Showing posts with label आत्मकथा. Show all posts
Showing posts with label आत्मकथा. Show all posts

स्कूल के सुनहरे दिन भाग-3

भाग-1 एवम  भाग-2  अब आगे पढिये....

अब तक आपने पढा कि कैसे गणित वाले मास्टर जी ने रामजीडे को पहले ही दिन कूट दिया और सब के मन मे दहशत भर दी. असल मे उस समय का हिसाब ही यही था कि बच्चों को जितना मारोगे, वो उतना ही होनहार और तेज याददास्त वाला बालक बनेगा.

शायद इसीलिये उस जमाने मे मास्साब लोगों को  खुली छूट थी, कि घर वाली से झगड कर स्कूल आवो और
पराये छोरों को कूट पीट कर अपना गुस्सा ठन्डा कर लो.  क्योंकि घर वाली तो जो आज के जमाने मे है वो ही उस जमाने मे थी.  यानि   कुम्हार अपनी  कुम्हारी से तो कुछ कह नही सकता था  और जाकर गधे की धुनाई करता था.... आज भी उतना ही खरा है.

असल मे रामजीडे को तो कुटना ही था.... क्यों कि हमारा सरदार तो वो ही था.  अगर सरदार को ही काबू कर लिया तो फ़िर बाकी तो काबू मे आ ही जायेंगे.  इसी रणनीति के तहत रामजीडे की जमकर  कुटाई हुयी थी. मास्टरजी को भी ये उम्मीद नही थी की पहले ही दिन हाथी को मारने का मौका मिल जायेगा.  पर रामजी लाल लंगडा नाम ही क्या ?...जो ऐसे  गुल नही खिलाये तो !

असल मे रामजीडा सब रत्नो मे उम्र मे काफ़ी बडा था. मुझे अच्छी तरह से याद है कि वो हमारे साथ प्राईमरी मे आया था. शायद वो तीसरी या चोथी क्लास की बात है.  हमारे स्कूल की टीम को जिताने के लिये इस लंगडे के भारी भरकम डीलडोल को देखते हुये इसकी उम्र कम लिखवा  कर इसे  हमारी क्लास मे भर्ती कर दिया गया था.

पर समस्या तो ये आ गयी की  बच्चनसिंह जी मास्साब  की लूगाई तो इनके साथ नही रहती थी वो रहती गांव में और मास्साब यहां स्कूल में अकेले रहते थे. और लंगडे रामजीडे ने मास्टरजी के गांव मे उनकी घर वाली
को ऐसा समाचार भिजवाया था की मास्टर जी को अब तक पता नही होगा की ये खेल रामजीडे का किया हुआ  था.  जीते जी तो मास्टर साब औरों पर ही शक शुबहा करते रहे , पर आज दशकों बाद गुमनाम नाम से मैं इस बात का खुलासा कर रहा हूं.

भाई रामजीडे तेरी दी हुयी कसम आज तोड रहा हूं.  क्यों की ना तो दशकों से तू मिला और मास्टर साब का तो सवाल ही नही.  पर ये बोझ अब उठाया नही जाता. और यार अब तो मास्टर जी परलोक जा चुके होंगे.  डर तो मास्साब की  आत्मा से ही लगता है. वो आज तक उस सवाल का जबाब नही ढुंढ पाये होंगे.  उनकी आत्मा भी स्वर्ग या नरक मे इसी का जवाब ढूंढ रही होगी.  और अगर अभी तक जिन्दा हैं तो वो  अब हम तक  पहुंच नहीं  पायेंगे.

कभी कभी तो इच्छा होती है कि उनको मास्साब को खोजकर   असलियत बता दी जाय जिससे वो शांतिपूर्वक  ये दुनियां छोड सकेंगे...वर्ना अगले जन्म में तो उनको पता चल ही जायेगा और एक नई कुटाई पिटाई की श्रंखला शुरू हो जायेगी.

पर मास्साब की  दहशत अब भी मन मे इतनी है कि उनके सामने जाना तो दूर, उनके  नाम से ही कपं कपीं छुट जाती है.  और ये भी पक्का है की अगर मास्टर साब को इस लोक मे या परलोक मे इसका खुलासा हो गया तो वो अगले सात जन्म तो हमसे बदला लेने के लिये ही पैदा होंगे.... ये सोच सोच के ही रुह कांप जाती है कि  क्यों ये मुर्ताख की. पुरे स्कूल समय मे पिटते रहे और अब ये जन्मों जन्मों का बैर मोल ले लिया.  अरे रामजीडे  हम सब ने तेरा क्या बिगाडा था?

