Showing posts with label हास्य व्यंग. Show all posts
Showing posts with label हास्य व्यंग. Show all posts

बाबाश्री ताऊ महाराज द्वारा "क रोना" का शर्तिया ग्यारंटेड ईलाज

भक्तजनो, ह्में मालूम है कि कोरोना काल में आपके कष्ट बहुत बढे हुये हैं. और बाबाश्री तो सदैव से आपके कष्टों का शमन करते आये हैं. इन दिनों काफ़ी भक्तों के समाचार आ रहे हैं कि वो कष्ट में हैं. आपमें से कई "क रोना" से पीडित हैं. कुछ भक्त पत्नियों से पीडित हैं मार खा खा कर मोटू पतलू वाले पतलू जैसी हालात में पहुंच गये हैं.


                                                    मोबाईल पर "क रोना" झाडा देते बाबाश्री

कुछ पति भी पत्नियों पर अत्याचार कर रहे हैं जिसकी वजह से पुलिस भी परेशान है. अब पुलिस लोक डाऊन को मैनेज करे या इन खूसट पतियों की खबर ले? चारों तरफ़ हालत बहुत ही नाजुक और दयनीय हैं.

आपको इन कष्टों से छुटकारा दिलाने के लिये बाबाश्री ताऊ महाराज ने अचूक उपाय खोज निकाले हैं. और कोरोना के लोक डाऊन को देखते हुये आपको बाबाश्री के पास आने की आवश्यकता भी नहीं है बल्कि मोबाईल पर ही आपका ग्यारंटेड इलाज उपलब्ध करवा दिया जायेगा.


इस ईलाज की न्यौछावर फ़ीस बहुत ही मामूली रखी है. आप यह न्यौछावर फ़ीस आन-लाईन "बाबाश्री ताऊ महाराज 420 अपर्माथिक ट्रस्ट"  के अकाऊंट में ट्रांसफ़र करवाये और मिस समीरा टेडी  (Finance Controller) से फ़ोन पर अपाईंटमैंट लेकर फ़ोन करें. आपको ईलाज उपलब्ध करवा दिया जायेगा.

            मर्ज का नाम                                               न्यौछावर फ़ीस
1.   "करो ना" झाडा                                                     रूपये 21,001/  मात्र           

2.  "करो ना" ऊपरी फ़ेंट बचाव                                      रूपये 17,501/   मात्र       

3. "करो ना" आपसी गृह क्लेश                                     रूपये 25,001/= मात्र

4. "करो ना" पतिकूट यंत्र                                              रूपये 27,501/  मात्र                  

5. "क रोना" पत्नी पीडा बचाव यंत्र                              रूपये 31,001/  मात्र

6. "क रोना" घर में मन लगाऊ झाडा                              रूपये 16,501/  मात्र  

7. " क रोना" समस्त असाध्य बाधा पीडा यंत्र                 रूपये 38,501/  मात्र

हमारे सभी ईलाज जांचे हुये और शर्तिया ग्यारंटेड हैं. ईलाज करवाने वाले की जानकारी गुप्त रखी जाती है. ईलाज किसी कारणवश फ़ेल होने की स्थिति में आपका जमा रूपया वापस नहीं करने की हमारी पक्की ग्यारंटी रहेगी.


#हिन्दी_ब्लॉगिंग

माता बखेडा वाली, ताऊ और मरी हुई भैंस

महाभारत का युद्ध समाप्त हो चुका था. चारों तरफ़ युद्ध के बाद का भयावह सन्नाटा...दूर दूर तक सुनसान....गिद्ध कौव्वों के आकाश में मंडराते झुंड.....अधिकतर जवान युद्ध में वीरगति को प्राप्त हो चुके थे.

थके मायूस महाराज धृतराष्ट्र भी अपने भतीजों यानि पांडवों के साथ रहने चले गये थे. उनके दिल का दर्द तो सिर्फ़ समझा ही जा सकता है. हम आपको यहां कोई महाभारत की कहानी सुनाने नहीं आये हैं. कहानी दो अन्य पात्रों की है जो ठीक उसी समय की है. तो सुनिये.....

एक तो थी "माताश्री बखेडा वाली" जिनकी उम्र उस समय भी 780 साल की थी और आज भी उतनी ही है. गरीबों का दुख दर्द दूर करना, उनकी सहायता करना और अपने व्यापार में लीन रहना ही उनकी दिनचर्या का मुख्य हिस्सा था. गरीबों के लिये महाराज धृतराष्ट्र से भी उलझ लेती थी. उन्होंने द्रौपदी चीरहरण के समय महाराज धृतराष्ट्र...पितामह भीष्म...विदूर जी सबकी बखिया उधेड कर बहुत बडा बखेडा खडा कर दिया था....वो तो कृष्ण भगवान वहां आगये दौपदी की लाज बचाने वर्ना तो माता बखेडा वाली ने दुर्योधन, दुशासन और विकर्ण के शीश ही कलम कर दिये होते. वैसे कुछ लोग तो यह भी कहते हैं कि "माता बखेडा वाली" चाहती तो कृष्ण के आने के पहले ही   द्रौपदी की रक्षा कर चुकी होती पर उन्हें तो कृष्ण को यह सम्मान दिलाना था...खैर जो भी हो.....माता बखेडा वाली की जय.....

उनकी इसी वीरता की वजह से भगवान कृष्ण ने उन्हें वरदान दिया था कि "सत्य के पक्ष में आपने अन्याय का विरोध किया, इसी से प्रसन्न होकर मैं आपको वरदान देता हूं कि आप कलयुग में "माता बखेडा वाली" के नाम से पूरे सोशल मीडिया में सर्वत्र पूज्यनीय रहेंगी और इस पृथ्वी के रहने तक आपकी उम्र जो अभी है वही 780 साल की ही रहेगी.   युद्धकाल के बाद जीवन यापन के लिये उन्होंने  साहुकारी का धंधा चालू रखा था जो कि पहले भी करती थी.

