Showing posts with label ठग. Show all posts
Showing posts with label ठग. Show all posts

ताऊ और गांव का परम विद्वान

पुराने समय की बात है. एक युवक बहुत उच्च विध्याध्यन और शाश्त्रों मे शिक्षा पुर्ण कर अपने वतन वापस लौट रहा था. उसकी समस्त पूंजी उसकी पुस्तकें थी जो वो घोडे पर लादे हुये चल रहा था.

 

रास्ते मे शाम होगई. आगे जंगल था. गांव के लोगो ने उसे कहा कि आप यहीं पर रात्रि विश्राम करिये. और युवक को एक धर्मशाला मे ठहरा दिया गया.

 

गांव के कुछ ठगो को यह खबर लगी कि एक विद्वान आया हुआ है सो उन्होने उसको अपने गांव के एक विद्वान से शाश्त्रार्थ करने की चुनोती दे दी. अब उस युवक ने उन लोगो की चुनोती स्वीकार कर ली.

 

अगले दिन एक विशाल शामियाना लगाया गया. गांव के सब लोग इककठा हो गये. युवक को भी एक ऊंचे आसन पर बिठाया गया था.

 

अब गांव का जो विद्वान था वो निरा मुर्ख और जाहिल था. यानि बिल्कुल अनपढ.

 

जैसे ही वो आसन की तरफ़ बढा, उस युवक ने उस को कहा -- महोदय नमस्कार.

 

उसने कभी नमस्कार शब्द ही नही सुना था. सो वो समझा की ये कोई सवाल कर रहा है. सो उसने उत्तर मे कहा..नमस्कार...चमस्कार...

 

अब उपस्थित गांव वालों ने ताली पीटी कि वाह भाई हमारे गांव के विद्वान तो बडे प्रकांड विद्वान हैं.

 

अब पहला प्रश्न गांव वाले विद्वान ने दागा. कहा - खै खै खवैया ?

 

उस युवक का यह प्रश्न कभी सुना हुआ नही था. सो उसने अपनी सब पुस्तके छान मारी. उसको कहीं कोई उत्तर नही मिला. आखिर उसने हार मान ली.

 

गांव वालों ने गांव के विद्वान की जय जय कार करी. उसको हार फ़ूल पहना कर जुलुस निकाला और इस युवक की किताबे और घोडा छीन कर उसको दे दिया. और गांव से बाहर निकाल दिया.

 

युवक बडा अपमानित मह्सूस करते हुये रोनी सूरत लेकर घर की तरफ़ पैदल ही रवाना होगया. थोडी दूर चलने पर रास्ते में अगला गांव पडा. जहां उसकी मुलाकात ताऊ से हुई.

 

अब ताऊ को तो आप जानते ही हो कि बिना पढा लिखा, उज्जड और पक्का गंवार. यानि अच्छे गुण तो  कुछ भी नही ताऊ मे. और ठगी मे तो उस्ताद है ही और साथ में   चलता पुर्जा भी.

 

ताऊ को जब पूरे मामले की जानकारी लगी तो उसको बडा गुस्सा आया. अब ताऊ से कोई ठगों की जमात छुपी हुई थोडे ही थी. वो पहचान गया कि ये गोटू सुनार मण्डली के ही पठ्ठों का कारनामा होगा?

 

सो उसने उस युवक को कहा कि आप यहां खाना खाओ और विश्राम करो. मैं आपकी पुस्तके और घोडा वापस ले कर आता हुं.

 

अब ताऊ ने बहुत सारी पुस्तकों की एक गठरी बांधी और विद्वान का भेष बना कर अपने ऊंट पर बैठ कर रवाना हो गया.

 

फ़िर उसी गांव मे जाकर चोपाल पर बैठ गया. अब विद्वान को देख कर उस गांव के उन्ही ठगों की टींम ने आकर ताऊ को भी शाश्त्रार्थ के लिये उचकाया. पहले तो ताऊ झूंठ मूंठ का  मना करता रहा . फ़िर नानुकुर के बाद तैयार हो गया.

 

अगले दिन सारे गांव वाले इककठा हुये. भव्य शामियाना लगवाया गया था. ऊंचे मंच पर गांव का ठग विद्वान पहले से विराजित था.