इस वाकिये के पहले मैं हमारे नो रत्नों से आपका परिचय करवा दूं तो आपको आगे सहुलियत रहेगी । क्यों कि आगे आगे कहानी उलझती ही जायेगी. क्योंकी इस कहानी के पात्र बढते ही जायेंगे. असल में  अभी जितने पात्र इन्ट्री लेन्गे, उससे कम बाहर जायेंगे.

नौ रत्नों मे रामजीडे के बाद नम्बर आता था रामजीलाल बहरे का. और एक तीसरा रामजीलाल भी था । हमारी क्लास मे ये तीन रामजी लाल थे. शायद उस जमाने में रामजीलाल काफ़ी पापुलर नाम रहा होगा जैसे आजकल बबली डबली...चुन्नू..मुन्नू.....

इनमे ये तीसरा जो था यही  प्रथम था... मतलब रामजीलाल (प्रथम), रामजीलाल (द्वितीय), रामजीलाल (ततीय)... क्यो की तीनों ही एक जमींदार जाति से थे.  तो हाजिरी लेते समय भी  ऐसे ही पुकारे जाते थे.  पर हम लोगों ने अपनी सुविधा के लिये पहला रामजीलाल जिसे हम सिर्फ़ रामजीलाल कहते थे.

जिस रामजीलाल का पीछे आप जिकर पढ आये हैं यानि रामजीडा और अब जिस रामजीलाल बहरे का आप किस्सा पढेंगे वो उसको हम लोग बुलाते थे  रमजू बहरा.. जी... ये बहरा कोई जाति नही है , ये वाकई कान से बहरा था.... शायद इसे कम सुनायी पडता था.  फ़ालतु की बात इसे कभी नही सुनायी देती थी. पर मतलब की बात सारी सुन लेता था.  जैसे आप इससे पूछो कि रमजु तेरे पास बीडी है क्या ?
तो ये कुछ भी रिएक्ट नही करेगा.. यानि पक्का बहरा !

और आप इससे पूछो --रमजु हुक्का पीवैगा ? सट से जवाब आवेगा .. ल्या भई एक दो घूंट खींच ल्यान्गे.
तो साब ये है हमारा रमजु बहरा... अगर आपने इसको बहरा समझ के धीरे से भी इसे  गाली दे दी तो ये इतनी जोर का झापड मारेगा की तीन दिन गाल लाल रहेंगे.

चौथा था एक सागर मल नाई.. यानि सागरिया... पढने मे तेज और इतना तेज के नौंवी तक क्लास मे पहला स्थान और करीब करीब हर साल क्लास का मानीटर पर इसनै भी नौ रत्नों का कभी  साथ नही छोडा.. जब आगे जाके दसवीं मे सारे रत्न फ़ेल हुये तो ये  भी फ़र्स्ट डिविजन फ़ैल हुआ था...यानि दोस्त मंडली का पक्का धर्म निभाया था.  इसका बापु कहा करता था की इसनै मैं इन्दिरा गांधी की जड मे बैठाउंगा और वो ही बात  सही भी  हुयी क्योंकि  ये  आजकल दिल्ली मे ही रहता है. यह वो समय था जब लालबहादुर शास्त्री जी के देहावसान के बाद राजनीति में इंदिरा गांधी का दखल और प्रभाव दोनों ही बढ चुके थे.

पांचवां सुरजमल यानि सुरज्या.. कोई विशेष बात नही , शान्त आत्मा पर अशान्ती पैदा करने मे माहिर.

छ्ठा लालचन्द यानि लालिया ढोल ... पूरी नौटंकी...यानि टाइम पास ... स्कूल से तडी के बाद मनोरंजन का ठेका या  जिम्मा इसी के पास था. यो बैरी पूरा का पूरा भांड ही था.

सातवां मूलचन्द गुज्जर... सीधा साधा छह फ़ुटा ....कोई ऐब नही पर नो रत्नों के पूरे असर मे आके बिगड गया.  और आगे जाके... दस साल तक विधायक भी  रहा.

आठंवा बोदुराम ... नाम से ही बोदु.. इसको हम बोदिया कहते थे...ये उमर मे सबसे बडा ... पढने मे कमजोर ... पूरा बैल....अक्ल से इसका ताल्लुक शायद पडा ही नही था.