अब हमारी कहानी का दूसरा पात्र है ताऊ महाराज...जिनसे आप भली भांति परिचित ही होंगे.....जो नये पाठक हैं उनको कम शब्दों में ही बता देते हैं कि ताऊ महाराज में छूट भलाई सारे गुण कूट कूट कर शुरू से ही भरे थे. ताऊ महाराज उस समय में भी चोरी, डकैती, ठगी, बेईमानी... उठाईगिरी के ही धंधे किया करते थे.... उनको ना पहले कुछ और काम आता था और ना कुछ अब आता है...

महाभारत का युद्ध शुरू होने वाला था....दोनों पक्षों की तरफ़ से सैनिकों की भर्ती चालू थी. ताऊ महाराज भी कौरवों के सेनापति की पकड में आ गये और कौरव दल में जबरदस्ती भर्ती कर लिये गये.... ताऊ ने सोचा फ़ंस गये अब तो...युद्ध के नाम से ही ताऊ कांप रहा था....एक दिन मौका देखकर भाग निकला और जाकर जंगल में छुप गया....पूरे 18 दिन के बाद वापस लौटा जब युद्ध समाप्त हो गया था......

अब ताऊ क्या करे? किसको लूटे..किसको ठगे...किसके यहां डकैती डाले? कोई बचा ही नहीं था.....तो ताऊ ने गुजर बसर करने को एक भैंस पाल ली और अपना गुजारा करने लगा.

यूं ही काफ़ी समय बीत चला था. अब एक दिन हुआ यूं कि ताऊ की भैंस मर गई, ताऊ को काटो तो खून नहीं. अब ताऊ क्या करे? कैसे पेट पाले? पर ताऊ तो ताऊ .....ताऊ को पुराने शौक फ़िर याद आये....ताऊ ने सोचा अब इस मरी हुई भैंस के पैसे वसूल कर लिये जायें तो काम चल सकता है. ताऊ ने चारों तरफ़ नजर दौडाई पर ऐसा कोई सख्श नहीं नजर में आया जिसको इस मरी हुई भैंस की टोपी पहनाई जा सके....अचानक ताऊ को माताश्री बखेडा वाली का ध्यान आया तो खुशी से उछल पडा.

ताऊ  माता बखेडा वाली को दादीश्री कहकर बुलाता था क्योंकि दोनों की उम्र में 300 साल का फ़र्क था. ताऊ उनके  पास पहुंचा और बोला - दादीश्री राम राम....
माता बखेडा वाली ने सोचा आज ये ताऊ मेरे पास क्या लेने आया है? फ़िर भी बोली - रामराम ताऊ रामराम...बता क्या हाल चाल है? कैसे आना हुआ?

ताऊ बोला - दादीश्री मुझे मेरी भैंस एक हजार रूपये में बेचना है...भैंस तो ज्यादा की है पर मुझे रूपये की जरूरत है इसलिये एक हजार में दे दूंगा.
माता बखेडा वाली भी कम नहीं थी...पूरी साहुकार व्यापारी थी और बिजनेस में किसी तरह का कोई कंप्रोमाईज पसंद नहीं करती थी...आप कह सकते हैं कि पूरी कडक व्यापारी थी. बोली - अच्छा...तेरी वो मरगिल्ली सी भैंस के कौन देगा एक हजार?  तुझ पर दया करके तेरी भैंस के 500  रूपया दे सकती हूं.... लेना हो तो ले वर्ना अपना रास्ता नाप.....मुझे बहुत काम है और माता अपने हिसाब किताब में लग गई.

ताऊ ने सोचा....आसामी तो फ़ंस गई...फ़िर भी उदास सा मुंह बनाकर बोला - ठीक है...मेरी मजबूरी का फ़ायदा उठा रही हो आप....लावो दे दो पांच सौ ही...और भैंस मेरे घर पर पडी मिलेगी....बुलवा लेना.....

माता बखेडा वाली हिसाब किताब में व्यस्त थी सो यह नहीं सुना कि भैंस पडी है....ताऊ को पांच सौ रूपये दे दिये और ताऊ ने रूपये अपने खीसे में डाले और गांव छोडकर यह जा...वो जा...होगया.

ताऊ को डर था कि बखेडा वाली माता उसे छोडने वाली नहीं है सो काफ़ी समय तक तो वापस लौटा ही नहीं....फ़िर एक दिन चुपचाप अपने घर लौट आया...आखिर कब तक बाहर रहता. ताऊ को रोज डर लगता था कि आज माता बखेडा वाली आई कि कल आई. जब माता आई ही नहीं तो ताऊ खुद उनके पास पहुंच गया और प्रणाम करके बैठ गया.....माता बखेडा वाली ने ताऊ का काफ़ी आदर सत्कार किया और मरी हुई भैंस का कोई जिक्र ही नहीं किया तो ताऊ आश्चर्य में पड गया और पूछ बैठा...

तब माता बखेडा वाली बोली - ताऊ, तुम तो मरी भैंस मेरे गले बांध गये थे पर मुझे तो उससे काफ़ी मुनाफ़ा हुआ. अब ताऊ के चौंकने की बारी थी....पूछ बैठा - दादीश्री....मरी भैंस से फ़ायदा...?

माता बखेडा वाली बोली - ताऊ तुम बेईमानी ठगी से कमाते हो और हम व्यापारी हैं, अक्ल से कमाते हैं......जब तुम मरी भैंस बेचकर भाग गये तो मुझे मालूम था कि तुमको भागने के बाद पकडना ऐसा ही है जैसे गधे के सर से सींग पकडना....मैंने एक एक रूपये के लाटरी टिकट निकाल दिये और ईनाम में भैंस रख दी. कुल दस हजार रूपयों से ज्यादा के टिकट बिके. एक आदमी को भैंस ईनाम में निकल गयी. मैने उसको तुम्हारी मरी भैंस ईनाम में   दे दी....वो बोला - यह तो मरी हुई भैंस है...मैं इसका क्या करूंगा...मुझे तो जिंदा मुर्रा भैंस चाहिये.

