा एक डायरी, पैन और टॉर्च अवश्‍य साथ रहती है जब भी विचारों का प्रकाश फैला, सचमुच की टॉर्च जलाई और नोट कर लिया। अखबार पढ़ते समय भी पैन और नोटबुक साथ रहती है, पता नहीं कब कौन सा यूनीक विचार कहां से प्रकट हो जाए तो उसे लुप्‍त होने से पहले ही नोटबुक में कैद कर लेता हूं और चाहता हूं सब ऐसा ही करें।
ताऊ : और लेखकों के लिए कुछ टिप उन्‍हें क्‍यों वंचित रखते हैं ?
अविनाश जी : जरूर, और लेखकों के लिए विशेष कि यदि अखबार अथवा पत्रिका जो भी जब भी पढ़ते हैं और उन्‍हें संजो कर रखते हैं कि इसे बाद में पढ़ेंगे तो उसे चिन्हित कर लें और अखबार या पत्रिका के पहले पन्‍ने पर उसका नंबर पैन से अवश्‍य लिख लें जिससे यदि दोबारा पढ़ने का मौका मिले तो यही न तलाशते रहें कि किसलिए इस अखबार को रखा था, कौन सा लेख या खबर पढ़नी थी। इससे समय भी बचता है। वैसे यह प्रबंध का मसला है। सभी को जिंदगी में ऐसे ऐसे सूत्रों को अपनाना चाहिये।

ताऊ : वाह अविनाश जी, आपने यह दोनों ही बहुत ही जोरदार और काम की महत्वपूर्ण बात बताई.
अविनाश जी : अब आप पूछेंगे तो हम तो काम की ही बात बतायेंगे हमेशा की तरह.
ताऊ : आप कहां के रहने वाले हैं?
अविनाश जी : मेरा जन्‍म तो उत्‍तम नगर, नई दिल्‍ली में हुआ है। इसलिए यही कहूंगा कि वही मेरा गांव है और वही मेरा शहर।
ताऊ : वाह बढिया नाम है उत्तमनगर?
अविनाश जी : वैसे उत्‍तम नगर में या कहीं भी आजकल उत्‍तम लोगों का अभाव है या यह कह सकते हैं कि सच्‍चे मन से तलाशें तो उत्‍तम लोग सब जगह हैं, सब जगह मिलते हैं, बस इस खोज को मनमाफिक परिणाम देने के लिए स्‍वयं को भी उत्‍तम होना होगा।
ताऊ : जी सही कह रहे हैं आप. यहां का विकास भी उत्तम ही हुआ है?
अविनाश जी : यहां के बारे में यही कह सकता हूं कि इसका भी उसी तेजी से विकास हुआ है जिस तेजी से बाकी दिल्‍ली का विकास हो रहा है। मेट्रो यहां भी गुजर रही है। भीड़ बढ़ रही है। गुजारा भी हो रहा है और लोग गुजर भी रहे हैं।
ताऊ : यानि आप दिल्ली के ही मूल निवासी हैं?
अविनाश जी : ना ताऊजी. हम आगरा में पैंतखेड़ा गांव के ऐसे निवासी हैं , जहां मैं एक बार भी नहीं गया हूं।
ताऊ : आपका संयुक्त परिवार है या एकल?
अविनाशजी :सेमी संयुक्‍त परिवार है। आजकल वैसे भी सेमी का ही जमाना है। जैसे सेमी वाशिंग मशीन वगैरह।
ताऊ : आपको कौन सा विकल्प ज्यादा फ़ायदे मंद लगता है?
अविनाश जी : ताऊजी , देखिये, संयुक्‍त परिवार के लाभों की तो तुलना ही नहीं की जा सकती है। पर सिर्फ चाहने से क्‍या होता है, एक चाहे, दूसरा न चाहे और दूसरा चाहे तीसरा न चाहे। वैसे सब सदा फायदेमंद की तलाश में ही क्‍यों लगे रहते हैं फायदेदार क्‍यों नहीं तलाशते ? ऐसे ही अक्‍लमंद बनना चाहते हैं अक्‍लतेज कोई नहीं बनना चाहता, ऐसा क्‍यों ताऊ जी ?
ताऊ : हां आपकी यह बात तो सही है.
अविनाश जी : इसलिए होता वही है जो चाहा न जाए। नफे नुकसान तो सभी में हैं। संयुक्‍त परिवार में भी नुकसान हैं और अकेले रहने में भी नुकसान हैं। वो तो जैसा नजरिया होगा और परिस्थितियां होंगी उसी पर सब निर्भर करता है।
ताऊ : आप ब्लॉगिंग का भविष्य कैसा देखते हैं?
अविनाश जी : ब्‍लॉगिंग का भविष्‍य तो गोल्‍डन डायमंड है इसमें कोई शक नहीं है। आपकी बातें बेरोकटोक वहां पर पहुंच रही हैं जहां तक आप सोच भी नहीं पा रहे हैं तो भविष्‍य में खुला खुला ही हुआ।
ताऊ : जी, आगे बोलिये.
अविनाश जी : ब्‍लॉगिंग का खोल और खाल वास्‍तव में लाजवाब है। इसकी खाल में इंसान की खाल से भी अधिक आनंद आता है और इसके खोल में सब कुछ समा जाता है और जो इसके खोल में खो जाता है वो सब कुछ पा लेता है। खाल और खोल की एक बेहतरीन उपलब्धि है ब्‍लॉगिंग। इसे शब्‍दों और विचारों की जॉगिंग ही समझिए। इससे दिमागी स्‍वास्‍थ्‍य बना रहता है।
ताऊ : आप कब से ब्लागिंग मे हैं? आपके अनुभव बताईये? आपका ब्लॉगिंग में आना कैसे हुआ?
अविनाश जी : जब हिंदी में ब्‍लॉग शुरू हुए तब पहला ब्‍लॉग बनाया था तेताला। उस पर रोमन हिन्‍दी में लिखा पर कोई प्रतिक्रिया नहीं मिली। दो चार बार यही लिखा कि कोई मुझे जानता है या पहचान रहा है।
ताऊ : मतलब कोई रिस्पांस नहीं मिला?
अविनाश जी : शायद... तब ब्‍लॉग को कोई पढ़ने वाला ही नहीं था। लिंक पहुंचाने का कोई जरिया नहीं था। ई मेल संपर्क भी इतने नहीं थे।
ताऊ : तो हिंदी के एग्रीगरेटर्स?
अविनाश जी : तब एग्रीगरेटर्स का तो वजूद ही नहीं था।
ताऊ : तो फ़िर उस ब्लॉग का क्या हुआ?
अविनाश जी : ताऊजी, उस ब्‍लॉग का वही हश्र हुआ जो होना चाहिए था। यह शायद 2003 के आसपास की घटना रही होगी। मैं सब भूल गया। वर्ष भी एकाध बरस आगे या पीछे का हो सकता है।


