खबरदार ....श्श्स..... शश........ ये जिन्नातों का ठिकाना है ! आप आज तक नही मिले होंगे ! लेकिन हम भी आपकी तरह ही हैं ! डरिये नही ! आप में हम में फर्क सिर्फ़ इतना है की आपके पास शरीर है और हमारे पास नही है ! यहाँ पर आपको मैं भुत, प्रेत, चुडैल, जिन्, जिन्नात, ब्रह्म राक्षस आदि सभी से मिलवाउंगा ! आप डरना बिल्कुल भी नही !
और यहाँ हमारा एक पूरा संसार है ! मैं इन सब मेरे मित्रों सेबात कर रहा हूँ की वो अपने ख़ुद के बारे में आपको बताएं ! आप यकीन रखिये , डरें नहीं , आप चाहे तो टिपणी भी कर सकते हैं और अपनी पसंद नापसंद बता सकते हैं !
मैं ख़ुद एक ब्रह्म राक्षस हूँ ! मेरे बारे में आप सिर्फ़ इतना जान लीजिये की मैं कभी किसी इंसान को नुक्सान नही पहुंचाता बल्कि जितनी हो सके उतनी इंसानों की मदद मैंने की है ! ये अलग बात है की इंसानों ने हमको कभी मरा हुआ इंसान समझ कर भी इज्जत देने की कोशीश नही की! बल्कि हमसे डर कर और हमको सबसे दूर और अछूत करार दे दिया है ! पाखण्ड के नाम पर हमें बदनाम कर के कुछ लोगों ने अपना उल्लू सीधा किया और भोली भाली जनता को अंध विश्वासों में पटक कर खूब माल बनाया !
आप सच में हमसे हम दर्दी रखते हैं तो आइये , आपभी हमारे बारे में जानिए और अपनी जिज्ञासा शांत कीजिये , और अपना डर निकालिए ! याद रखिये अगर आपने किसी आत्मा को प्रशन्न कर लिया तो वो आत्मा आपको प्रशन्न कर देगी ! अगर आपने कोई बद तमीजी की तो आत्मा आपके पास नही आयेगी ! पर आपको नुक्सान कतई नही पहुंचायेगी !
आप शांत चित होकर यहाँ पर हमारे बारे में पढ़े , और अगर आप डरते हों तो कृपया यहाँ ना आए ! वैसे बतादू की जिंदा आदमी हम मरे हुए आदमियों से ज्यादा ही खतरनाक होता है ! फ़िर आप भूत -प्रेत के नाम पर हम मुर्दा आदमियों से क्यों डरते हैं !
यकीन मानो भाई हम भी मानव या जो भी मिल जाए वो शरीर ढुन्ढ रहे हैं ! जैसे ही मिल जायेगा , हम भी सशरीर हो कर आप लोगो के बीच आ जायेंगे ! मैं आशा करता हूँ की आप हम से नही डरेंगे और हमें भी बराबरी का दर्जा देते हुए ही आपकी दुनिया में रहने देंगे ! आप हमसे कैसा व्यवहार करते हैं वो तो आपके कमेंट्स ही बताएँगे !
मैं आपको फ़िर यकीन दिलाता हूँ की हम आपके मददगार ही होंगे ! आप डरें नही ! और बेफिक्र होकर कमेन्ट करे ! आप अगर चाहते हैं की आप हमारी दुनिया के बारे में जाने तो हमको प्रोत्साहित कीजियेगा ! और अगर आपको हम अच्छे नही लग रहे हैं जैसी की संभावना भी है और होता भी आया है ! तो कृपया अपनी बेधड़क राय यहाँ व्यक्त कीजिये ! हम यह जगह खाली कर देंगे ! वैसे यह हमारा भविष्य का प्लान है की जो भी ब्लॉगर मरता जायेगा उसके लिए हम यह ब्लागिंग का प्लेटफार्म तैयार रखे , क्योंकि जो आदमी एक बार ब्लागरी कर चुका वो मरने के बाद कितना तकलीफ पायेगा ? यदि उसे ब्लागिंग का सामान नही मिलेगा !
अत: भविष्य में यहाँ हमारी दुनिया में आने वाले ब्लागरों की सुविधा के लिहाज से हमने यह ब्लॉग शुरू करने का निरणय लिया है! अब आप जान ही गए होंगे की हम यह सिर्फ़ और सिर्फ़ आपकी भलाई और सुविधा की द्रष्टि से कर रहे हैं ! चूंकी मरने के बाद निचे से कुछ भी सामान लाना मना है ! सो हमारी भुत मंडली के लोग पता नही कहाँ से ४ कंप्यूटर उठा लाये थे ! और चूंकी मैं सबसे आधुनिक मरा हुआ भूत हूँ सो मुझे अपने जिंदा शरीरके समय का ज्ञान है ! अत: मैं यहाँ इन भूत प्रेतों का चहेता हूँ और इनको कंप्यूटर सिखा रहा हूँ ! अगर आप में से किसी का कंप्यूटर गायब हो तो बता देना वह आपको वापस करवा देंगे ! क्योंकि ४ कंप्यूटर ये हमारे छोटे भूत आप में से ही किसी के उठा लाये हैं ! और आप चाहो तो आप जब यहाँ आयेंगे तब केलिए रिजर्व रख देंगे !
दोस्तों मरना सबको है अगर मरने के बाद भी ब्लागिंग करनी है तो हमें बताइये और अगर हमारी बात नही जमी तो भी बताइये जिससे हम यहाँ से रवाना हों ! मैं आपको बताऊँ की मुझे भी जिंदा रहते ब्लागरी का चस्का लग गया था ! मरने के बाद बहुत परेशान रहा ! मैंने खाना पीना छोड़ दिया था ! पर यहाँ इस दुनिया में कौन किसकी सुनता है ? और ब्लागरी का नशा आप से बेहतर कौन समझ सकता है ?
मैं यहाँ महीनो भूख हड़ताल पर रहा तब इन लोगो ने मेरी सुध ली और आज मैं ये पहली पोस्ट लिख रहा हूँ ! आज महीनों बाद मुझे चैन आया है ! आशा करता हूँ की एक मरे हुए आदमी की पोस्ट को आपका अच्छा समर्थन मिलेगा और मैं यकीन दिलाता हूँ की आप का जब भी यहाँ आने का विचार हो मैं आपके लिए सारा ब्लागिंग का सामान तैयार रखूंगा ! आपको यहाँ कोई कमी नही होने दूंगा ! वैसे मैं यहाँ का पूरा हाल चाल आपको बताता रहूंगा ! और आशा करता हूँ की आपका भी आखिरी ठोर ठीकाना तो यहीं है तो आप इसके बारेमें जानना भी जरुरी समझेंगे !
( इतनी देर में सुबह ४ बजे का अलार्म बज गया और सारा सपना चकनाचूर हो गया ! पता नही रात को आखिरी बार किस के ब्लॉग पर था की सपने में ये भूत महाराज का ब्लॉग पढ़ने में आ गया ! पर ताऊ को भूत की बातों में कुछ सच्चाई तो दिखै सै ! भूत किम्मै झूँठ थोड़े ही बोलदा होगा ! )