मैंने कहा - ज्यादा चकर बकर नहीं.....लेना हो तो ले वर्ना तूने जो एक रूपया का टिकट खरीदा था वो एक रूपया वापस पकड....और निकल ले....वो अपना एक रूपया लेकर वापस चला गया....इस तरह पूरे दस हजार से ज्यादा का मुनाफ़ा तेरी मरी हुई भैंस दे गई.....

ताऊ भौंचक्का सा हुआ दादीश्री के मुंह की तरफ़ देखता रह गया.

#हिन्दी_ब्लॉगिंग

आज रायता दिवस है यारो...अफ़वाह की कोशीश मुकम्मल की जाये..



आज संटू भिया के कबाडखाने में उनको फ़्रेंडशिप बैंड बांधने पहुंचे ही थे कि सामने एक अनिंध्य सुंदरी को बैठे पाया. उसे देखते ही हमारे मन में संटू भिया के प्रति, आज मित्रता दिवस होने के बावजूद भी अमित्रता दिवस वाली फ़ीलींग आने लगी…..हमारे सामने ही बैठी सुंदरी ने शायद हमारे मन के भावों को पढ लिया था….वो कहने लगी – ज्यादा उल्टा सीधा दिमाग मत दौडावो, तुम जो सोच रहे हो वैसा कुछ नही है. उसके कहने के ढंग में एक बेबाकी और सच्चाई सी लगी हमको सो हमने उससे परिचय पूछ लिया.

वो कहने लगी – मेरा नाम है कुमारी अफ़वाह “विश्व”…….नाम सुनते ही हमने बीच में टोक कर पूछ लिया कि ये कैसा नाम है? और ये “विश्व” कोई तखल्लुस है या आप कौन जाति से संबंध रखती हैं देवी?

वो बोली – मैं ना किसी जात से संबंध रखती हूं और ना किसी धर्म से, पूरा विश्व ही मेरा घर और धर्म है इसलिये मेरा तखल्लुस है “विश्व”, मैं सर्व संसार व्यापी हुं. मैं तो सिर्फ़ मठाधीषों का एक शस्त्र हूं…चाहे धर्म हो या राजनीति… आज तक धरती पर मुझ से ज्यादा सुंदर नाम और काम किसी का नही है… पर ना जाने किस मनहूस ने मेरी जैसी अफ़वाह सुंदरी को बदनाम करके रख दिया…..हमने कहा – देवी जी, आप परम सुंदरी हैं इसमे तो कोई शक शुबहा…किसी को हो ही नहीं सकता पर आपके काम कैसे सुंदर हो सकते हैं? आप जैसी सुंदरी को तो अपना नाम बदल लेना चाहिये…..

हमारे मुंह से नाम बदलने की बात सुनते ही वो घायल शेरनी की तरह गुर्राई…हम डर कर भागने वाले ही थे कि वो बोली – चुपचाप बैठो और खबरदार जो भागने की कोशीश की तो…मेरी गति प्रकाश की गति से भी तेज है, तुम मुझसे बचकर नही जा सकते. तुम कहते हो मैं अपना नाम बदल लूं…क्यों बदल लूं? पर तुम मनुष्य लोग हो ही नाशुक्रे, गुड खाकर गुलगलों से परहेज का नाटक करने वाले. यदि मैं ना रहूं तो तुम्हारा धर्म, समाज और मठाधिषी भी नहीं चलेंगे और सरकारें तो चाहे कहीं की भी हों वो तो मेरे बिना चल ही नहीं सकती……उसकी आंखे आवेश में लाल लाल दिखने लगी थी….अंदर से हम डर चुके थे पर ऊपर से सामान्य दिखने की कोशीश करते हुये बोले – देवी जी आपकी बात कूछ समझ में नही आई, आप तो धर्म समाज, सरकार और मठाधीशी का नुक्सान ही करती हैं जैसे अभी आशाराम बापू….और उनके जैसे कई बापूओं का कर दिया?

वो बोली – तुम ज्यादा शरीफ़ तो बनों मत, इन बापूओं को बनाया किसने? मैंने ही बनाया ना, इनके बारे में उल्टी सीधी महानता की अफ़वाहें फ़ैलाकर? मैं नहीं होती तो ये मठाधीष भी नहीं होते. जहां तक राजनीती की बात है तो कोई भी चुनाव मेरी सहायता के बिना नही जीता जा सकता. अब तुमको उदाहरण देकर गिनवाऊं क्या? अब हमको उसकी बातों पर यकिन हो चला था सो हमने उसकी हां में हां मिलाते हुये कहा – हां देवी, क्षमा करियेगा, हमने आपके योगदान को इस एंगल से कभी सोचा ही नहीं था. आप तो आज की सृष्टि में परम आवश्यक तत्व हैं, आपतो सदैव अग्र पूज्यनीय हैं…सच में आपके बिना आज की तारीख में ना धर्म चलाया जा सकता है और ना ही राजनीती की जा सकती है. इसीलिये आजकल चीन में भी सता परिवर्तन के चलते डोकलाम में भी आपका ही नाम हाईलाईट हो रहा है?

वो बोली – तुम रहने दो ये बातें तुम्हारी समझ में नही आयेंगी. तुम साधारण मनुष्य हो और साधारण ही रहो और आज रायता दिवस है, उसे मनाकर ही खुश रहो तो बढिया है.

