पिछले ही दिनों बाबाश्री ताऊ महाराज साहब ने अपनी अपार कृपा दिखाते हुये भावी पीढी के मार्गदर्शन और कल्याण हेतु अनेको कोर्स ताऊ कालेज में इंट्रोड्यूस किये. इन कोर्सेस की सीटे 24 घंटे में ही फ़ुल हो गयी और अनेकों लोगों को पछताना पडा.
जिन लोगों को एडमिशन नही मिल पाया उन लोगों के कल्याण और भलाई के लिये बाबाश्री ताऊ महाराज साहब ने ताऊ औषधालय के अंतर्गत अति परम कल्याण कारक तेलों का निर्माण करवाया है. इन तेलों के फ़ार्मुले अचूक और अति गोपनीय हैं जिन्हें सिर्फ़ बाबाश्री ताऊ महाराज ही जानते हैं. इनकी निर्माण विधी अत्यंत दुष्कर और गोपनीय है.
जिन्हें भी लाभ उठाना हो वो तुरंत आकर अपने उपयोग का तेल खरीद लेवे, इन तेलों का निर्माण एक विशेष नक्षत्र के मुहुर्त में ही संभव है अत: बहुत ही सीमित मात्रा में उपलब्ध है. पहले आयें पहले पायें के फ़ार्मुले से ये तेल बेचे जाते हैं.
बाबाश्री के कर कमलों से तेल खरीदते श्री सतीश सक्सेना
मैच फ़िक्स तेल:- इस तेल की नित्य मालिश करने से तीन सप्ताह में मैच फ़िक्स करने की अपार शक्ति प्राप्त होती है. बुद्धि अति निर्मल होकर एक अदृष्य शक्ति से साक्षात्कार होता है. वही शक्ति आपको बताती है कि कौन सा मैच फ़िक्स करना है? किस मैच में सफ़लता मिल सकती है? किस मैच को संतान सुख उत्तम रहेगा? किस मैच का भावी जीवन सुखपूर्ण रहेगा. शादी से पहले अपने ज्ञान चक्षु खोलने के लिये अवश्य वापरें.
मूल्य रू. 2240/- प्रति शीशी मात्र
चेतावनी :- सटोरिये भाई, इसे क्रिकेट मैच फ़िक्स करने वाला तेल ना समझें.
*****
सर्वकष्ट-हर तेल:- यह अति गुणकारी और सभी कष्टों को दूर करने वाला तेल है. बहुत ही शुभ नक्षत्रों और योग में इसे निर्मित किया गया है. यदि आप पर कोई पुलिस वारंट निकला है? यदि आप मैच या कुछ और फ़िक्स करने में वांछित है? यदि आपने बैट या बाल का कोई खेल खेला हुआ है? किसी भी तरह की परेशानी हो, बस एक माह तक इस तेल का उपयोग करके देखें, आपके समस्त कष्ट दूर हो जायेंगे. बैट बाल करने से पहले ही इस्तेमाल करने वाले, इस चमत्कारी तेल की बदौलत हमेशा सुरक्षित रहेंगे. कभी भी पकडे नही जायेंगे.
मूल्य रू. 2770/- प्रति शीशी मात्र
चेतावनी :- इस तेल का क्रिकेट के बैट बाल से कोई संबंध नही है.
*****
घुटना तोड तेल:- यह अति चमत्कारी तेल है. इस तेल की मालिश से घुटनों की सभी खराबियां दूर होती हैं. बैट बाल से यदि घुटने जवाब दे गये हों तो यह तुरंत ठीक करता है. एक सप्ताह के उपयोग से ही आप वापस स्टेडियम में जाने के काबिल हो जाते हैं. तिहाड कालेज में खराब हुये घुटनों को तुरंत आराम मिलने की गारंटी दी जाती है. प्रयोग करके देखें.
मूल्य रू. 3140/- प्रति शीशी मात्र
चेतावनी :- इसे कृपया क्रिकेट से जोडकर ना देखें.
*****
फ़रारी काटू तेल:- सब तेलों का सरताज तेल...फ़रारी काटू तेल....बाबाश्री की नितांत गोपनीय विधियों के परिणाम स्वरूप इस अदभुत परम चमत्कारी तेल का निर्माण संभव हो पाया है. आपको ब्लाग से फ़रारी काटनी हो, फ़ेसबुक से फ़रारी काटनी हो, तिहाड कालेज से फ़रारी काटनी हो, स्टेडियम से फ़रारी काटनी हो, बस एक बार यह तेल इस्तेमाल करके देखिये. इस तेल में बाबाश्री ने वो शक्ति और चमत्कार भर दिया है कि आप इसे प्रयोग करने के बाद ही महसूस कर पायेंगे. इस तेल के प्रयोग से आप बिना फ़रारी काटे भी फ़रार हो सकते हैं. आप पूछेंगे यह कैसे संभव हो सकता है? तो दोस्तों...इस तेल की मालिश करते ही आप अदृष्य हो जायेंगे. आप सब कुछ देख सकेंगे पर आपको कोई नही देख पायेगा. तो अब डरना किस बात का? बैट करिये, बाल करिये और मस्त बेफ़िक्र होकर माल कूटिये.
मूल्य रू. 4450/- मात्र प्रति शीशी
चेतावनी :- क्रिकेट से संबंध रखने वालों को यह तेल नहीं बेचा जाता.*****
नोट:- पूरा कोर्स यानि चारों शीशी एक साथ खरीदने पर डाक खर्च नही वसूला जायेगा. शीघ्रता करें वर्ना यह मौका दुबारा नही मिलेगा. इसके बाद अगला लाट एक साल बाद ही बनेगा.