 

जैसे ही ताऊ ने शामियाने मे कदम रखा..जनता ने करतल धव्नि से ताऊ का स्वागत किया. और उस गांव वाले विद्वान ने ताऊ को नमस्कार कहा.

 

ताऊ ने जवाब मे कहा - नमस्कार..चमस्कार..घमस्कार...हमस्कार.. डमस्कार. . और लवस्कार.

 

गांव वाले समझे कि ये तो कोई बहुत बडा विद्वान है? एक नमस्कार के बदले इतने.. स्कार बोल दिये. जनता ने ताऊ के लिये घणी तालियां बजाई.

 

अब आगे की कार्यवाही के मुताबिक गांव वाले विद्वान ने अपना वही पुराना प्रश्न 

दोहरा कर कहा...   खै खै खवैया... और बोला  इसका जवाब दिजिये.

 

उधर उसके पठ्ठे तो ताऊ का ऊंट और किताबे जब्त करने को उचक रहे थे. पर उनको क्या मालूम की ताऊ से ठगी मे कोई आज तक भी नही जीत पाया है.

 

ताऊ बोला - भाई साहब आप व्याकरण के परम सुत्र वाक्य को अधुरा बोल रहे हैं. आप पूरा बोलिये तो मैं इसके आगे का जवाब आपको दूं?

 

अब उस गांव वाले विद्वान को क्या पता कि व्याकरण और उसके परम सुत्र क्या होते हैं?

वो चुप रहा. उधर गांव वाले भी स्तब्ध रह गये कि आज हमारे गांव के विद्वान को क्या हो गया है?

 

अब ताऊ बोला - सुनो जी. मैं आपको पूरा सुत्र सुनाता हूं. और इस परम सुत्र को साधारण तरीके से नही बोला जाता. इसे थोडा साध कर बोला जाता है.

 

अब ताऊ ने आगे सुत्र बोलना शुरु किया -- 

जमीन जुतवैया....हल चलवैया...

अनाज बुवैया...अनाज उगैया...

अनाज कटैया...गाहटा गहैया...

अनाज बरसैया...अनाज पिसवैया..

आटा छन्वैया...रोटी पुवैया...

एवम... च:... 

तत्पश्चातम ....खै खै खवैया. .....

और खवैया के बाद 

जब पेट भरवैया तब 

जाकर ब्लाग पर टिपणी टिपवैया.   

त्वम.. इतने दिवस से लोगो को  बेवकूफ़ बनवैया? 

किम कुरवैया दुष्ट?  


अब गांव वाले विद्वान का तो चेहरा फ़क हो गया. जनता ने ताऊ की जय जय कार बोलना शुरु किया. उस गांव के लोगों ने ताऊ के जितना व्याकरण का परम विद्वान आज तक नही देखा था.

 

अब उस गांव वाले विद्वान और उसकी मण्डली का मूंह काला करके गांव से बाहर कर दिया. उनकी सब संपति ताऊ को इनाम मे दे दी.

 

ताऊ ने उस युवक का घोडा और किताबे वापस करवा दी और अपने काम धन्धे मे लग गया.


 



इब खूंटे पै पढो:-

ताऊ आज कुछ गंभीर चिंतन मे था कि क्युं उल्टे सीधे काम करता है? और कुछ आगे की रणनिती पर विचार करने मे व्यस्त था.

इतनी देर मे बिल्कुल सफ़ेद सलवार कुर्ते में सजी धजी शक्कर कुमारी (sugar) इठलाती हुई आकर ताऊ के पास बैठ गई. और दोनों मे बात चीत होने लगी.

ताऊ ने बताया कि मैं बडा परेशान हूं. लोगो मे मेरी छवि एकदम लठ्ठ छाप पहलवान की बन गई है. क्या करूं? मुझको कोई पसंद ही नही करता.

शक्कर कुमारी बोली- हां ताऊ ये बात तो सही है. आप बहुत कडुवा बोलते हो. हमेशा उज्जड और गंवारों के जैसे बाते करते हो. आपको मीठा बोलना चाहिये.
आप बोलते हो तो लगता है कि लठ्ठ मारते हो.