उसकी बात सुनकर हमने आंखे चौडी करते हुये पूछा – देवी आप ये क्या कह रही हैं? आज तो मित्रता दिवस है और आप इसे रायता दिवस बता रही हैं? उसने बडी अदा से कातिल मुस्कान होंठो पर लाते हुये कहा – अरे ताऊ तुम जन्मजात ताऊ हो और ताऊ ही रहोगे. भले आदमी, मैंने मित्रता दिवस का सामान बेचने वालों से सुपारी लेकर रायता दिवस को मित्रता दिवस होने की अफ़वाह फ़ैलाई थी और तुम जैसे भोले भाले प्राणी भी इसके चक्कर में आकर निकल लिये फ़्रेण्डशिप बैंड खरीद्ने माल की तरफ़? मूर्ख आदमी, जरा सोच, मित्रता का भी कोई एक दिन निर्धारित हो सकता है क्या? अरे मित्रता है तो बारहों महिने है…मित्रता क्या कोई एक दिन के लिये हो सकती है?

उसकी बातों में दम तो था सो हमने पूछा – देवी, मित्रता दिवस की हकीकत तो समझ आगई पर आप कुछ रायता दिवस की बात कर रही थी? वो क्या है?

वो बोली – असल में आज रायता दिवस है यानि मित्रों को उनकी कमिया और खामियां बताकर उन्हें दूर करवाने का दिन, जिससे मित्रता भले ही समाप्त हो जाये पर मित्र अवश्य बचा रहेगा. बारहों महिने मित्रता रहने से उसमें उसी तरह कीडे पड जाते हैं जैसे ज्यादा मीठे में पडते हैं. आज के दिन तो मित्रों की पोल खोलने का दिन है, उनके जो भी दबे छुपे राज हैं उनको सार्वजनिक करने का दिन है. किसी का कहीं चक्कर चल रहा है तो आज उसके स्पाऊज को खबर करके उनके घर में रायता फ़ैलवाने का दिन है… और ये काम सावधानी से करना…ध्यान रहे कि मेरा काटा पानी भी नही मांगता…. अब जावो और जाकर रायता फ़ैलाओ….और यह कहते हुये वो ऊठकर जाने के लिये खडी होगई.

हमने पूछा – देवी जी, जरा राजनीती के धुरंधरों के बारे में भी कुछ बता जाती? वो चलते चलते बोली – तुम मुझे आदमी कुछ अच्छे लगे सो तुमको इन मोदी, शाह, केजरी, राहुल, लालू, नीतीश से लेकर पुतिन, ट्रंप और शी जिन पिंग… सबके बारे में एक दिन अवश्य बताऊंगी, अभी मुझे देर हो रही है एक बडी अफ़वाह फ़ैलाने की सुपारी लेने जाने का समय होगया है….और यह कहते कहते वह गेट से बाहर होगई.

अफ़वाह सुंदरी से मिलकर हमको एक अपराध बोध सा होने लगा और बरबस किसी शायर की कभी पढी हुई  ये पंक्तियां जेहन में ताजा हो आई...

संभल संभल के बहुत पाँव धर रहा हूँ मैं
पहाड़ी ढाल से जैसे उतर रहा हूँ मैं
कदम कदम पे' मुझे टोकता है दिल ऐसे
गुनाह कोई बड़ा जैसे कर रहा हूँ मैं 
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

गठबंधन टूटा रे हाय..बरेली के बाजार में......

कई दिनों से लिखने का मूड ही नहीं हो रहा है, कुछ लिखने बैठो तो कोई ना कोई काम आ टपकता है और कुछ काम ना टपके तो ताई का लठ्ठ  सर पर सवार रहता है. ऐसे में लिखने का स्विच आफ़ मोड में  ही रहता है. इसी मूड के चलते  हैड मास्साब के आदेश का पालन करने के लिये व्यंग में भी कहीं सींग घुसेडने की इच्छा नहीं हो रही है. व्यंग लिखना कोई आसान काम नही है. व्यंग लिखते हुये सींग घुसेडने पडते हैं और ये सींग भी कोई ऐसे वैसे नही होने चाहिये. व्यंग के लिये बछडे जैसे सींग होने चाहिये जो होते भी हैं और नही भी होते और हम ठहरे बुढ्ढे बैल...अब बुढ्ढे बैल के सींग किसी को ज्यादा घुसेडियादो तो फ़ोकट में फ़ौजदारी में फ़ंसने का अलग लफ़डा....और मास्साब ने भी विषय दे दिया "गठबंधन".....अब ऐसे कठिन विषय पर कहां अपने बुढ्ढे सींग घुसेडें ? लालू कंपनी को घुसेड दो तो वो नाराज....पता नहीं कब वो जड से हमारी सत्ता को उखाड फ़ेंके? और दूसरे पक्ष को तो आप सींग घुसडने की सोच ही नही सकते. उनकी अभी तक पुरानी अदावत ही चल रही हैं, बेचारे अहमक पटेल के पीछे पडे हैं.....इसलिये हमने तय कर लिया कि "गठबंधन" में सींग नहीं घुसेडेंगे.....तो बस नहीं घुसेडेंगे.
कहावत प्रसिद्ध है कि चोर चोरी से जाये पर हेराफ़ेरी से ना जाये....सो लिखना नहीं हो रहा तो सोचा कुछ पढा ही जाये, इसी इच्छा के चलते ब्लाग पोस्ट पढने वाली आवारागी में निकल पडे. आजकल कुछ लोग नियमित से लिखने लगे हैं सो इस आवारगी में भी काफ़ी मसाला मिल जाता है. घूमते घामते हम पहुंच गये सदाबहार ब्लागर काजल कुमार जी के ब्लाग पर और इधर उधर नजर दौडाते हुये  हमारी नजर पडी "बरेली के बाज़ार में चुटि‍या कटी रे"  ....वाले कार्टून पर....बस गठबंधन और चुटियाबंधन का सारा माजरा समझ में आगया. यदि अपनी मर्जी से ही कोई बंधन तोडना हो तो किसी दूसरे को क्या दोष दिया जाये?
असल में गठबंधन तोडने के लिये नीतीश बाबू ने जैसे माहोल बनाया, अपने को पाक साफ़ दिखाया, अपने भविष्य को समझा तो उन्हें लग गया कि इस लठबंधन में बने रहने के बजाये चाय कंपनी में चाय बनाना ही स्वर्णिम भविष्य का द्वार है सो उन्होंने लालू जी को धोबीपाट दे मारा और चाय की केतली को सिगडी पर चढा दिया.  लालू जी इस धोबीपाट के लिये शायद पूरी तरह तैयार नहीं थे सो वो सन्निपात के रोगी की तरह गठबंधन धर्म वाले राग की महफ़िल, तीन ताल में, मिडिया पर सजा बैठे, एक प्रबुद्ध महात्मा की तरह जनता को गठबंधन माहात्म्य सुनाते रहे.
लालू जी और नीतीश जी दोनों के,  लठबंधन धर्म के प्रवचनों को सुनकर महिलाओं को अपने चुटियाबंधन से निजात पाने का एक अचूक फ़ार्मुला मिल गया. असल में ये चोटी कटुआ कोई  है ही नही बल्कि ये तो नितीश जी की तरह,  स्वयं महिलाओं ने चुटिया से आजादी पाने का नायाब फ़ार्मुला खोज लिया है. अब जिनको भी इससे मुक्ति पाकर बाब कट हेयर स्टाईल रखनी है, वो चोटी कटुआ का नाम लगा रही हैं और अपनी दिली इच्छा पूरी कर रही हैं.
लालू नीतीश के गठबंधन को तोडने का सारा दोष सरकार पर आ रहा है और इसी तरह चोटी कटुआ से बचाने का दबाव भी सरकार पर आ रहा है. अब बताईये इसमे सरकार क्या करे? लालू नीतीश ने अपना गठबंधन भी खुद तोडा और महिलाएं भी अपना चुटिया बंधन खुद ही तोड रही हैं तो सरकार को दोष क्यों? यदि कोई चोटी कटुआ होता तो जरूर किसी ना किसी पुरूष पर भी अवश्य हाथ आजमाता. चोटी कटुआ के पास महिला पुरूष में भेदभाव करने का कोई उपाय भी नही है. अंधेरे में सोया पुरूष है या महिला....ये उसे कैसे मालूम पडेगा?
फ़िलहाल अपना लिखने का कोई मूड है ही नही सो गठबंधन टूटे या चुटिया बंधन टूटे, हमे इससे क्या? हमारी रक्षक तो माता बखेडा वाली है. जब भी संकट आता है उसका सवा पांच आने का परसाद बोल देते हैं और पनौती टल जाती है.
  
