Showing posts with label बेकल. Show all posts
Showing posts with label बेकल. Show all posts

पदमभुषण डा. नीरज जी से ताऊ की पहली मुलाकात

खाडी युद्ध (१९९१) की एक रविवार की सुबह ! मैं अपने मकान की प्रथम मंजिल के बरामदे मे बैठ कर अखबार देख रहा था ! नीचे हमारे एक किरायेदार थे !  हमारे  किरायेदार की लडकी, जो कि आल ईन्डिया रेडियो मे उदघोषिका थी, और एक शानदार आवाज की मालकिन भी !

 

वो ज्यादातर जलसो मे उदघोषिका रहती ही थी !  इसी कारण बडी बडी साहित्यिक हस्तियों से भी उसका मेल जोल था ! कई नामी हस्तियों का आना जाना भी था ! 

 

मेरी पत्नि और बच्चों के  पास भी अपने मधुर स्वभाव के कारण ये आती ही रहती थी !  वो सीढियों  से आती दिखी  तो उसके पीछे एक अन्जान से सज्जन भी आते दिखे ! कोई ६० साला उम्र, सफ़ेद खादी का कुर्ता पायजामा, सफ़ेद बाल.... मैं उनकी शक्ल याद करता करता ऊठा और उनके पांव छुये ! मुझे कुछ याद नही पड रहा था कि ये कौन है ?

 

मैने पांव ये सोचकर छुये थे कि ये मेरे कोई दूर के रिश्तेदार होंगे जो पता पूछते २ आये होंगे और ये लडकी इनको लेकर उपर आ गई होगी !

 

niraj indore mushayara1jpg जैसे ही मैने पांव छुये...उन्होने सकुचाकर आशिर्वाद दिया ! अब वो लडकी बोली - अरे वाह भैया ( मुझे वो भैया ही कहती थी ) आप इन्हे जानते हो ? हां मैं जानती थी कि आप तो फ़िल्मों का काम करते हो , इनको कैसे  नही पहचानते होगे ?

 

बस उसका इतना कहना था कि मैं तुरन्त पहचान गया ! ये थे मशहूर कवि/शायर गोपाल दास जी नीरज ! जो नीरज के नाम से विख्यात हैं !

 

इनके कई कवि सम्मेलन/मुशायरे सुनने का सौभाग्य मिल चुका था ! आज अचानक रुबरु मेरे घर पर , मैं तो अभि्भूत हो गया !

 

पदमश्री (१९९१) , डाक्टरेट की उपाधि आगरा युनिवरसिटी (१९९५), पदमभुषण (२००७) एवम अन्य दुनियां भर के सम्मानो से नवाजा गया व्यक्तितव खुद चल कर मेरे घर मेरे पास खडा है ! अहोभाग्य मेरे !

 

जब नीरज जी इन पन्क्तियों को किसी भी मंच पर गुनगुनाते हैं -

 

''अब के सावन में शरारत ये मेरे साथ हुई,

मेरा घर छोड कर सारे शहर में बरसात हुई।''

 

सुनने वाले भी  सचमुच सावन की तरह झूम उठते हैं ।

 

मैने ऊठकर उन्हे कहा कि - आईये अंदर चलते हैं ड्राईंग रूम मे ! मेरा हाथ पकड कर बैठाते हुये बोले - यार क्या यहां तुम्हारी खुली हवा हम नही ले सकते क्या ? और मुझे हाथ पकड कर अपने साथ वहीं बरामदे मे बैठ गये !

 

उनका आने का सबब ये था कि फ़ोन उन दिनो मे भी धनी होने की निशानी ही था ! नीचे किरायेदार के पास फ़ोन नही था ! जैसा कि उन दिनो मे होता था वो भी जरुरत होने पर हमारा ही फ़ोन प्रयोग मे लाते थे ! STD बूथ वगैरह कुछ नही होते थे !  

 

नीरज जी को कुछ जरुरी काम से मुम्बई ( तब की बम्बई ) फ़ोन  करना  था ! STD dial सुविधा शुरु तो हो चुकी थी पर कारगर नही थी ! सो उन्होने एक ट्रंक काल बुक करवाया और इन्तजार करते रहे !

 

करीब ५ घंटे बाद काल लगा और तब तक दुनिया भर की बाते होती रही ! उन्होने  "नई उम्र की नई फ़सल" से लेकर " शर्मीली"  फ़िल्म और अनेक फ़िल्मकारों  के साथ किये गये काम के बारे मे भी बताया ! मैने उनसे पुराने फ़िल्मकारों , गीतकारों और जमाने भर की अपनी जिज्ञासाओं  की झडी लगादी ! लंच भी वहीं पर साथ साथ हुआ !


मुझे काव्य या साहित्य की कोई ज्यादा समझ नही है सो हमारी ज्यादातर चर्चा फ़िल्मो के इर्द गिर्द ही रही ! उन्होने खुद मुझसे कई फ़िल्मकारो के बारे मे जानकारी ली ! 