आगे शक्कर कुमारी बोली ---अरे मेरे को देखो..मैं कितना मीठा बोलती हूं. जैसे मेरे मूंह से फ़ूल झडते हों. और लोग तो कहते भी हैं कि शक्कर कुमारी कितनी मीठी है. अब इसमे मेरा क्या जाता है?  और एक कहावत भी है कि गुड मत दो गुड के जैसी बात  तो कर सकते हो?

धवल वस्त्रा शक्कर कुमारी बडे नाजो अदा से ताऊ को शिक्षा दे रही थी कि इतने मे
एक चींटीयों का झूंड आया और अगले कुछ ही पलों मे शक्कर कुमारी को चट कर
गया.

ताऊ को मिला बराबरी का जोडीदार

ताऊ की तरफ़ तैं  आज सबेरे की  रामराम. भाई ताऊ का एक घणा पक्का दोस्त था गोटू सुनार. इन दोनुआं म्ह पक्की दांत काटी दोस्ती थी. और दोनू के दोनूं ही शातिर ठग थे. ताऊ के कारनामें तो आप जानते ही हो. पर गोटू सुनार उससे भी दो हाथ आगे था.

 

इन दोनो की एक विशेषता और थी कि दोस्ती के बावजूद भी एक दुसरे को  ठगने का कोई भी मौका नही छोडते थे. इसके बावजूद भी उनकी दोस्ती मे कोई दरार कभी नही आई.

 

अब एक दिन गोटू सुनार के छोरे का ब्याह था. सुनार ने ताऊ को उसके यहां आने का न्योता दिया. ताऊ शादी मे पहुंचा. सब कार्यक्रमों मे शामिल हुआ .  दहेज मे सभी सामान आया जो कि सभी शादियों मे आता है. पर एक सोने का बडा सा थाल भी दहेज मे आया था और उस पर ताऊ की नियत खराब हो गई थी. पर ताऊ को कोई मौका हाथ नही लगा इसको पार करने का.

 

कुछ दिन बाद लगता है गोटू की किस्मत खराब होगी जो उसने ताऊ को फ़िर बुलावा भेजा और ताऊ आ धमका. ताऊ के आते ही दोनों दोस्त हुक्का गुडगुडाते हुये गप्पें मारने लगे. रात को सुनार ने ताऊ को उसी सोने के थाल मे खाना खिलाया. बस ताऊ के दिमाग मे तो स्कीम दौडने लगी.

 

उधर गोटू सुनार भी समझ गया कि ताऊ की नियत खराब हो गई है और किसी भी तरह थाल को बचाना है. पर ताऊ जैसे ठग से वो भी घबराता था. खैर उसने अपना इन्तजाम कर लिया. और दोनो की खटिया बिल्कुल पास पास लगा दी और दोनो सो गये,

 

थोडी देर मे ताऊ नकली खर्राटे लेने लगा. ये देख कर गोटू सुनार भी सो गया.

ताऊ ने देखा कि सुनार खर्राटे ले रहा है तो उसने सुनार की खटिया के उपर एक छींका बंधा देखा और उसमे वही सोने का थाल रखा था और पानी से पूरा लबालब भरा हुआ. ताऊ समझ गया कि सुनार की चालाकी है ये.


खैर ताऊ भी ताऊ था.  ताऊ चुपचाप ऊठा, और हुक्के की नलकी निकाल लाया. उस नलकी को धीरे से उस सोने के थाल के पानी मे डाला और चुपचाप सारा पानी खींच कर पी गया. फ़िर उस थाल को ऊठाया और सीधे गांव के बाहर तालाब मे कमर तक पानी मे घुस गया और वहां सोने के थाल को  गाड कर वापस आकर चुपचाप अपनी खाट पर सो गया.

 

अब रात के दुसरे प्रहर मे गोटू सुनार की आंख खुली और उसकी नजर छींके पर गई तो उसके होश ऊड गये. ताऊ बगल की चारपाई पर सो रहा है और थाल गायब है.