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

फेसबुकियों और ब्लागरों पर GST लगाने की सिफारिश

एक सप्ताह से घरवाली ने ग्रोसरी की लिस्ट पकड़ा रखी थी और हम रोज टालामटुली कर रहे थे काहे से की रमलू भिया हमको बता रहे थे अब सब टेक्स खत्म हो रहे हैं सिर्फ एक ही टेक्स GST लगेगा तो सामान घण्टा बजने के बाद 1 तारीख को लेना तब बहुत सस्ता मिलेगा।

अब रमलू भिया कहें और हम नही माने ये तो हो ही नही सकता क्योंकि हमारी पूंछ रमलू भिया ने दबा रखी है। अब आप पूछेंगे कौन सी पूंछ? तो आप नही पूछेंगे तब भी हमारा तो फर्ज बनता है ना कि आपको बताएं। अब बोलिये बताना चईये की नई चईये? तो हम बता ही देते हैं कि हम घर से वाक वही मार्निंग वाली करने का कहकर निकलते हैं और रमलू भिया की चाय वाली गुमटी पर जाकर बैठ जाते हैं, वहां पर घण्टे भर अखबार पढ़कर और  कड़क मीठी चाय सुड़क कर वापस घर आ जाते हैं जहां पर बिना दूध शक्कर वाली चाय  नसीब होती है।

आज सबेरे सबेरे रिलायंस फ्रेश पहुंच लिए और ट्राली में सब सामान डालकर बिल बनवाने की लाइन में लग गए। बिल की लंबाई देखकर हमारा कलेजा मुंह को आने लगा। मशीन में से पूरे पोने  दो फुट लम्बा बिल बाहर निकला। हमारा कलेजा मुंह को आ रहा था यह सोचकर कि लम्बा बिल है और पता नही पैसे भी जेब में इत्ते होंगे कि नहीं, जबरन अपनी बेइज्जती की इज्जत खराब होने का अंदेशा होने लगा। मन ही मन रमलू भिया को कोसने लगे कि सब टेक्स खत्म और एक टेक्स लागू होने का कहकर इस चाय वाले ने मरवा दिया बिना बात। अब घरवाली अलग ताने मारेगी, ताने क्या मारेगी बल्कि लठ्ठ से ही मारेगी की इत्ते दिनों से लिस्ट पकड़ा रखी है और इस फेसबुक ब्लागिंग के चक्करों में ऐसे उलझे पड़े हो  कि अपना नफा नुकसान भी नही सोचते।
बिल का अमाउंट देखकर जी को तसल्ली हुई कि  जियादा बिल नही बना था। वही 4500 के आसपास बना जो कि आम तौर पर बनता आया है। रमलू भिया का आइडिया फायदेमंद नही तो नुकसान दायक भी नही रहा। फिर वहां से आकर  आदत के मुताबिक पोहे जलेबी का नाश्ता करने संटू भिया के ठीये तेली बाखल की तरफ रवाना हो गए। हमने अपनी खटारा यानी एक्टिवा उठाई और चल दिये। संटू भिया अपने लोहे के तख्त पर कुछ गमगीन से बैठे थे।

भिया जो हमारे पहुंचने के पहले ही नाश्ता बुलवाकर रखते थे पर आज कोई चूँ चपड़ ही नही कर रहे थे तो हमने भिया से पोहे जलेबी मंगाने का कहा और भिया तो भरे बैठे थे सो आदत मुताबिक भिनक लिए की अमा यार देखो आज तुम ही कर लो नाश्ता, हमे नी करना। हम परेशान है GST के चक्कर में, भूख प्यास सब बन्द है, कोई वकील CA कुछ नी बता पा रिया है कि कबाड़ियों पर टैक्स लगेगा या नही और हमारा धंधा खराब हो रहा है।