और भई पाठको नौवां मै.. माफ़ करना मै अपना नाम पता हर्गिज नही बताउंगा. पहले तो एक बार फ़िर भी बता देता पर मास्टर साहब की आत्मा की शान्ति के लिये जो राज मेरे सीने मे दफ़न था, वो खोल रहा हूं इस लिये मैं इतनी बडी रिस्क तो नही ही लूंगा... चाहे आप राजी रहे चाहे आप नाराज हो जायें.

अगर आप को मेरा परिचय अन्य रत्नों जैसा ही चाहिये तो आपको मैं वो मास्टर साब की लूगाई वाली बात नही बताउंगा.... और इसके बिना इस कहानी मे आनंद नही आयेगा सो आप सोच लो और मुझे बता दो की आपको मेरा परिचय चाहिये या रामजीडे ने मास्टर साब के साथ ऐसा क्या और कैसे किया की मास्टर साब को पूरी उम्र भर भी पता नहीं चला.  मैं आपके मनोरंजन के लिये अपनी जान जोखिम मे डालने को तैयार नही हूं.   या तो राज पूछ लो या मेरा परिचय ।

शेष अगले भाग मे ...

स्कूल के सुनहरे दिन भाग्-2

भाग -1    अब आगे....

इंटरवेल होते ही हमने तडी मारने का प्रोग्राम बना लिया.  इंटरवेल हुवा वैसे ही अपने २ बसते झोले उठाकर निकलने का जुगाड़ करने लगे.  पर पता नहीं , संयोग से या जान बूझकर हमारी कक्षा के दरवाजे से लग कर हमारे इंग्लिश के मास्टर साब स्व-नाम धन्य श्री अमरनाथ जी शर्मा खड़े होकर किसी से बात कर रहे थे.  वो इस तरह खड़े थे की अगर हम झोला लेकर निकलते तो उनकी नज़र हम पर पड़ ही जाती और वो फ़िर जो हमारी पूजा पाठ करते , उसकी इच्छा नही थी.  सो मन मार कर बैठ गए.  और घर से लाई घंटी (प्याज) और रोटी झोले मे से निकाल कर वहीं कक्षा मे ही बैठ कर खा ली.  कलेजा धक् धक् कर रहा था. जैसे बकरा कसाई का इंतज़ार करता है वैसे ही नए मास्टर जी का इंतज़ार करने लगे.  इस कक्षा के हमारे गाँव के हम 9 छोरे थे और नौ रत्न के नाम से पूरे स्कूल में प्रसिद्ध थे जैसे बादशाह अकबर के नौ-रत्न थे यानि हर फ़न के माहिर.

खैर साहब इंटरवेल खत्म हुवा और नये मास्टर जी कक्षा मे प्रकट हुये. गंगाराम (डंडा) हाथ मे पकड़े हुये पहला ही सवाल किया- तुम मे से नौ रत्न कौन कौन से  हैं?...., अपनी 2 जगह पर खड़े हो जाये.  मुगलिया शैली मे फर्मान जारी हुवा.  अब जिल्ले इलाही के सामने सिवाय खडे होने के चारा ही क्या था?  स्कूल मे तो हम उनका कुछ बिगाड नही सकते थे.  और बाहर हमने कोइ कसर कभी छोड़ी नही जो मास्टर जी को आज तक मालूम नही होगा की हमने उनसे बदला लेने के लिये क्या 2 गुल खिलाये?  ये सब आप आगे जाकर पड़ेगे.

हम नौ के नौ रत्न  सबसे पीछे की लाइन मे इक्कठे ही बैठते थे. मन मार कर खडे हो गये. ( अब समझ आया की इंग्लिश वाले मास्टर जी क्यों हमारा रास्ता रोक के खड़े थे ?)  अंग्रेजी वाले मास्टर जी से भी हमारा पुराना हिसाब किताब था. हम उनके काबू मे  आते नही थे तो उन्होंने  नये मास्टर साब को  सिखा पढाकर यानि हमारे  सारे गुणगान पहले ही बखान कर दिये थे.  अंग्रेजी वाले मास्टर जी के साथ के कार नामे भी आप आगे आगे पढ़ पायेंगे.