पिताजी स्‍व. डॉ. दिनेश चन्‍द्र वाचस्‍प‍

स्‍व. डॉ. दिनेश चन्‍द्र वाचस्‍पति (पिताजी)

दाढ़ी वाले अविनाश

ये हैं दाढी वाले अविनाश, पत्नि सु. सर्वेश के साथ

family (1)

अविनाश वाचस्पति और उनके
परिवार के सदस्य गण



ताऊ : तो यह वर्तमान सफ़र कब शुरु हुआ?
अविनाश जी : फिर एकाएक कादम्बिनी में बालेन्‍दु दाधीच का एक आलेख प्रकाशित हुआ था ब्‍लॉग हो तो बात बने। उसे पढ़ा जो आंखें, दिमाग खुल गया।
ताऊ : अच्छा...फ़िर?
अविनाश जी : तब तक हिन्‍दी में लिखने छपने और सही तरह से दिखने की शुरूआत हो चुकी थी । 400 या 500 हिंदी ब्‍लॉग सक्रिय हो चुके थे। उस आलेख से प्रेरणा पाकर बगीची ब्‍लॉग बनाया।
ताऊ : अच्छा यानि यह दूसरा ब्लॉग बना?
अविनाश जी : हां ...जब ब्‍लॉग बनाया तो डैशबोर्ड में पहुंचने पर तेताला भी दिखलाई दिया। वो भी चलता रहा। काफी पोस्‍टें लगाईं।
ताऊ : तो बाकी ब्लॉग आपने बाद में बनाये?
अविनाश जी : हां...उसके बाद अपने नाम से प्रकाशित व्‍यंग्‍यों के लिए एक ब्‍लॉग बना लिया। फिर समाचारों पर साथ में प्रतिक्रिया देने के लिए झकाझक टाइम्‍स ब्‍लॉग बनाया। फिर एक नुक्‍कड़ बना लिया।
ताऊ : पर नुक्कड़ तो सामूहिक ब्लॉग है ना?
अविनाश जी : हां ..पर बाद में नुक्‍कड़ को सामूहिक ब्‍लॉग का दर्जा दिया गया।
ताऊ : यह प्रयोग कैसा रहा?
अविनाश जी : समय के साथ साथ इसमें काफी नये और प्रतिष्ठित लेखकों को भी जोड़ लिया है। नुक्‍कड़ अच्‍छा दौड रहा है।
ताऊ : हमने सुना है आपने इसी श्रेणी में पिताजी नामक ब्लॉग भी बनाया है?
अविनाश जी : हां , अभी जून महीने में फॉदर्स डे के समाचार और लेख जब अखबारों में पढ़े तो सोचा कि क्‍या पिताजी नामक कोई हिंदी ब्‍लॉग मौजूद है।
ताऊ : अच्छा..
अविनाश जी : गूगल व अन्‍य कई सर्च इंजनों में तलाश किया, जब नहीं मिला। तो पिताजी नाम से ब्‍लॉग बनाया।
ताऊ : कैसा रहा यह प्रयोग?
अविनाश जी : ताऊजी, पहले दिन ही इस ब्‍लॉग से 24 लेखक जुड़े और 14 पोस्‍टें लगीं और सर्वाधिक प्रतिक्रियाएं मिली तथा पहले ही दिन बनने के दो घंटे के अंदर ही यह ब्‍लॉगवाणी और चिट्ठाजगत से भी जुड़ गया और दिखने लगा।
ताऊ : वाह जी बधाई इस सफ़लता के लिये आपको.
अविनाश जी : ताऊजी, यह सब पिताजी के प्रति हम सबके मन की भावनाओं का ही प्रतिफल है। 20 जून 2009 से शुरू किए गए इस ब्‍लॉग ने एक अच्‍छी पहचान बना ली है।
ताऊ : अपने लेखन के बारे में क्या कहेंगे?
अविनाश जी : समाज की विसंगतियों के विरोध में जागृति लाना ही उद्देश्‍य है मेरे लेखन का। विधा चाहे कविता हो या व्‍यंग्‍य।
ताऊ : अच्छा ये बताईये कि कविता और व्यंग्य में आप कैसे फ़र्क करेंगे?
अविनाश जी : व्यंग्य सच्‍चाई का वाहक होता है। आप सच सच कहते जाइए वही व्‍यंग्‍य हो जाएगा और जितना झूठ कहेंगे सब कविता। कविता यानी कल्‍पना। सच्‍चाई से बचने के लिए झूठ यानी कल्‍पना का ही सहारा लिया जाता है। इनमें अपवाद भी मौजूद होते हैं.
ताऊ : यह कहते हुये आपको कवियों से डर नहीं लगता?:)
अविनाश जी : कवियों से तो तब लगेगा जब मौत से डर लगे। कवि भी अधिक से अधिक मार ही सकते हैं और जब मौत से डर नहीं तो बाकी किसी से काहे का डर। डरना तो उन्‍हें मुझसे चाहिए क्‍योंकि अगर वे मुझे डरायेंगे तो उनका एक श्रोता कम हो जाएगा और एक कवि कम पारि‍श्रमिक लेना तो बर्दाश्‍त कर सकता है परंतु श्रोताओं के नाम पर चींटी या मच्‍छर भी कम नहीं होने चाहिए। वैसे मैंने आजकल हंसाने की मुहिम चला रखी है।
ताऊ : कहां पर ?
अविनाश जी : हंसते रहो हंसाते रहो ब्‍लॉग पर पप्‍पू मुन्‍ना पर लिखी हास्‍य व्‍यंग्‍य कवितायें खूब धमाल मचा रही हैं। पाठक भी जो इन किरदारों से न मिलें हो इनके कारनामों और करतूतों से रूबरू हो सकते हैं।