हमने कहा यार संटू भिया आपको क्या फर्क पड़ता है यदि टेक्स लगा भी तो तुम कौन से जेब से भरोगे? तुम ग्राहक से वसूलोगे, पर ये अलग बात है कि अभी तक तुम खुद डकार लेते थे अब तुमको भरना पड़ेगा। भिया तो लाल कपड़ा देखे सांड की तरह फुफकारने लगे - हम तुमको टेक्स चोर नजर आते हैं क्या? हमने आज तक एक पैसे टेक्स की चोरी नही की। हमतो नगद खरीदते और नकद बेचने वाले व्यापारी हैं इसमें टेक्स का क्या काम? अब वकील कह रहा है कि GST में रजिस्ट्रेशन करवाना पड़ेगा।

हमने कहा तो करवालो इसमें कौन सा पहाड़ खोदना है? वो बोले तुमको अभी टेक्स नही देना पड़ता ना इसलिए उचक रहे हो। टेक्स में कितना झंझट है तुम्हे क्या मालूम? टेक्स का हिसाब रखो फिर मुनीम अकाउंटेंट रखो....ये सब फालतू की मगजपच्ची के काम हैंगे।

हमने उन्हें दिलासा दिया कि मोदीजी कह रहे हैं कि यह गुड़ जैसा मीठा और मलाई जैसा सिम्पल टेक्स है तो परेशान क्यों हो रहे हो?
अबकी भिया तमक कर बोले - मोदीजी को क्या मालूम टेक्स के कित्ते सारे झमेले हैं? उनको टेक्स ही लगाना था तो रमलू चाय वाले पर लगाते, कित्ता सारा ये चाय की गुमटी केतली वाले कमाते हैं फिर भी उन पर टैक्स नही लगाया, सब अपने अपनों को बचाते हैं। अरे हम तो कहते हैं कि टेक्स से पैसा ही इकठ्ठा करना है तो इन ब्लागरों, फेसबुकियों और  ट्वीट करने वालों पर लगाओ, फिर देखो किती जल्दी सरकार का खजाना भरता है। ये लोग एक पैसा टेक्स नही देते और फोकट में नशा करते हैं जबकि दारू के नशे पर 500% तक का टेक्स हैगा।
हमने सर धुनते हुए  कहा यार भिया आज  अफीम की पीनक में हो क्या? या सन्निपात हो गया तुमको? कुछ भी बके जा रहे हो... समाज के सम्मानित नागरिकों की पगड़ी उछाल रहे हो सरेआम?

संटू भिया ने कहा - देखो तुम लोग ये जो टाइम खोटी करते हो वो टाइम राष्ट्र का है जिसका तुम लोग बेजा इस्तेमाल करते हो। आफिस से तनखा लेते हो और फेसबुकियाते रहते हो तो तुम ये चोरी नही करते? क्या सरकार और सेठ इसी बात की तनख्वाह तुमको देते हैंगे?
तुमको ये फेसबुक और ब्लागिंग का नशा ही तो है ना फिर क्यों नही तुम पर भी 500% का GST लगाया जाए? जब दारू शराब के नशे पर टैक्स से रेवेन्यू बढाया जा सकता है तो फेसबुक ब्लागिंग के नशे से भी क्यों ना रेवेन्यू बढाया जाए?

हम सुन्न से बैठे थे और भिया उवाच चालू था… हम तो सरकार को चिट्ठी लिखने जा रहे हैं कि इन फेसबुकियों ब्लागरों पर प्रति लाइक लेने देने के 5 रुपये नग और हर कमेंट पर 25 रुपये नग की दर से GST लगाया जाए। सरकार को इससे भरपूर आमदनी होगी और बाकी के सारे कर माफ कर दिए जाएं।
भिया ने जो कहा वो सुनकर हमको चक्कर आगये, सोचते हैं कि किसी रोज मोदीजी की सटके उसके पहले ही ये ब्लागिंग और फेसबुकियायी बन्द कर देने में ही भलाई है।
#हिन्दी_ब्लॉगिंग

अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ब्लाग दिवस पर विशेष छूट - भाग-1

ताऊ सद साहित्य प्रकाशन  की तरफ़ से  "अंतर्राष्ट्रीय हिंदी ब्लाग दिवस" पर आपका हार्दिक स्वागत है. इस विशेष शुभ अवसर पर TSSP द्वारा प्रकाशित पुस्तकों का द्वितीय संस्करण हम आपके लिये प्रस्तुत कर रहे हैं. आप लोगों में से अधिकतर को पिछली बार यह पुस्तके नहीं मिल पायी थी क्योंकि ये हाथोंहाथ ही बिक गयी थी. आपकी विशेष रूचि और मांग को देखते हुये ही हमने अधिक से अधिक पुस्तकों का रिप्रिंट उपलब्ध करवाने का प्रयत्न किया है फ़िर भी समयाभाव और धनाभाव में अभी सिर्फ़ 30 पुस्तके ही उपलब्ध करवा पा रहे हैं. TSSP प्रबंधन आप सबसे अनुरोध करता है कि पुस्तके खरीदने के अलावा आप अपनी जेब की हैसियत के अनुसार हमारी आर्थिक सहायता हेतु चंदा भी देना चाहें तो हमें बडी खुशी होगी. आपके चंदे से हम आगे अपनी हैसियत और बढा सकेंगे जिससे हम लगातार उन्नति करते रहेंगे. दान दाताओं को सुचित किया जाता है कि चंदा हम सिर्फ़ बिट-काईन में ही ग्रहण करते हैं इसका ख्याल रखें. 

कृपया पुस्तके हाथों हाथ खरीद लेवें  वर्ना दुबारा इनका प्रिंट जल्दी से उपलब्ध नहीं हो पायेगा.