आते ही मास्साब ऊंचे लहजे में बोले - हां  तो तुम अपना 2 नाम बतावो.  हमने अपने 2 नाम बता दिये.  मास्टर जी जयपुरिया लहजे मे कुछ 2 हरयाणवी मिक्स हिंदी बोलते  थे.  फिर वो  बोले - देखो भइ .. तुम्हारी करतुते मुझको मालूम पड गयी हैं . तुम आज से सुधर जावो वरना तुम्हारी खैर नही ... ...चलो अब बैठ जावो.  अब 15 मिनिट ही पीरियड मे शेष बचे है हम कल से पढाई शुरु करेंगे.

हमने सोचा चलो इस आफत से पीछा छूटा.. इतने मे हमारा नौ रत्न साथी रामजी लाल लंगडॉ बुद बुदाया ... सुसरे कल कोई आयेगा तब तो पढायेगा... और शायद एक दो गाली भी  दी... मास्टरजी बोले ... कौन बोला ..... सब खामोश्.... अचानक मास्टर जी बोले अभी 15 मिनिट बचे हैं तुमको एक महा भारत की कहानी सुनाता हूँ.

मास्टर जी की इस कहानी ने हमारे सबसे बड़े नौ रत्न राम जी लाल लंगडा जिसको हम प्यार से रामजीडा  कहते थे.  की दुसरी टाँग भी तुड़वाने मे कोई कसर नही रखी.

मास्टरजी बोले  --- हाँ तो ये कहानी महाभारत से है. धीरे से रामजीडा बुद बुदाया..... पहले ही दिन महा भारत कर रहा है आगे आगे और के के करेगा?

मास्टरजी फ़िर बोले ... कौन बोला .. कोई बोला क्या ? ... कक्षा मे सन्नाटा ..............हाँ तो ये कहानी कंस और कृष्ण की है. जब कंस को मालूम पड़ा की उसको मारने के लिये उसकी बहन देवकी के गर्भ से
संतान पैदा होगी तो उसने बहन और बहनोई को जेल मे डाल दीया.

इधर हम सारे ही पक चुके थे पर रामजीडा कुछ ज्यादा ही पका हुवा था... धीरे से बुद बुदाया... तो तेरे बाप का क्या ले लिया ... डाल दिया तो डाल देने दे ... तु भी तेरे घर जा और हमने भी जाने दे. असल मे रामजीडे को चिलम पीने की तलब लग रही थी. इस करके उसका माथा ही काम नही कर रहा था.

मास्टर साब तेज आवाज मे चीखे ... ये कौन बद तमीज बोल रहा है. यो मेरी लास्ट वॉर्निंग है... इबकै आवाज आयी तो मेरे से बुरा कोई नही होगा.  हाँ तो देवकी के पहला बालक हुवा और कंस ने उसको जहर दिलवा कर मार डाला. ... फ़िर दुसरा बालक पैदा हुवा उसको पहाडी से फिकवा कर मरवा दीया..... फिर तीसरा ................ इसी बीच  रामजीलाल लंगडे ने सवाल पूछने की मुद्रा में  हाथ खडा कर दीया..... ...... रामजीलाल लंगडा--- जीईईई वूऊऊओ ...... मास्टर साब थोडा नाराज होके बोले... पूछो कुछ पूछना है तो.....

रामजीडे की तो हड्डियाँ कुल् बुला रही थी कुटने के लिये.... रामजीडा बोला- मास्टर जी .. एक बात बतावो के जब कंस को ये मालूम था की उसकी बहन से होने वाला बच्चा ही उसे मारेगा तो उसको अपने बहन और बहनोई को अलग अलग जेल मे बंद करना चाहिये था ना?.... उनको एक जगह क्युं रखा... अलग 2 जगह रखता तो ना बच्चे पैदा होते और ना यो खून खराबा होता.... और हम भी अपने घर जा के चिलम पी के कुऐ पे काम करते होते..... खुद भी दुखी हो लिया और जमाने को भी  दुखी कर दिया.

इस बात का असली मतलब समझ मे आते ही मास्साब  तो लाल पीला हो लिये बोले.. तुम अभी जड मे से भी नीकले नही हो और ऐसी 2 गंदी 2 बाते करते तुमको शरम नही आती ? और इसी बात पर मास्टर साब ने रामजिडे को खूब मारा... दो डंडे टूट गये और मास्टर जी भी हांपने लग गये तब कहीं जाकर रामजिडे की कुटायी बंद हुयी. सारी कक्षा के छात्र अंदर ही अंदर कांप रहे थे. रामजीडे ने इस बार की कुटाई का बहुत दुख और अफसोस किया और आगे जाकर मास्टर जी की छाती पे कैसे 2 मूंग दले ये सब आप आगे के अंको मे क्रमशः पढेंगे.....