ताऊ : क्या राजनीति‍ में आप रुचि‍ रखते हैं?
अविनाश जी : अगर कहूं कि नहीं रखता तो गलत होगा क्‍या पता किसी दिन राजनीति में ही जाना पड़ जाए। पर प्रधानमंत्री नहीं बनना चाहूंगा.
ताऊ : वाह ! लोग मरे जाते हैं प्रधानमंत्री बनने के लिये..और आपको इससे एलर्जी? ऐसा क्यों?
अविनाश जी :अरे नहीं नहीं ताऊजी, ऐसी कोई बात नहीं है...अगर कोई बनाएगा तो मना भी नहीं करूंगा।
ताऊ : हां ये हुई ना सच्ची बात..
अविनाश जी : देखिये ताऊजी... लेखक को प्रत्‍येक नीति, अनीति में रुचि रखनी चाहिए और मैं भी रखता हूं।
ताऊ : क्या कहना चाहेंगे आज की राजनीति के संदर्भ में?
अविनाश जी : राजनीति का उर्दू समानार्थी शब्‍द सियासत है जबकि आज राजनीति में न सीता है और न सच है फिर भी कहलाती सियासत है। यही आज की राजनीति की विडंबना है।
ताऊ : यानि आप कहना चाहते हैं कि आज की राजनीति में सही लोगों की कमी है?
अविनाश जी : जी, क्यूंकि अगर राजनीति में सही लोग हों तो देश स्‍वर्ग बन जाए और यहां के निवासी स्‍वर्गवासी।
ताऊ : बात तो आपकी सही लगती है.
अविनाश जी : ताऊजी शायद इसीलिए सही लोग भी राजनीति में जाकर सही नहीं रह पाते हैं और जो दो चार रहते भी हैं तो उनके बूते तो कुछ हो नहीं सकता इसलिए देश स्‍वर्ग और यहां के निवासी स्‍वर्गवासी बनने से बचे रहते हैं।
ताऊ : यानि ये आपके पक्के विचार हैं?
अविनाश जी : विचार तो यही हैं पर अगर राजनीति में एक बार घुस गया तो विचार बदल भी सकते हैं। उन पर टिके रहने की कोई गारंटी नहीं है। फैशन के इस युग में गारंटी की किसी को इच्‍छा करनी भी नहीं चाहिये।
ताऊ : मतलब? आप राजनीति में जाकर बदल भी सकते हैं?
अविनाश जी : वैसे कोशिश तो यही करूंगा कि सही ही रहूं और सही ही करने की कोशिश करूं पर अगर गलत वाले हावी हो गए और मेरा बस नहीं चला तो उनकी गलत बस ही मेरे उपर चल जाएगी और उसे मैं और आप क्‍या, कोई भी नहीं रोक सकता है। सब फिल्‍मों में यह देखते ही हैं और फिल्‍में वही दिखलाती हैं जो समाज में है।
ताऊ : कुछ अपने स्वभाव के बारे मे बताईये.
अविनाश जी : स्वभाव सबके अलग अलग होते हैं। अलग अलग व्‍यक्तियों के साथ अलग अलग।
ताऊ : मतलब?
अविनाश जी : मतलब जैसे परिवार के सदस्‍यों के साथ अलग। मित्रों के साथ अलग। सहकर्मियों के साथ अलग। पड़ोसियों के साथ अलग। लेखकों के साथ अलग।
ताऊ : मतलब आप सबके साथ..अलग अलग स्वभाव रखते हैं. यानि सामने वाला जिस हैसियत का हो?
अविनाश जी : अब यह कहूं कि नहीं मैं सबके साथ एक जैसा हूं तो यह सच है कि मैं झूठ कह रहा हूं और जो ऐसा कहता है वो झूठ ही कहता है। मेरे स्‍वभाव के बारे में मेरे से अधिक आप ब्‍लॉग पर एक पोस्‍ट लगाकर सच्‍चाई जान सकते हैं। और सबके साथ एक जैसे मतलब दोस्‍त के गले में भी बाहें, बॉस के गले में भी बाहें, पत्‍नी के गले में भी बाहें, प्रेमिका के गले में भी बाहें, पड़ोसी से गले मिलना तो ठीक है परन्‍तु पड़ोसिन के साथ ??? अब भी कुछ खुलासा करना बाकी रह गया है। मैं कोई मुन्‍नाभाई एम बी बी एस वाला मुन्‍नाभाई तो हूं नहीं जो सब नॉल पा लेंवा जफ्फी। हां, मुन्‍ना मेरा प्‍यार का नाम तो है।



Picture 0031

स्‍व. डॉ. हरिवंश राय बच्‍चन के साथ (१९८२-१९८३)

050120093145 (1)

 श्रीमती और श्री अविनाश वाचस्पति (फ़ुरसत के पलों में)