इसके अलावा अन्य स्वनाम धन्य ब्लाग लेखकों द्वारा लिखी गई नूतन पुस्तकों की छपाई भी दिन रात चालू है और तैयार होते ही हम समीक्षा सहित उन्हें आपके लिये उपलब्ध करवायेंगे.  

हिंदी ब्लागिंग को नयी ऊर्जा देने के लिये सिर्फ़ आज के दिन हमने इन पुस्तकों पर आपको 18.99  प्रतिशत की विशेष छूट देने का निर्णय लिया है. साथ ही डाक खर्च भी हम ही वहन करेंगे. 

एक खुशी की बात और है कि हमारे विद्वान लेखक गण भी  ब्लागिंग को पुनर्जीवित करने के लिये अपनी जेब से कुर्बानी करने को तैयार हो गये हैं यानि लेखकों ने अपनी मर्जी से, बिना किसी राजनैतिक या सामाजिक दबाव के यह निर्णय लिया है कि सिर्फ़ आज के दिन बिक्री हुई किताबों पर वो आपको 9.99 प्रतिशत का विशेष डिस्काऊंट अपनी जेब से देंगे. 

तो आज के दिन खरीदी गई पुस्तकों पर आपको कुल मिलाकर 28.98 प्रतिशत का डिस्काऊंट मिल रहा है तो इसका लाभ उठाईये और शीघ्रता से अपने आर्डर दीजिये.

आज 30 में से सिर्फ़ 18 पुस्तके ही  प्रिंटिंग प्रेस से आ पाई हैं. आज शाम को या कल बाकी की 12 पुस्तके भी जल्द ही आ जायेंगी, जिन्हें आपके सामने हम आने के साथ ही प्रस्तुत करेंगे. 

निष्णांत ब्लागर्स  द्वारा लिखित पुस्तकों का मूल्य और उनका संक्षिप्त विवरण यहां दिया जा रहा है :-

01. ब्लागर भविष्य चिंतामणी : अपने आपमें अदभुत और परम  मनोहारी ग्रंथ का नाम है "ब्लागर भविष्य चिंतामणी". ब्लाग संसार की आने वाली तमाम परेशानियों का हल मय उपाय के बताया गया है. आपको इस क्षेत्र की ऐसी अनोखी पुस्तक कहीं नही मिलेगी. सभी को भविष्य जानने की जिज्ञासा होती है. इस ग्रंथ में ब्लागिंग के पतन की भविष्यवाणी पहले ही कर दी गई थी जो बिल्कुल सच निकली. अब आगे  ब्लाग का भविष्य क्या रहेगा? इसकी भी सटीक भविष्यवाणियां इसमें की गई हैं. आप इस ग्रंथ का अध्ययन मनन करके एक सफ़ल भविष्य वक्ता भी बन सकते हैं. यह भूत, भविष्य और वर्तमान यानि तीनों कालों की जिज्ञासा शांत करने वाला अदभुत ग्रंथ है. इस पुस्तक की एक और विशेषता है कि यह सिर्फ़ तीनों कालों की भविष्यवाणी ही नही करती बल्कि उनके सफ़ल  उपाय इलाज टोने टोटके सहित बताती है. विद्वान लेखिका ने   पुस्तक में समस्त ब्लाग पूजा मंत्रों का सार व उपाय बताते हुये इसे बहुत ही सरल सुगम्य बना दिया है. आज ही तुरंत आर्डर करें, एक बार चूके कि फ़िर मौका नहीं मिलेगा.

कीमत : 4,755/- मात्र
*****

  02. जूतम-पैजारियता पुराण : इस पुराण का पाठ करने से आप स्वयं सद्गति को प्राप्त कर सकते हैं और दूसरों को घर बैठे ही  जूते मारने  में माहिर हो सकेंगे. इस पुराण ग्रंथ का इतना बडा महात्यम है कि कोई भी ब्लागर  बिना मोडरेशन के अपने ब्लाग को नही छोड सकता और सपने में  भी उसे जूते दिखाई देने लगते हैं.  सटीक व्यंग और  इस परम मोक्षदायक पुराण को अवश्य मंगवाये इसके पठन पाठन से आपके भय ताप दूर होकर मन चाही मुराद मिलेगी. महाराज बाबाश्री की आप पर कृपा बनी रहने की गारंटी दी जाती है. लेखक ताऊ डाट इन द्वारा आयोजित  विशेष   "ब्लेक बूट एवार्ड ट्राफ़ी" आफ़ ब्लागर जूतमपैजारियता - 2011 के भी  विजेता रहे हैं. लेखक ने स्वयं इस पुराण के समस्त मंत्रों की अभीष्ट सिद्धियां प्राप्त की हुई हैं.   सीमित प्रतियां ही स्टाक में उपलब्ध हैं.





कीमत : 3299/- मात्र
                                                                                *****



03. ब्लाग पोस्टोपनिषद :  महान ब्लागर शिरोमणी खुरपेंचिया द्वारा 420 BC रचित इस ग्रंथ को विद्वान लेखिका ने अपने सुक्ष्म ज्ञान से, इस ग्रंथ के सारे भेद जन सामान्य के लिये खोल कर रख दिये है. इस उपनिषद के नित्य पाठ किये बगैर कोई भी ब्लागर यदि ब्लागिंग करता है तो पाप का भागी होकर अपना जीवन खराब करता है और फ़ेसबुक जैसे अन्य मिडिया पर अपना समय खराब करता है. अत: तुरंत यह परम पवित्र पुस्तक खरीद कर नित्य पाठ करें और अपने ब्लागिंग जीवन को धन्य कर एडसेंस लगाकर धन प्राप्ति का मार्ग सुनिश्चित करें. इस पुस्तक को  पास रखने मात्र से  समस्त ब्लाग पाप दूर होकर आप परम मोक्ष के अधिकारी बनेंगे, इस बात की ग्यारंटी दी जाती है. इस पुस्तक का प्रकाशन सीमित मात्रा में ही हुआ है, तुरंत खरीदें.


