Showing posts with label टोने टोटके. Show all posts
Showing posts with label टोने टोटके. Show all posts

गर्म तवे पर नाचती चुडैलों का शर्तिया इलाज

हिमालय से तपस्या करके बाबाश्री ताऊ महाराज अब वापस अपने पुराने ठीये ढोसी के पहाड वाले आश्रम में लौट चुके हैं. बाबाश्री को मालूम है कि आपको बहुत सी दुख तकलीफ़ सता रही हैं इसीलिये बाबाश्री अब वापस पधार गये हैं. संंसार में सभी को कुछ ना कुछ दुख तकलीफ़ अवश्य ही रहती हैं पर ऐसी कोई समस्या नही जिसका इलाज बाबाश्री के पास नही हो. खासकर "गर्म तवे पर नाचती चुडैलों" का तो बाबाश्री पक्का इलाज करते हैं. जिनको भी दुख कष्ट हो या जो दूसरों को कष्ट देना चाहते हों वो तुरंत बाबाश्री से संपर्क करें.

निम्न रोगो का शर्तिया इलाज किया जाता है.
प्रेमी को वशीकरण करवाना  है  या उससे अपनी मनचाही गिफ़्ट लेनी है?
 प्रेमिका का वशीकरण करवाना है और बाद में उसे अंगूठा दिखाना है?
पति को वशीकरण करवाके बंदर बनाना है या पत्नी को वशीकरण करवाके उसे दासी बनाना है?
किसी को अपनी तरफ आकर्षित करके फ़ंसाना है
 प्रेम विवाह में रहीं दिक्कतों को दूर करना है या किसी का प्रेम विवाह रूकवाना है?
शत्रु को अपने कब्जे में करना है?
नालायक संतान को अपने वश में करना है?
सौतन से छुटकारा चाहिये?  
किसी ने कुछ किया-कराया है? गृहक्लेश से छुटकारा चाहिये?
इन सब समस्याओं का जड से पक्का इलाज किया जाता है.

इसके अलावा मनचाहा जीवन साथी प्राप्त करने के लिये, बेरोजगारी की समस्या के लिये, व्यवसाय व्यापार  में सफलता नहीं मिल रहीं हो, संतान का नहीं होना या फिर होकर मर जाती हो, छात्रों को पढ़ाई में  रहीं दिक्कतों के लिये, विदेश में रह रहे हों और वहां पर आरहीं समस्याओं के लिये, ससुराल में सुखी रहने के लिये, सास-ससुर को वश में करना हो या उन्हें रस्ते लगाने के लिये, मन के बेवजह भय को दूर करने के लिये, निजी आवास और दुकान की समस्या के समाधान के लियेप्रतियोगी परीक्षा में सफलता प्राप्त कर उच्चाधिकारी बनने के लिये, परिवार में लड़ाई झगड़ा होता हो या ना हो रहा हो, तो करवाने के लिये, अपना या पराया फंसा हुआ धन निकलवाना, कर्ज से मुक्ति या नया कर्ज लेकर विजय माल्या बनने के लिये, जमीन जायदाद की कोई भी  समस्या हो, कोर्ट-कचहरी के मामले निपटाने के लिये, मुकदमे (केस) में शर्तिया जीत के लिये, किसी ने कुछ किया करवाया हो, उसको काटने के लिये, ऊपरी हवा बाधा से छुटकारे के लिये, पितृ दोष, कालसर्प दोष की शांति के लिये अथवा कुंडली में बड़े से बड़े दोष के समाधान के लिये चिंतित हैं तो तुरंत बाबाश्री ताऊ महाराज से सम्पर्क करें. 


बड़ी से बड़ी समस्या, वशीकरण, डाकिनी शाकिनी, प्रेत प्रेतनी चुडैल, ऊपरी हवा बाधा दूर करने की फ़ोन पर भी व्यवस्था है, आपका नाम गुप्त रखे जाने की पूरी ग्यारंटी के साथ, आपने किसी पर कुछ जादू टोना करवाया है इस बात को पूर्ण रूपेण गुप्त रखा जायेगा. यह हमारी विशेष कस्टमर नीति के अंतर्गत आता है. बेखौफ़ होकर अपने दुश्मनों से बदला लेने का सुनहरा मौका. फ़ीस प्रत्येक कार्य के लिये सिर्फ़ रूपया 21,000/ मात्र.

बाबाश्री कभी भी तपस्या के लिये वापस जा सकते हैं सिर्फ़ चंद दिनों के लिये ही आश्रम पधारे हैं अत: तुरंत अपने दुख दूर करवा लिजीये. 

(नोट:-आजकल जोधपुर बीकानेर के गांवों में चुडैल द्वारा महिलाओं के बाल काटने की अफ़वाह फ़ैलाकर शायद कुछ तांत्रिक अपना उल्लू सीधा करना चाहते हैं, इनसे बचे, कोई चुडैल नही होती.)