 

धीरे २ उसने पूरे कमरे को छान मारा. और ताऊ की चतुराई पर दंग रह गया कि आखिर इसने बिना पानी गिराये थाळ को पार कैसे किया ? पर उसकी अक्ल मे ये गुथ्थी नही सुलझी. आखिर वो भी ताऊ के सामने हार मान गया.

 

पर सुनार दिमाग लडाता रहा कि ये सब कैसे हुआ ? अचानक उसका हाथ ताऊ के शरीर से लग गया. उसने टटोल कर देखा तो ताऊ का शरीर कमर के नीचे ठंडा था और कमर के उपर गर्म.

 

सुनार सारा माजरा समझ गया और चुपके से ऊठकर उस तालाब तक गया और सोने का  थाल उसमे से निकाल लाया. वापस आकर चुप चाप सो गया.

 

सुबह हुई, सुनार ऊठ कर हुक्का भर लाया, इतनी देर मे ताऊ भी ऊठ गया.
सुनार - ताऊ राम राम ! कहो रात कैसी गुजरी ? नींद तो ठीक से आई ?
ताऊ - अरे यार गोटू, जैसा मेरा घर वैसा तेरा घर ! भाई घणी बधकी ( बढिया) नींद आई.मैं तो रात को सोया तो अब नींद खुली है,

 

हुका पीके ताऊ बोला - भाई गोटू इब मैं जाऊंगा मेरे गांव,   घर और खेतां का घणा काम पडया सै.
सुनार बोला - ताऊ इब थोडी देर डटज्या ! खाना वाना खाकै चले जाणा. मैं थारी भाभी तैं बोलकै जल्दी खाणा बनवाता हूं. मुस्कराते हुये सुनार बोला.

 

दोनों तालाब पर जाकर फ़्रेश हौ   कै नहा धौकै आगये तब तक खाना तैयार था. सुनार ने अब फ़िर से ताऊ को सोने उसी थाल मे खाना परोसा. ताऊ परेशान ! जैसे तैसे खाना खाया और आखिर पूछ ही बैठा कि गोटू भाई तुम्हारे पास ऐसे कितने सोने के थाल हैं ?

 

सुनार बोला - बस एक ही है  ताऊ.
ताऊ आश्चर्य से बोला - पर वो तो मैं.......! और ताऊ विस्मय से बोला - ये कैसे हो सकता है ?


सुनार बोला - ताऊ पहले तू बता फ़िर मैं बताता हूं . अब मैं कोई रामदयाल कुम्हार तो हूं नही . मैं हूं गोटू सुनार . और तेरे से कमजोर इन कामों मे नही पडूंगा. फ़िर दोनो ने अपनी अपनी कारस्तानी सुनाई. और दोनो एक दुसरे की बडाई करने लगे.

 

अचानक ताऊ के दिमाग मे एक आईडिया आगया और वो सुनार से बोला कि - यार हम दोनो ही मंजे  हुये ठग हैं. अगर हम दोनो मिल जाये तो कोई लम्बा हाथ मार सकते हैं . और मेरी निगाह मे एक शिकार भी है.

 

सुनार भी कडका और पका शातिर  था सो बोला - ताऊ जल्दी बता शिकार का पता , बस समझ  ले अपना joint venture शुरु.

 

और ताऊ ने उसको बताया कि सेठ के पास बहुत तगडा माल है, सो एक हाथ मार देते हैं. मेरा पुराना हिसाब किताब भी चुकता हो जायेगा.

 

और इस प्रकार इन दो शातिरों का joint venture शुरु हो गया और उसका पहला शिकार कौन बना ? ये सब अगले अंक मे देखना.

 

इब खूंटे पै पढो :-

ताऊ घणा परेशान था.  ताऊ ने राज भाटिया जी को फ़ोन लगा कर कुछ मदद करने
को कहा. पहले तो भाटिया जी ने मना कर दिया.

पर आप जानते ही हो कि ताऊ भी नम्बर एक का स्कीमबाज है सो उसने भाटिया
जी को ऐसी स्कीम समझाई कि भाटिया जी ने तुरंत ५ लाख रुपये ताऊ को ट्रांसफ़र करवा दिये.