शेष अगले भाग में .....






स्कूल के सुनहरे दिन भाग-1

बात उन दिनों की है जब हम 8 वीं कक्षा के होनहार विद्यार्थी हुवा करते थे। उन दिनों मे 5 वीं तक तो स्कूल
हमारे गाँव मे ही था. उसके बाद गाँव से  12 - 13  किलोमीटर दूर हाई स्कूल मे जाया करते थे. 25 -30 गांवों
के बीच एक मात्र हाई स्कूल था। एक एक क्लास के 6-6 या 7-7 सेक्शन हुवा करते थे.

अब सरदी गरमी और बरसात मे नंगे पाँव 12/13 किलोमीटर जाना और आना , इसके बाद हम क्या पढते लिखते होंगे और ये कितना दुष्कर कार्य था ये आप अंदाजा ही लगा सकते हैं. बस आप यूं समझ लीजिये की घरवालों और मास्टरों के डर से स्कूल चले जाते थे। वरना ये कोई मनोरंजक तो था नही.  पर वो कहते हैं ना की जिसके भी साथ ज्यादा रहो , उससे भी प्यार हो जाता है.  तो साहब यु समझ लिजिये कि हमको भी इन हालातों से प्यार हो गया और हम लोगो की शैतानियां बढ्ती ही चली गयी.

हुक्का, बीड़ी, चिलम पीना और ताश - चौपड खेलना और बेहतरीन गालियां बकना ये सब प्रिय शगल बन चुके थे. हमारे गाँव से सौ सवा सौ लड़के (लड़कियाँ नहीं, एक मात्र लडकी हमारे स्कूल मे इस घटना के दो साल बाद आयी थी. इसका जिकर आगे बाद मे आयेगा. ) कक्षा 6 ठी से 10 वीं तक की कक्षाओं के लिये भेड बकरियों के  रेवड की तरह निकलता था. जैसे टिड्डी दल रास्ते मे सब साफ करता चलता है वैसे ही ये लड़कों का टोल खेत खलिहानो को रोंदता हुवा चलता था. इसी वजह से कई बार किसानो से आपस मे सर फुट्टोवल भी अक्सर होती ही रहती थी. ये फुल टाइम काम था. पढने लिखने से कोई ज्यादा मतलब नहीं था. उन दिनों जमीदारो के छोरो का तो पढने का मतलब था शादी ब्याह होने मे आसानी रहती और वो भी पट्ठे जिस क्लास मे भी शादी हो लेती उससे अगली मे नही आते. और बामन बनियो के लड़के आठ्वी दसवीं पढ के कहीं नोकरी पे लग जाते. उस समय का कुल जमा अर्थ शास्त्र यही हुवा करता था.

तो साहब यूं तो सारे ही लडके छटे हुए थे.  पर ये किस्सा हमारी 8 वीं कक्षा का है.  उस सेक्शन के 50/55 लड़कों
मे हम एक ही गाँव के 9 लडके थे.  सारे के सारे अक्खड और छंटे हुये. इच्छा हुयी तो स्कूल पहुंचे नहीं तो बीच रास्ते, नदी किनारे, खोकरे की बंद पडी खदानों के टूटे फुटे खंडहरो मे बैठ कर ताश पत्ती खेलते , भूख लगने पर , घर से कपड़े मे बाँध कर लायी ठंडी रोटी और घंटी (प्याज) खाके पानी पी लेते. और शाम को दुसरे लड़के जब स्कूल से लौटते तब उनके साथ वापस घर हो लेते.

कोइ भी लडका एक दूसरे की इस बारे में  घर या स्कूल मे  चुगली नही करता था. एक अघोषित सा  समझौता सब लड़कों मे था. लडॉई झगड़े की हालत मे भी ये नियम नही टूटा. क्योंकि  चोर चोर मोसेरे भाई . कुछ इसी तरह की दिनचर्या 6 ठी और 7 वीं कक्षा तक तो आराम से चली. पर समस्या 8 वीं कक्षा के शुरु मे ही हो गयी.