अंशुल वाचस्‍पति महेन्‍द्र सिंह धोनी के सा थ

 पुत्र अंशुल वाचस्पति, महेंद्र सिंह धोनी के साथ


ताऊ : आपकी अर्धांगिनी के बारे मे कुछ बताईये?
अविनाश जी : मेरी पत्‍नी भक्‍त हैं।

ताऊ : मतलब?
अविनाश जी : मतलब ये कि वो पूजा पाठ में घनघोर रुचि रखती है। पढ़ती हैं पर लिखने में कोई रुचि नहीं।
ताऊ : क्या आपकी रचनाएं वो पढती हैं?
अविनाश जी : मैं झूठ नहीं कहूंगा कि मेरी सब रचनाएं सबसे पहले वही पढ़ती हैं जबकि सबसे बाद तक भी वे पढ़ लें तो मेरी रचनाओं की खुशकिस्‍मती है।
ताऊ : यानि आपकी सबसे अच्छी पाठक?
अविनाश जी : हां जिस रचना से पारिश्रमिक मिलना हो तो उसे अवश्‍य पढ़ लेती हैं। बाकी इंटरनेट पर या अखबारों में कितना ही कैसा भी कुछ भी छप जाए उससे वे प्रभावित मोहित नहीं होती हैं। अखबारों से जितना मुझे प्‍यार है। वे सिर्फ एक दिन का ही मोह रखती हैं। फिर दोनों का स्‍वभाव एक सा तो हो नहीं सकता।
ताऊ : भाग्य पर यकीन करते हैं?
अविनाश जी : एक हद तक. मैं कहना चाहता हूं कि जो हम चाहते हैं वो नहीं होता है और जो नहीं चाहते हैं वही होता है। मैंने चाहा था कि ताऊ डॉट इन पर 10 हजारवीं टिप्‍पणी विजेता बनूं पर नहीं बना। पर कर्म पर पूरा यकीन है मेरा इसलिए 10 हजार 1वीं टिप्‍पणी कर्म का मीठा फल ही है।
ताऊ : पूजा करते हैं?
अविनाश जी : मेरे लिए लेखन ही पूजा है । यह पूजा मैं अंतिम सांस तक करना चाहता हूं। चाहे पारिश्रमिक मिले अथवा न मिले।
ताऊ : इसके पीछे कोई फ़लस्फ़ा?
अविनाश जी : जब सब यहीं छोडकर जाना है तो किसलिए बटोरें। अपने आज को बेहतर ढ़ंग से क्‍यों न जी लें। जियें भी और सबको जीने दें। दूसरों के जीने पर न चढ़ें।
ताऊ : ताऊ पहेली के बारे में आप क्या सोचते हैं?
अविनाश जी : ताऊ पहेली ब्‍लॉगिंग की एक सुखद घटना है। इससे ब्‍लॉगिंग के कई आयाम खुले हैं। कितने ही लोग एक दूसरे से जुड़े हैं। एक दूसरे से परिचित हुए हैं। पहेलियों के माध्‍यम से ज्ञानवर्द्धन और टिप्‍पणियों के माध्‍यम से मनोरंजन हो रहा है। बहुमुखी ब्‍लॉग कह सकते हैं ताऊ डॉट इन को।
ताऊ : अक्सर पूछा जाता है कि ताऊ कौन? आप क्या कहना चाहेंगे?
अविनाश जी : ताऊ एक सच्‍चे इंसान हैं जिन्‍होंने निच्‍छलता से जानवर के चेहरे को वर रखा है। जानवर का चेहरा पहन कर सामने आना इंसान की अच्‍छाईयों को प्रस्‍तुत करने का सच्‍चा माध्‍यम है।
ताऊ : ताऊ साप्ताहिक पत्रिका के बारे में आप क्या सोचते हैं?
अविनाश जी : ऐसा दिन आए कि इसका प्रकाशन भी हो। प्रिंट मीडिया में भी इसकी ख्‍याति हो। जिससे ज्ञान की इस थाती से सब परिचित हों और यह रोज सुबह आने वाली दैनिक पहेली बन जाये। इसमें सचमुच का एक पांच हजार का पुरस्‍कार शुरू हो जाए।
ताऊ : आपकी कोई एक इच्छा?
अविनाश जी : ताऊ पहेली का मालिक मुझे बना दो ताऊजी। पर ताऊगिरी आपकी ही चलती रहे।

अंत में " एक सवाल ताऊ से"
सवाल अविनाश जी का : ताऊ जी मुखौटा हटाकर सामने क्‍यों नहीं आना चाहते हैं? क्‍या वे इतने सुंदर हैं कि सलमान, आमिर, सैफ, शाहरुख या अमिताभ को खतरा हो सकता है या जानवरों की निच्‍छलता से प्रेम।

जवाब ताऊ का: इस सवाल का जवाब हम पारुल जी द्वारा किये गये सवाल के जवाब में विस्तार से दे चुके हैं. यहां दोहराव करना ठीक नही होगा. आप इसके लिये "परिचयनामा : सुश्री पारूल…चाँद पुखराज का" पढ कर जान सकते हैं.

तो ये थे हमारे आज के मेहमान श्री अविनाश वाचस्पति...इनसे मिलकर आपको कैसा लगा? अवश्य बताईयेगा.

परिचयनामा : पूजा उपाध्याय

आज हम आपको मिलवाते हैं एक ऐसी जिंदादिल शख्स से, जो किशोरवय जैसी चंचलता और प्रोढ जैसी गंभीरता रखती है. जो कहानी भी लिख लेती है, एक भावुक कविता भी लिख सकती है. यानि हास्य व्यंग से लेकर मार्मिक रचनाएं तक आसानी से लिख लेती हैं. तो आईये आपको रुबरू करवाते हैं लहरे ब्लाग वाली पूजा उपाध्याय से. बंगलौर स्थित उनके घर पर नाश्ते के दर्म्यान हमारी यह मुलाकात हुई.



ताऊ : हां तो पूजा जी..

पूजा : ताऊ एक मिनट...पूजा जी नही सिर्फ़ पूजा ..और मुझे भी सिर्फ़ ताऊ कहने दिजिये. ये ज्यादा ठीक रहेगा?

ताऊ : चलिये ये भी ठीक है पूजा. तो अब सबसे पहले अपने बारे ही कुछ बताईये?

पूजा उपाध्याय : हूं...अपने बारे में.....यही की .. सिर्फ़ आजाद ख्यालो वाली मनमौजी हूँ, आसमान में उड़ना पसंद है मगर जमीन से भी जुड़ी हुयी हूँ.

ताऊ : आज के समय मे नारी के बारे मे आपकी सोच क्या है?

पूजा : समाज में लड़की जगह, उसके सपने उसके सवालों को लेकर परेशान रहती हूँ, और अपने तरफ से जो बनता है करने की कोशिश करती हूँ, चाहे वो सिर्फ सवाल करना ही क्यों न हो.

ताऊ : आप दो पंक्तियों मे खुद को कैसे अभिव्यक्त करेंगी?

पूजा : हूं.. भटकना बहुत पसंद है, नयी जगहों और पुरानी यादों में. बचपन से लिखने का शौक़ रहा, जैसी हूँ वैसी दिखती हूँ, वैसा लिखती हूँ...कतरब्योंत करना नहीं आया. शकल भी ऐसी है कि सारे भाव नज़र आ जाते हैं. बहुत ही unpredictable लड़की के रूप में जानते हैं दोस्त मुझे, कभी भी कुछ भी कर सकती है types (हंसते हुये..)

ताऊ : आप कहां की रहने वाली हैं?