 

एक बात मैने विशेष रुप से नोट कि कि, हर सवाल का जवाब एक शिक्षक और दार्शनिक की तरह उन्होने दिया ! उन्होने स्व.राज कपूर जी, देवानन्द जी इन सबके बारे मे बडे विस्तार पुर्वक बाते की !

 

मुझे ऐसा लगा कि उनके साथ बैठ कर मेरे घर मे मैं मेहमान  हूं और वो मेजबान हैं ! मेरे जीवन का वो भी एक बेहतरीन दिन था ! तो यह मेरी नीरज जी से पहली मुलाकात थी !

 

अभी तीन दिन पहले पिछले रविवार को ८५ साल की उम्र मे भी यहां एक मुशायरे मे उन्होने शिरकत की ! तो ये पुरानी मुलाकात जेहन मे ताजी हो आई !

 

इस मुशायरे मे  ६ हजार लोग उनको और  बेकल उत्साही को सुनने आये थे ! अन्य नामचीन शायर भी शिरकत कर रहे थे !

 

मुशायरे में सुबह की ३ बज गई ! नीरज जी  को शायद स्वास्थ्य के कारणो से नही बोलने दिया गया ! अस्वस्थ भी वो दिखाई दे ही रहे थे ! सुबह जल्दी उनको फ़्लाईट भी पकडनी थी ! पर जनता नाराज थी !   खैर ये एक अलग विवाद रहा ! इससे हमे क्या लेना देना ? श्रोतागण सुबह के ३ बजे तक उनका इन्तजार करके निराश हो चुके थे और ऊठ कर जाने लगे थे कि अचानक बेकल उत्साही साहब ने माईक पर एक शेर पढ कर माईक नीरज जी के हाथॊं मे यह कहते हुये  थमा दिया कि लो नीरज जवाब दो !

 

ये क्या हुआ ? श्रोता जो जहां चल कर लौट रहा था वहीं ठहर गया ! सबने कुर्सियां संभाल ली ! और सबने इस हाजिर जवाबी का लुत्फ़ उठाया ! आप भी ऊठाइये !

 

बेकल साहब के सवाल मे नीरज जी ने ये जवाब दिया -

 

बादलों से सलाम लेता हूं, वक्त को थाम लेता हूं

मौत मर जाती है पल भर के लिये, जब मैं हाथों से जाम लेता हूं !

इस पर बेकल साहब ने कहा -

 

अपनी मस्ती की शाम मत देना, दोस्तो को यह काम मत देना !

जिसको पीने की तमीज न हो, उसके हाथों मे यह जाम मत देना !

 

नीरज जी ने इसके जवाब मे कहा -

 

इतने बदनाम न हुए हम तो इस जमाने मे,

तुमको सदियां लग जायेंगी मुझे भुलाने में

न पीने का सलीका न पिलाने का शऊर,

ऐसे ही लोग चले आये हैं मयखाने में 

 

देर तक ऐसे ही सवाल जवाब का सिल्सिला चला और फ़िर नीरज जी बोले - बेकल साहब, आप कहे,  फ़िर मैं एक गीत सुनाकर विदा लूंगा !

 

पर वो गीत नही सुना पाये ! शायद  उनकी तबियत नासाज हो गई थी या फ़िर फ़्लाईट पकडने का समय हो चुका था  ! नीरज जी को लाईव सुनना एक खुशगवार अनुभव होता है ! ईश्वर उनको स्वस्थ लंबी उम्र दे और हमें फ़िर उन्हे लाईव सुनने का मौका दे !

 

 

  इब खूंटे पै पढो :-

  ताऊ के बाबू (पिताजी)  नै ताऊ को दो झापड रसीद किये ! ताऊ ने प्रश्नसुचक दृष्टि से  
  बाबू की तरफ़ देखा ! बाबू ने और दो तमाचे लगा दिये !

  भाटिया जी वहीं खडे थे ! उन्होने पूछा - बाबूजी आप इसको (ताऊ) बिना मतलब
  मार क्यों रहे हो ? आखिर इसकी गल्ती क्या है ?

  ताऊ का बाबू बोल्या - अरे भाई भाटिया तैं जाणै कोनी इसनै ! यो घणा कपूत और
  ऊत छोरा सै ! आज इसका रिजल्ट आवैगा और यो पक्के से फ़ेल होवैगा ! अब मैं
  तो हर काम एडवान्स मे करता हूं ! सो इसकी ठुकाई भी एडवान्स मे ही कर रहा
  हूं पिछले तीन दिनों से ! अक्सर महान लोग कोई भी काम कल के लिये पेंडिन्ग
  नही छोडते !

  और ताऊ को इनिशियल एडवांटेज देते  हुये दो चार झापड और रसीद कर दिये !