अब ताऊ ने जो स्कीम भाटिया जी को बताई थी उसका हिसाब उनसे लग नही रहा
था. ताऊ की बताई स्कीम आज तक किसी को समझ नही आई तो भाटिया जी को
क्या समझ आने वाली थी?

ताऊ ने यह कह कर रुपये ट्रांसफ़र करवाये थे कि ५ रुपया सैकडा प्रतिमाह का ब्याज
और मुनाफ़े का चालीस टका और नुक्सान मेरा. पर हिसाब बारह महिने बाद करूंगा.

अब भाटिया जी हिसाब लगा रहे थे कि ५ रुपये सैकडे से २५ हजार महिना का तो ब्याज का मिलेगा, फ़िर मुनाफ़ा अलग. जब पूरा नही जोड पाये तो उन्होने समीरलाल जी
को फ़ोन लगा पूछा. 

भाटिया जी :- अजी समीर जी रामराम. कैसे हैं?
समीर जी :- रामराम जी भाटिया साहब, सब ईश्वर की कृपा है. आप सुनाईये, आज
कैसे याद कर लिया?
भाटिया जी :- अजी एक हिसाब जुडवाना था. थोडा बडा हिसाब है, अगर आपको समय
हो तो यह बताईये कि मैने ५ लाख रुपया ५ रुपये सैकडे प्रतिमाह से ताऊ को बारह महिने के लिये उधार दिये है तो मुझे कुल वापस कितने रुपये मिलेंगे?

समीर जी :- अजी भाटिया जी ! आपको कुछ भी नही मिलेगा.
भाटिया जी :- क्यों ? आप क्या गणित का हिसाब नही जानते? मैने तो सुना है आप
बहुत पहुंचे हुये CA  हैं?

समीर जी : अजी भाटिया साहब मैं तो गणित जानता हूं पर लगता है आप ताऊ को
नही जानते? इतनी बडी रकम देने के पहले हिसाब पूछना चाहिये था ना ? 

ताऊ ने शुरू किया ठगी का नया धंधा

इंसान के जब धंधे रुजगार ठप्प हो जावै तो बड़ी आफत हो जाया कराइ सै ! और यो ही आज कल ताऊ कै साथ हो री सै ! घणी मेहनत और इमानदारी तैं काम धंधा करण कै बावजूद भी ताऊ के कमानै खानै के किम्मै ठिकाणै कोनी ! ताऊ भी बैल गाडी,  और हल जोत जोत कर थक गया था ! अब ताऊ को ऐसा धंधा चाहिए था जिसमे हल बैल से cart पीछा छूटे और माल खूब मिल जाए !  इब ताऊ के करै ?  जितने मुंह उतनी सलाह ! आख़िर ताऊ को उसके एक दोस्त नै पुराणा डकैती वाला काम ही करण की सलाह दे डाली ! ताऊ जानता था की ये सब भी मजा लेण खातर ही ये सलाह दे रे सै ! पर ताऊ ने अब विचार कर लिया की धंधा तो इब डकैती डालने का ही करना सै , पर थोडा मोडिफिकेशन कै साथ ! यानी सीधी रिस्क नही लेना ! यो नया धंधा ताऊ नै शुरू किया ठगी का ! इसमे डाईरेक्ट रिस्क कम है ! इब ताऊ ने खूब सोच समझ कर प्लान बानाना शुरू किया ! ताऊ ने तय कर लिया की अबकी बार मुंह की नही खायेगा ! यहाँ तक की फूलप्रूफ प्लान बनाएगा की कोई भी उसको ग़लत ना ठहरा सके !

 

पिछले धंधे करने में ताऊ को पास के काम के सेठ से रुपये उधार लेने पड़ गए थे ! और वो सेठ ताऊ से ब्याज के इतने रुपये ऐंठ चुका था की ताऊ का सारा खून ही चूस लिया था ! और इबी बी उसका हिसाब चुकता हुया कोनी था ! सो ताऊ नै सोची सबतैं पहलम इस बाणीये नै ही जोरदार सलाम सितारे वाली टोपी पहनाई जानी चाहिए ! और ताऊ एक दिन स्कीम बना कर सेठ कै घर पहुँच गया ! वहाँ जाकर राम राम श्याम श्याम करकै ताऊ एक तरफ़ बैठ्ग्या ! थोड़ी देर बाद सेठ जी फुर्सत म्ह हुए तो पुछण लागे - बोल भाई ताऊ तू क्यूँ कर आया ? के चाहवै सै तू ?