पूजा : कहा से हूँ ये थोड़ा मुश्किल सवाल है, खास तौर से बिहार झारखण्ड अलग हो जाने के कारण...बहुत बार समझ में नहीं आता कहाँ की हूँ...दोनों राज्यों का बराबर हक है मुझपर. देवघर, झारखण्ड में स्कूल की पढाई पूरी की, कॉलेज पटना में ६ साल के दौरान और फिर पोस्ट graduation के लिए दिल्ली गयी तो लगा कि यहीं की हूँ.

ताऊ : ये तो आपने पूरा इतिहास बता दिया. एक शब्द मे आप किस राज्य से हैं?

पूजा : वैसे बोल चाल में अपने को ठेठ बिहारी कहते हैं और मानते भी हैं.

ताऊ : हां ये हुई ना बात. अब आप अपनी जिंदगी का कौन सा दिन सबसे खुबसूरत मानती हैं?

पूजा : कॉलेज से graduation के बाद तीन जगहों के फॉर्म भरे थे आगे पोस्ट graduation के लिए, इसमें दो जगह का रिजल्ट आ चुका था और नहीं हुआ था, तो परेशान थी, इसी बीच भाई का भी इंजीनियरिंग का रिजल्ट आने वाला था, एक रिजल्ट उसका भी ख़राब आया था बहुत चिंता हो रही थी कि क्या होगा?

ताऊ : अच्छा फ़िर आगे क्या हुआ?

पूजा : फिर १३ जुलाई को सुबह झारखण्ड इंजीनियरिंग का रिजल्ट आया, जिमी (मेरा भाई) की बहुत अच्छी रैंक आई थी..उसी दिन दोपहर में मेरा भी रिजल्ट आ गया...मेरा admission हो गया था IIMC में. वो दिन मेरी जिंदगी का सबसे खूबसूरत दिन था.

ताऊ : आपके शौक क्या क्या हैं?

पूजा : कविता लिखना, किताबें पढना, गाने गाना-सुनना, घूमना...खास तौर से पुरानी जगहें, किले मकबरे वगैरह. तेज़ रफ़्तार गाड़ी चलाना...बारिश में भीगना...पैदल चलना...लोगों से बातें करना...माउथ ओरगन बजाना...पेंटिंग करना, हाट बाज़ारों में खरीददारी करना या ऐसे ही घूमना. फोटोग्राफी.

ताऊ : कुछ ऐसा भी है जो आपको खास नापसंद हो?

पूजा : तानाशाही...नियम. किसी का भी मनमानी करना, चाहे वो समाज हो, पुलिस हो या तथाकथित समाज के ठेकेदार. लोगों का बिन मांगे सलाह देना और उम्मीद करना कि मैं मान लूंगी. stereotypes...किसी ढांचे में बंधना नहीं पसंद है.

ताऊ : यानि अपनी निजता आपको ज्यादा पसंद है?

पूजा : हां ऐसा भी कह सकते हैं आप...अपनी स्वतंत्रता बहुत पसंद है मुझे, और लोग जब मेरे हंसने बोलने, पहनने ओढ़ने में टोका टाकी करते हैं तो बहुत चिढ़ जाती हूँ. किसी के हिसाब से कुछ करना पसंद नहीं है, जब तक मेरा मन ना हो कुछ नहीं करती. नियम तोड़ने में खास मज़ा आता है.


पूजा भाई जिमी को राखी बांधते हुये

ताऊ : आपको विषेष रुप से क्या पसंद है?

पूजा : पापा का सर पे हाथ रखना, मम्मी की चिट्ठियां पढ़ना, जिमी (मेरा छोटा भाई) से बात करना... कुणाल से गप्पें मरना, दोस्तों को कविता सुना कर फ़ोन पर पकाना,

ताऊ : और..

पूजा : ताऊ अभी सुनते जाईये..अभी लिस्ट लंबी है....जेएनयू की गलियां, पुरानी दिल्ली के किले इसके अलावा..पढ़ना...अच्छे लोगों से मिलना...जिंदगी को करीब से देखना, लोगों को हँसाना. डूबता सूरज देखना, ऊंची जगह पर खड़े होकर गहराई देखना. किताबें खरीदना...तेज़ रफ़्तार बाईक के बारे में पढ़ना. अपना ऑफिस, यहाँ के लोग. देवघर का मेरा घर...शीशम के पेड़. पुरानी पीले पन्नो वाली किताबें...मीठा खाना...मेरे दोस्त...मेरा बंगलोर का घर, कई सारी विंड chimes...बहुत कुछ है जो पसंद है, सब कुछ तो नहीं बता सकती ...वर्ना आपका पन्ना कम पड़ जाएगा.

ताऊ : हमारे पाठकों को कुछ कहना चाहेंगी?

पूजा : हां... ब्लाग पर इतने लोग आते हैं, पढ़ते हैं, कमेन्ट करते हैं, बहुत अच्छा लगता है...बस कभी कभी लगता है की कमेन्ट करना कोई बंदिश तो नहीं बन गयी है..मेरे ख्याल से इसकी जरूरत नहीं है...कुछ पढ़ा उसके बाद कुछ कहने का मन करे तो कमेन्ट कीजिये, नहीं करे तो बस पढ़ कर खुश हो जाइए...उतने भर में मेरा लिखना सार्थक होजाता है.

ताऊ : आपके जीवन का कोई यादगार लम्हा?

पूजा : IIMC में १५ अगस्त के प्रोग्राम पर वन्दे मातरम पर ग्रुप डांस किया था हमने. क्लास के बाद बहुत सारे assignments रहते थे उन्हें पूरा करते रोज़ बारह बज जाते थे रात को प्रक्टिस करते थे.

ताऊ : जी..आगे बताईये ?

पूजा : हमको बहुत चिंता हो रही थी कि ठीक से हो पायेगा कि नहीं...इतना टाइम नहीं मिला था कि कपड़े खरीद सकें. तो हमने सफ़ेद सलवार कुरता पहनने का निर्णय लिया था, पूरे हॉस्टल में ढूंढ कर कहीं से कुरता जुगाड़ा तो कहीं से सलवार, किसी का दुपट्टा उधार माँगा...सुबह सुबह जो हंगामा मचा था तैयार होने के समय कि लगता था डांस ही नहीं हो पायेगा.

ताऊ : अच्छा ..फ़िर क्या हुआ?

पूजा : पर डांस के बाद देर तक तालियाँ बजती रहीं, standing ओवेशन मिला था हमें. वो लम्हा जब हम सब स्टेज पर खड़े थे और चारो और से वंस मोर का हल्ला हो रहा था...रोंगटे खड़े हो गए थे पूरे ग्रुप के.