जुलाई मे ही हमारे गणित के नये मास्टर जी श्री श्री बचन सिंह जी राजपूत ( अगर अब भी जिंदा हों तो उनसे क्षमा याचना सहित और अगर जन्नत नशीं हो चुके हों तो भगवान उनकी आत्मा को शांति दे. उनकी आत्मा की शांति मांगना इस लिये भी जरूरी है कि कहीं उनकी आत्मा को मेरे पते का पता चल गया तो मेरी फिर कुटायी शुरु कर देंगे . उनके गंगाराम (डंडा) की दहशत अभी तक मेरे मन मे समायी हुयी है. और प्रिय पाठ्को उनके डर के मारे ही मेरा असली नाम पता मैं यहाँ नहीं दे रहा हूँ . वरना आप यकीन रखिये कि  मैं भी एक शरीफ और सामाजिक आदमी हू. मुझे इस तरह गुमनाम रहने की कोइ जरुरत ही नही. अब मास्टर साहब मुझे इतने लडको को छोड कर, मरने के बाद भी क्यों ढुंढते  होंगे?  ऐसा मैने  कौनसा उनकी  आँखों मे काजल पाड दिया?  ये सब किस्सा आगे सिलसिलेवार आयेगा. ) ट्रांसफर होकर आये.

इसके साथ ही साथ उनके पिछले स्कूल , जहाँ से वो ट्रांसफ़र होकर  आये थे, वहाँ से उनकी यश गाथा भी आ गयी. रिपोर्ट ये आई की मास्टर साब बहुत कड़क और सख्त किस्म के इंसान है और कुटायी पिटाई करने के खासे शौकीन..इतने की स्कूल मे पढने वाले खातियों (carpenter) के छोरों से हर हफ्ते दो तीन डंडे मंगवाया करते थे. और डंडे का नामकरण उन्होने गंगाराम किया हुवा था. पुरी स्कूल मे दो ही चीजें आगे जाकर famous हुयी.... एक मास्टरजी का गंगाराम और दुसरा उनका वोह 7 दिन मूवी के नीलू फूले छाप नाडा . खैर साब ...

पहले दिन प्रार्थना स्थल पर उनकी झलक देखी. जो आज भी याद है. वो कहते हैं ना की पहली नजर का प्यार याद रहता है वैसे ही वो उनकी झलक आज तक याद है....और रहेगी भी क्योंकी इस सख्स ने जितनी हमारी कुटाइ पिटाई करी है उसका दसवां हिस्सा भी हमारे वालिद साब ने और कुल जमा इतना ही और सारी दुनियां ने मिलकर हमारी पूजा पाठ की होगी. यानि ये कई जन्मों  तक भुलने की चीज नही.

करीब साढे पांच फूट का कद्...... , गेहुंवा रंग....... , गोल चेहरा......., उस पर मोटी फ्रेम का चश्मा......, अंडे की जात घुटी हुयी चिकनी खोपड़ी........., नीली कमीज और इसके नीचे सफेद पायजामा....... , नाडॉ ऐसे लटक रहा था जैसे वोह 7 दिन हिंदी फिल्म के नीलू फूले का नाडा .... और पैरों मे राजस्थानी देशी जूतियां.... .कुल मिला कर इस सखशियत से डर तो नहीं लगा पर अच्छा भी नही लगा. पर उनके पिछले स्कूल के सुने हुये कारनामे याद कर करके सभी छात्र ऐसे मह्सूस कर रहे थे जैसे वो जेल मे कैदी हैं और ये नया खडूस जेलर आ गया है.

अब तो एक ही उम्मीद की किरण थी की हमारी गणित की कक्षा इन मास्टरजी को न मिले, फिर हमको क्या फर्क पड़ना है ? मन ही मन बहुत गणेश जी.. हनुमान जी को याद किया , इक्कनी का हनुमान जी का प्रसाद बोला इससे ज्यादा की औकात नही थी. पर तुलसीदास जी ने कहा है ना की जब खराब समय आ जाता है तो कोइ साथ नही देता यानि ऊंट पर बैठे मनुष्य को भी कुता काट खाता है  तो इक्कनी के लिये हनुमान जी क्यों तकलीफ उठाते?... उनका कौन सा बडा नुकसान हो रहा था. इक्कनी का प्रसाद चढा की नही चढा, उनको क्या फर्क पड़ना था.

आखिर वही हुआ...हनुमान जी ने हमारा इकन्नी के प्रसाद का सौदा ठुकरा दिया और  हमारी कक्षा को गणित पढाने का जिम्मा इन्हीं मास्टर साहब को  ही मिला. कुल 8 पीरियड लगते थे. पहले 4 पीरियड के बाद इंटरवेल् और उसके बाद 5 वां पीरियड गणित का.


शेष अगले भाग-2  में .....