 

ताऊ बोल्या - जी सेठ जी म्हारै घर मेहमान आए सें और म्हाने कुछ बर्तन थाली , कटोरे और गिलास चाहिए ! इब सेठ का तो ये धंधा ही था टेंट हाउस का ! सो ५ बर्तन के सेट थाली कटोरे के ताऊ को दे दिए और रसीद पर साईन करवा लिए ! क्यूँकी ताऊ की डकैती वाली बात आस पास के  गाँवों में फ़ैल चुकी थी ! और ताऊ का प्रोफाईल काफी ख़राब हो चुका था ! हर आदमी ताऊ से व्यवहार करण म्ह डरण लाग गया था ! 

 

इब ३ दिन बाद ताऊ बर्तन वापस करने सेठ जी के घर गया ! और जाकर बर्तन और किराया जमा कराया ! और साथ म्ह ५ कटोरी बिल्कुल ब्रांड न्यू सेठ जी को थमा दी ! सेठ जी नै पूछी की ताऊ यो के सै ? इब ताऊ बोल्या - सेठ जी कल रात थारे इन बर्तनों ने यो बच्चे दिए थे ! यानी थारे बर्तनों की जचकी म्हारै घर पै हो गई थी ! और मैं आजकल सुधर गया हूँ सो ये आपके बर्तनों के बच्चे आप संभालो ! ये तो आपके ही हैं ! बाणीये को अचम्भा  तो हुवा पर ५ कटोरियों के लालच ने उसको कुछ सोचने नही दिया और कटोरीयाँ रख ली !

 

कुछ दिन बाद ताऊ आया और कुछ बर्तन और लेगया ! अब हर बार ताऊ के यहाँ बाणीये के  बर्तन जाते रहे और उनकी जचकी वहाँ होती रही ! एक बार तो कुछ ज्यादा ही बर्तन ताऊ ले गया और वापसी म्ह एक बड़ा कडाव दे गया और सेठ को बोल्या - सेठ जी इबकै तो थारै सारे बर्तनों ने मिल कर एक साथ ही जचकी कर ली सै और सबनै मिलकै यो बड़ा कडाव ही पैदा कर दिया ! सेठ तो खुश ! सेठ को इतना लालच आया की उसकी सोचने समझने की ताकत ही जवाब दे गई ! उसको ये पक्का विश्वास हो गया की उसके बर्तन बच्चे पैदा करते हैं ! और ताऊ के अलावा जो लोग बर्तन ले जाते हैं ये सारे बेईमान हैं जो उसके बर्तनों के बच्चे उसको नही लौटाते ! ताऊ ने बाणीये के मन में अपनी साख जमा ली पुरी तरह ! ताऊ बर्तन ले जाता रहा और बाणीये के बर्तन बच्चे देते रहे !

 

एक रोज ताऊ एक किराए का ट्रेक्टर लेके आया और सीधा बाणीये के घर पहुँच गया ! और बोला - सेठ जी म्हारै आड़े परसों शादी का कार्यक्रम सै सो ये बर्तन ज़रा जल्दी निकलवा कै ट्रेक्टर म्ह रखवा दो ! और ताऊ नै लिस्ट पकड़ा दी ! ताऊ भी पक्का शातिर प्लान बना कै आया था ! इतनी बड़ी लिस्ट थी की सारा गोदाम सेठ का खाली हो गया और फ़िर भी लिस्ट पूरी नही हुई ! बाणीये ने सोच्या - घर के  रसोई के बर्तन भी रखवा देता हूँ आख़िर किराया भी आयेगा और बच्चे भी देंगे ! अपने यहाँ ना तो किराया आता है और ना ये  सुसरे यहाँ  बच्चे  देते हैं  ! सो घर के बर्तन भी रखवा दिए ! बाक़ी बचे खुचे पड़ोस के उधार मांग कै ताऊ को दे दिए ! लालच जो ना करवाए सो कम सै ! ताऊ नै ट्रेक्टर आले को कहा - भाई जल्दी निकल ले शहर की तरफ़ ! यो सुसरे बाणीये को सदबुद्धि आवै उसकै पहले ही काम निपटाना सै ! ताऊ नै शहर पहुँच कै बर्तन भांडे बेच खाए और रुपये अन्टी म्ह करके अपने गाम चला गया !