ताऊ : हमने सुना है कि आपने खुराफ़ाते भी बहुत की हैं?

पूजा : हा ताऊ, खुराफातें बहुत की हैं, एक बार छह बजे सुबह साइबर कैफे खुलवा कर प्रिंट निकलवाया है...तो कई बार रात के दस बजे हॉस्टल बंद होने कि डेड लाइन के चलते दौड़ते हुए हॉस्टल तक आये हैं.

ताऊ : कभी रात भर होस्टल से बाहर तडी भी लगाई कि नही?

पूजा : ताऊ बस एक यही अरमान कभी पूरा नहीं हुआ, हॉस्टल कि बालकोनी से कूद कर नाईट आउट मरने का मन था...अफ़सोस कभी मौका ही नहीं आया.

ताऊ : आपका गांव कहां है?

पूजा : मेरा गाँव सुल्तानगंज के पास है, घर से कोई ३ किलोमीटर पर ही गंगा बहती है.

ताऊ : गांव से जुडी बचपन की यादों मे क्या है?

पूजा : बहुत कुछ बल्कि कहुंगी कि सब कुछ याद है....गाँव की यादों में पुआल बिछा कर सोना, रात को आँगन से तारो भरा आसमान देखना, कच्चा आम चुराना, किसी और के खेत से चना का झाड़ उखाड़ कर रास्ते भर चना खाना जैसी यादें हैं.

ताऊ : और क्या क्या याद है?

पूजा : गाँव शुरू होते ही शिवालय है जहाँ दादी हमारा इंतज़ार करती थी होली के करीबी दिनों में... गाँव में एक ही मीठे पानी का कुआँ है जिसको बड़ा इनारा कहते हैं. शादी ब्याह में जब पूरा घर जुटता है तो बड़ा मज़ा आता था, रात भर तकिया की छीना झपटी चलती थी. सुबह सरोता लेकर निकल जाते थे, खजूर की दतवन तोड़ने...सबके लिए दतवन ले के आते थे.

ताऊ : अक्सर मैने देखा है कि हर गांव मे कहीं ना कहीं भूत और डायन जरुर होती है,, क्या आपके गांव मे भी ऐसा कुछ था?

पूजा : अरे वाह ताऊ..ये बढिया याद दिलाया. हमारा गांव अपवाद कैसे हो सकता है? मंदिर के थोड़ा आगे एक पीपल का पेड़ है जिस पर भूत रहता है, और डायन भी इसलिए वहां से गुजरते हुए सुई धागा बोलना जरूरी होता है और पीछे मुड़ कर देखना मना है वरना भूत पकड़ लेगा.

ताऊ : क्या कभी भूत या डायन ने वहां पकडा?

पूजा : मैं बिना सुई धागा बोले वहां से निकली ही नही...तो मुझे वो कैसे पकडते? (हंसते हुये...)

ताऊ : और क्या याद है गांव से जुडी हुई?

पूजा : ताऊ..आज आपने कुरेद दिया तो सिनेमा की रील जैसी यादें चल रही हैं दिमाग मे. इसके अलावा गाँव में एक पुराना संदूक हुआ करता था जिसमें पापा के बचपन की कॉपी वगैरह थी...उसमे से खजाना निकालना बड़ा पसंद था.

ताऊ : क्या आपका संयुक्त परिवार था?

पूजा : नहीं, मेरे परिवार में हम चार लोग थे, पापा, मम्मी मेरा भाई जिमी और मैं...वैसे घर में होली या राम नवमी पर जब सब लोग आते थे तो कभी नहीं लगता था कि संयुक्त परिवार नहीं है...पर चूँकि सब एक जगह नहीं रहते तो परिवार संयुक्त परिवार की श्रेणी में नहीं आता, हालाँकि हमेशा कोई न कोई रहता ही था साथ में.

ताऊ : यानि आपने संयुक्त परिवार को कभी मिस नही किया?

पूजा : सही बात यह है ताऊ कि पहले कभी संयुक्त परिवार पर ध्यान नहीं गया...पर अब मम्मी के नहीं होने के कारण पापा अकेले रह रहे हैं, मैं और भाई दोनों अलग है...अब लगता है कि एक जगह सब रहते तो पापा ऐसे अकेले तो नहीं रहते.

ताऊ : संयुक्त परिवार के बारे मे आपकी राय क्या है?

पूजा : ताऊ, मुझे लगता है कि शादी के दो तीन साल अलग रहना जरूरी है ताकि आपसी समझ विकसित हो सके...उसके बाद बड़ा सा परिवार हो तो जिंदगी बेहतरीन और खुशहाल होती है. पर संयुक्त परिवार में रहना मुश्किल है क्योंकि हर व्यक्ति अलग जगह नौकरी के कारण रहता है.

ताऊ : ब्लागिंग के बारे में क्या कहेंगी?

पूजा : अभी ब्लॉग्गिंग अपने शैशव में ही है, बहुत लोगो के मन में ब्लॉग्गिंग को लेकर गलत धारणाएं हैं...अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को पूरी तरह एक्सेप्ट करने लायक समझ लोगों में अभी नहीं आई है.

ताऊ : यानि?

पूजा : ब्लॉग एक दूसरे तरह का माध्यम है, और इसे समझने में लोगों को वक़्त लगेगा...ब्लॉग्गिंग में सबसे महत्वपूर्ण है कि व्यक्ति जो लिखना चाहे लिख सकता है...इस स्वांत सुखाय धारणा को गलत रंग दिया जाता है. ब्लॉग पर लिखना इसलिए होता है क्योंकि यह सुलभ माध्यम है...अनजाने पाठक ये समझ लेते हैं कि ये उनके लिए लिखा जा रहा है...ऐसा होना नहीं चाहिए.

ताउ : आप क्या उम्मीद करती हैं?

पूजा : उम्मीद है ब्लॉगजगत लेखक की महत्ता को समझेगा...और इसे एक अभिव्यक्ति का जरिया मानेगा.

ताऊ : आप ब्लागिंग मे कब से हैं ?

पूजा : मैं २००५ से ब्लॉग्गिंग में हूँ...IIMC में पढ़ते वक़्त इस नए माध्यम के बारे में पता चला था, थोडी रिसर्च करके अपना ब्लॉग बनाया था...अहसास. उस वक़्त लिखना बस लिखने के लिए होता था, कमेन्ट नहीं आते थे आज की तरह. लिखना अच्छा लगता था तो लिखती थी. मनीष (एक शाम मेरे नाम) का कमेन्ट आता था पहले...लिखना नियमित नहीं था...जब वक़्त मिला लिख लेते थे.

ताऊ : फ़िर नियमित कैसे हुई आप ब्लागिंग में?

पूजा : कॉलेज ख़त्म होने के बाद लहरें पर लिखना शुरू किया, सोचा था इस पर अंग्रेजी में लिखूंगी...या ऐसा कुछ जो कवितानुमा न हो...पर धीरे धीरे इस पर लिखना ज्यादा हो गया.

ताऊ : जी..आगे बताईये.

पूजा : चिट्ठाजगत के बारे में गूगल सर्च से पता चला...अपना रिजल्ट देखने के लिए गूगल में अपना नाम सर्च किया था, तो चिट्ठाजगत के पन्ने खुल गयी... बड़ी ख़ुशी हुयी थी की भैय्या अब तो हमारा भी नाम हो गया, कोई हमें ढूंढेगा तो हम गूगल में मिल जायेंगे.

ताऊ : अब तक का कैसा अनुभव रहा ब्लागिंग में?

पूजा : अब तक का ब्लॉग्गिंग का अनुभव बहुत अच्छा रहा, कई अच्छे लोग मिले और बहुत कुछ अच्छा पढने को मिला. ब्लॉग के माध्यम से जिंदगी को करीब से देखने का मौका मिलता है...ऐसे कई लोगों के विचार जाने जिनसे शायद कभी भेंट नहीं होती...या होती भी तो बात नहीं होती.

ताऊ : आप खुद के लेखन को किस दिशा मे पाती हैं?

पूजा : किसी खास दिशा में नहीं पाते हैं...हाल तो वही है...
हम भी दरिया हैं हमें अपना हुनर मालूम है
जिस तरफ भी चल पड़ेंगे रास्ता हो जाएगा.

ताऊ : वाह..वाकई आप जैसे लोग ही आगे बढ पाते हैं. आप ये बताईये कि आप खास क्या लिखना पसंद करती हैं?

पूजा : पहले मेरा लेखन या तो रूमानी होता था या बिलकुल रोजमर्रा की चीज़ें, कविता और ग़ज़ल में खास दिलचस्पी थी और अधिकतर अतुकांत लिखती थी.

ताऊ : पर मैने तो आपको बढिया हास्य भी लिखते देखा है?

पूजा : हां ताऊ, आजकल हास्य लिखने का भी मन करता है और कहानियां भी, मुझे कभी नहीं लगा था कि मैं ऐसा कुछ लिखूंगी जिसे पढ़ कर किसी को भी हँसी आये.

ताऊ : आप किसके लेखन से विशेष रुप से यहां प्रभावित हुई?

पूजा : यहाँ अनूप जी और पल्लवी के लेखन से खास तौर से प्रभावित हुयी...लगा कि काश मैं भी लिख पाती कुछ ऐसा...फिर यूँ ही लिखा, और अब तो कई लोग कहने लगे हैं कि हास्य या गद्य, मेरे कविता से बेहतर है. अब कुछ भी लिख लेने कि स्थिति में पाती हूँ खुद को...जैसा मूड हुआ लिख दिया.

ताऊ : राजनिती के बारे मे क्या कहना चाहेंगी?

पूजा : राजनिती मे रुचि तो बहुत रखते हैं, पर क्या करें हमारा सिस्टम ऐसा है कि इतनी कोशिश करने के बावजूद वोटर लिस्ट में नाम नहीं आया और वोट तक नहीं दे सके. रुचि का आलम ऐसा है कि देश के प्रधान मंत्री को छोड़कर किसी और का नाम भी पता नहीं रहता, बाकी प्रदेशों का तो कहना ही क्या?

ताऊ : यानि आप समझती हैं कि ये आपके बस का रोग नही हैं?

पूजा : हां, पहले ये सब समझ से बाहर लगता था, पर अब जानती हूँ कि कोई भी बदलाव हमसे ही आएगा...राजनीति में सक्रीय तो नहीं, पर कुछ मित्र हैं जो सक्रिय हैं, उनकी मदद जरूर करुँगी.

ताऊ : आप खुद अपने स्वभाव के बारे में क्या कहेंगी?

पूजा : हां मैं मनमौजी स्वभाव की हूं...खुशमिजाज हूँ, बहिर्मुखी...हमेशा बोलने वाली...

ताऊ : वो लग ही रहा है. आप चुप भी बैठ सकती हैं?

पूजा : अरे ताऊ, चुप बैठने का बोलेंगे तो सजा हो जाएगी. जिंदगी को छोटे छोटे लम्हों में जीती हूँ. बस (हंसते हुये...) बाकी तो ब्लॉग से पता चल ही जाता है.

ताऊ : गुस्सा कैसा आता है?

पूजा : गुस्सा कम आता है, पर आता है तो कण्ट्रोल नहीं होता, चीज़ें तोड़ देने का मन करता है, जो हाथ में आता है उठा क सीधे दीवार पे मारती हूँ (हंसते हुये....)


ताऊ : जरा देख कर पूजा..अभी तो सामने मैं बैठा हूं.

पूजा : अरे नही ताऊ...(हंसते हुये...) आपको थोडी मारुंगी? आप तो डरो मत..नाश्ता खत्म करिये आप. इंटर्व्यु आपको जितना लंबा लेना हो लिजिये..मैं थकने वाली नही हूं..आप ही कहोगे कि अब मेरा जाने का समय होगया..

ताऊ : आपके जीवन साथी के बारे मे कुछ बताईये?

पूजा : मेरे जीवन साथी का नाम कुणाल किसलय है, किस किस जीवन के साथी हैं ये तो पता नहीं, पर कम से कम कुछेक जन्मों पुराना रिश्ता तो जरूर रहा है ( हंसते हुये...) कोई किसी के लिए इस तरह से customise हो सकता है कभी सोचा नहीं था. यूँ तो हमेशा ही परी कथाओं वाले राजकुमार में यकीं रहा था मेरा पर अपने राजकुमार से मिलूंगी ऐसा नहीं लगा था.