 

इब ४/५ दिन हो गए ! ताऊ नही आया तो बाणीये को कुछ बैचैनी होण लाग गी ! इब जैसे २ समय बीतता गया उस बाणीये की तो तबियत ख़राब होने लग गई ! और २/ ४ दिन निकले तो उसने सोच लिया की चौधरी नै कुछ गड़ बड़ जरुर करदी दिखै !
सो हार थक कर ताऊ कै गाम म्ह गया और सीधा ताऊ कै घर पर पहुंचा ! वहाँ पर पूछा की ताऊ कित सै ? ताई नै जवाब दिया की वो तो कई दिन तैं बाहर गया सै ! इब ताई कै हाथ म्ह लट्ठ देखके बाणीये की और कुछ कहण की तो वहाँ हिम्मत नही पडी और सीधा गया सरपंच धौरे ! और पंचायत बुला ली ! और ताऊ को तलब  करण का नोटिस निकलवा दिया ! और ताऊ के घर ख़बर करवा दी पंचो ने की, शनिवार को पंचायत बैठेगी ! नियत दिन ताऊ पंचायत कै सामने हाजिर हो गया !

 

ताऊ को आरोप पढ़ कर सुनाये की ताऊ बाणीये के बर्तन ले गया और वापस नही करता ! इब ताऊ नै बोलना शुरू किया ! भाइयो ! बात या सै कि इस बाणिये के ने मेरे को बीमार बर्तन दे दिये थे ! और वो बर्तन मर गये तो मैं कहां से लौटाऊं ?


और उन बर्तनो का इतने दिन तक मैने इलाज करवाया उसका खर्चा पानी मुझे चाहिये ! और इस बाणीये ने मेरी इज्जत यहां आप सबकै सामनै खराब करी उसका मान हानि का भी रुपया चाहिये ! इब सारे पंच सरपंच एक दुसरे का मुंह देखण लाग रे ! और तभी बाणिया बोल्या - भाइयो यो ताऊ नम्बर एक का झुंठा सै ! कभी बर्तन भी बीमार होकै मर सकै सैं के ?

 

इब ताऊ बोल्या - भाइयो इस बाणिये नै पुछो कि जब बर्तन बच्चे पैदा कर  सकते हैं तो बीमार होकर मर क्युं नही सकते ?


ताऊ इब फ़िर बोल्या - इसकै बर्तन इतनी बार मेरे यहां जचकी करके बच्चे पैदा कर  चुके थे पर मैने कभी इस बाणिये से जापे का खर्चा भी नही मांगा !  आप पूछ लो इससे ! इसके बर्तन मेरे यहां बच्चे पैदा करते थे या नही ?  ! हर बार इसके बर्तनों द्वारा पैदा बच्चो को मैं इमानदारी से इसको दे देता था !  अब तो पहले का भी खर्चा चाहिये ! अब फ़ैसला आप के ही हाथ सै ! इब बाणियां मना भी नही कर सकता था की उसके बर्तन बच्चे नही पैदा करते थे ! बुरा फ़ंसा ताऊ के जाल मे !

 

पंचो ने पुरी बात सुनी और फ़ैसला दे दिया कि अगर बर्तन जचकी करके बच्चे पैदा कर सकते हैं तो बीमार होकर मर भी सकते हैं ! और ताऊ के हक मे फ़ैसला दे दिया ! जुर्माना भी बाणिये पर लगाया गया ! और ताकीद की गई कि आईन्दा इस तरह के झुंठे मामले लगा कर किसी शरीफ़ आदमी की इज्जत नही खराब करे ! वर्ना अगली बार और सख्त जुर्माना लगाया जायेगा !