ताऊ : आप लोगों की मुलाकात कैसे हुई?

पूजा : स्कूल में वो मुझसे एक साल सीनियर था...बाद में कविताओं में रुचि होने के कारण बात होने लगी...

ताऊ : यानि बचपन का ही साथ था?

पूजा : एक तरह से ... पर हम वापस मिले .. स्कूल से निकलने के कई साल बाद... दिल्ली में मिले हम...पहली मुलाकात के बाद सिलसिला थमा ही नहीं कभी. और मन में ये सवाल भी था की IITian कैसे होते हैं.

ताऊ : कुणाल क्या करते हैं?

पूजा : कुणाल की अपनी खुद की कंपनी है, सॉफ्टवेर की...जो उसने अपने कुछ दोस्तों के साथ मिल कर खोली है.


कुणाल और पूजा

ताऊ : कुणाल के बारे और कुछ बताईये?

पूजा : बस...आज के लिए इतना काफी है उसके बारे में लिखने बैठूंगी तो अलग से एक ब्लॉग खोलना पड़ेगा (हंसते हुये....)

ताऊ : ताऊ कौन? आप क्या कहना चाहेंगी?

पूजा : ताऊ बोले तो फुल टाइम entertainer...ताऊ माने हर समस्या का हल निकालने वाला, मुसीबत से छुटकारा दिलाने वाला...बेहद चतुर प्राणी होता है ये ताऊ...आसानी से सामने नहीं आता. कुछ कुछ छुपा रुस्तम टाइप की चीज़ होता है...और बहुत ही दुर्लभ किस्म का प्राणी होता है ये ताऊ...ब्लॉगजगत में तभी तो ताऊ जैसा कोई नहीं. भाई हम किस्मत वाले हैं की ताऊ से मिले और ताई के हाथ का कलेवा खा रहे हैं.


ताऊ : ताऊ साप्ताहिक पत्रिका के बारे मे आप क्या कहना चाहेंगी?


पूजा : इतने सारे स्तंभों के कारण बेहद दिलचस्प लगती है...एक ही जगह इतनी सारी जानकारी वाली चीज़ें मिलती हैं की दिल खुश हो जाता है. भारत में कई सारी घूमने लायक जगहें हैं...उनके बारे में इतना विस्तार से लिखा होता है की लगता है घूम कर ही आ रहे हैं. इतनी सारी मेहनत लगती है उसके लिए बधाई पूरी टीम को ताऊ.

ताऊ : ताऊ पहेली के बारे मे क्या कहेंगी?

पूजा : आदत सी हो गयी है, किसी शनिवार अगर नहीं देखी तो लगता ही नहीं की आज शनिवार है...भले ही मुश्किल सवाल देख कर बहुत बार फूट लिए हैं (हंसते हुये...) और कई सारी जगहों के बारे में जानकारी मिल जाती है तो बड़ा अच्छा लगता है.

ताऊ : आपको अगर फ़िल्म सेंसर बोर्ड की अध्यक्षा बना दिया जाये?


पूजा : बहुत सारी सड़ी हुयी फिल्में रिलीज़ नहीं होंगी...जिनको देखना मेंटल टॉर्चर है (हंसते हुये...)
फिल्मों में हिंसा और गाली गलोज थोड़ा रोक दूँगी...और एक नयी कैटेगरी introduce करुँगी...फिल्म परिवार के साथ बैठ के देखने लायक है की नहीं.


ताऊ : और आप क्या कहना चाहेंगी?

पूजा : कितनी तो बातें करली ताऊ?...और अब तो आपका नाश्ता भी ख़तम हो गया (हंसते हुये...) फ़िर भी यह कहना चाहुंगी कि हिंदी ब्लॉगर अभी भी संख्या में बहुत कम हैं इसलिए एक रिश्ता सा बन जाता है किसी को अरसे से पढ़ते पढ़ते...अच्छा लगता है, आभासी दुनिया में मौजूद होना.


ताऊ : अच्छा अब अंत मे आपकी पसंद की कोई कविता सुना दिजिये वर्ना हमारे पाठक हमसे नाराज हो जायेंगे.

पूजा : जी जरुर...सुनिये...

देखती हूँ तुम्हें
जाने किनसे बात करते हुए
खिलखिलाते रहते हो जाने किस बात पर
दिल चाहता है एक वैसा लम्हा चुरा लूँ

जब तुम नींद में मुस्कुराते हो
और जाग कर कुछ याद नहीं रहता
कुछ टूटा टूटा सा बताते हो
सोचती हूँ उस मुस्कराहट को काश
किसी डिब्बी में बंद कर रख सकती

क्रिकेट देखते समय खाना भूल जाते हो
एक एक कौर तुम्हें खिला देने का मन करता है
चुपचाप थाली में पांचवां पराठा दाल देती हूँ
और जब तुम देखते हो गिनती पर झगड़ती हूँ
वो झगड़े प्यार से मीठे होते हैं...

ताऊ : वाह वाह...बहुत खूबसूरत.

अंत मे एक सवाल ताऊ से


सवाल पूजा का : ताऊ इत्ती वड्डी पत्रिका निकलते हो, दिन भर ब्लॉग्गिंग करते रहते हो...सच्च सच्च बताओ, ताई ने अब तक कित्ती बार लट्ठ मारे है आपको, या आपके कंप्यूटर को.

जवाब ताऊ का : अब आप तो ताई से मिल ही ली है तो यह सवाल उसी से पूछ लेती तो बेहतर जवाब मिलता. हो सकता है आप ये सोच रही हों कि वो सही जवाब नही देती..तो चलिये सही जवाब मैं देदेता हूं.

ताई गलती से भी मेरे लेपटोप को लठ्ठ नही मारती...वो पक्की अर्थशाश्त्री है... उसे मालूम है लेपटोप की रिपेयर बहुत महंगी है..तो जब भी गुस्सा होती है तो मुझ पर ही लठ्ठ मार कर हड्डी तोड देती है..क्योंकी मेरी रिपेयर सस्ती है..यानि पांच हजार मे तो डाक्टर प्लास्टर करके टुटी हड्डी जोड देता है.

तो यह थी हमारी आज की मेहमान पूजा उपाध्याय. आपको इनसे मिलकर कैसा लगा? अवश्य बताईयेगा.