कीमत :  3,455/- मात्र
*****

04. त्वं किं करोति ब्लागर: - महाराज खुरपेचिया विरचित यह ग्रंथ पहली बार इस रूप में आपके सामने है. विद्वान लेखिका ने अथक खोज बीन के बाद खुरपेचिया महाराज के ग्रंथ की बारीकियां समझायी है. खुरपेचियां महाराज ने भूतकाल में ही यह भविष्यवाणी कर दी थी कि ब्लागिंग का पतन होकर एक जुकरू बाबा आयेंगे जो सभी ब्लागरों को बहका कर टाईम खोटी करवाने वाले रास्ते पर धकेल देंगे. महाराज शिरोमणी ने इसी स्थिति के लिये इस ग्रंथ की रचना की थी कि ब्लागर के क्या कर्तव्य हैं? ब्लागिंग कैसे करनी चाहिये? और पतन काल में जपने वाले मंत्रों  इत्यादि समस्त बातों सहित और उनके उपाय इस अनुपम ग्रंथ में लिखे थे किंतु खुरपेचियां महाराज की वैदिक काल की भाषा को समझना आम जन के बाहर है. विद्वान लेखिका ने काफ़ी शोध के उपरांत अपनी दिव्य दृष्टि से इस अनुपम ग्रंथ को सहज भाषा में लिखा है.  इस पुस्तक की कुछेक प्रतियां ही शेष हैं. यदि आप इसे खरीदने से चूक गये तो आपका यह ब्लागर जन्म तो व्यर्थ ही समझिये. अत: तुरंत आर्डर करके अपने जन्म को सार्थक किजिये. इस पुस्तक के नित्य पाठ करने से समस्त  ब्लाग दोषों की शांति होने की ग्यारंटी दी जाती है.

कीमत :  3,655/- मात्र
*****

05. ब्लागर सम्मोहन गुटिका एवम टोटके : कोई आपको परेशान करता हो, आपकी बात ना मानता हों उससे छुटकारे का उपाय आपको इस पुस्तक में मिलेगा. वर्तमान काल में जबकि ब्लाग जगत में सन्नाटा छाया हुआ है, ऐसे समय में अपने ब्लाग पर चहल पहल बनाये रखने और टिप्पणियों की फ़सल उगाने में यह अनुपम ग्रंथ अत्यंत सहायक सिद्ध होगा. इस विषय की शानदार पुस्तक है. स्ट्रिंग आपरेशन के एक से एक नायाब मंत्र और टोटके उपाय सहित  बताये गये हैं. साथ ही उन स्थानों के नाम पते भी दिये गये हैं जहां से आप स्टिंग आपरेशन में काम आने वाले स्पाई कैमरे आदि सामान खरीद सकें. अनामी, बेनामी और सुनामी लाने या उनसे बचने के अचूक मंत्र टोटकों सहित इस अद्वितीय पुस्तक का कोई तोड नहीं है.   अति उपयोगी पुस्तक. आज ही आर्डर करें. और निराश होने से बचें.


कीमत 2999/- मात्र
*****


06. ब्लाग भैरव टिप्पणी पूर्ति गुटिका:  एक ऐसी पुस्तक, जिसका हर ब्लागर को बेसब्री से इंतजार रहा है. इस पुस्तक की जितनी तारीफ़ की जाये वह कम पडेगी. इस पावन ग्रंथ के पठन पाठन से आपकी सभी तरह की टिप्पणी समस्या दूर होती है, जिनका की आजकल अकाल पडा हुआ है. आपकी ब्लाग पोस्ट पाठकों और  टिप्पणियों से महक उठेगी. इस पुस्तक में दिये गये अति प्राचीन मंत्रों को सिद्ध कर लेने के बाद आप बिना लेपटोप, बिना  नेट कनेक्शन के भी सिर्फ़ अपने मनोबल द्वारा किसी भी ब्लाग पर अपनी मनचाही  टिप्पणी कर सकते हैं. यह पुरातन मंत्रों की अनुपम गुटिका है जिसे आप तुरंत प्राप्त करना चाहेंगे.  सभी टिप्पणी मंत्रों को सिद्ध करने की सरल विधी इसी ग्रंथ मे दी गई है. इस पुस्तक के अंदर ही आपको ब्लाग भैरव देवता का चित्र भी मिलेगा, जिसके सामने बैठकर आपको मंत्र सिद्ध करने हैं.  मंत्रो को सिद्ध करने के लिये  पूजा पाठ एवम अन्य सामग्री आप निर्धारित मूल्य पर ताऊ प्रकाशन के आफ़िस से प्राप्त कर सकते हैं. अत्यंत ही सीमित स्टाक उपलब्ध है. इस अवसर को हाथ से जाने मत दिजिये. ऐसे मौके बार बार नही आते. तुरंत आर्डर करें.   

लेखिका :  डा. अनिता ललित
कीमत :  3,350/- मात्र
*****



07. ब्लाग बकरे बक बक रे :  मौज लेने वाली विधा का यह एक  अदभुत और अनुपम  ग्रंथ हैं जो सिद्ध तंत्र मंत्र की कलाओं से भरा पडा है, आसान विधी से सिद्ध होने वाले मंत्रों और विधियों सहित अन्यत्र अप्राप्य दुर्लभ ग्रंथ, जो सिर्फ़ हमारे यहीं पर उपलब्ध है.  ब्लाग बकरे कैसे मौज लेते हैं?  कैसे आप बकरे को बकरा बनाकर खुद का भला करना चाहते हैं पर विधि गलत हुई तो आप स्वयं बकरा बन सकते हैं. स्वयं बकरा बनने से बचने के लिये ही यह अनुपम ग्रंथ लिखा गया है.  यह आप इस अनुपम ग्रंथ को पढकर ही जान पायेंगे. बिना मौज लिये ब्लागर का जीवन बेकार बकरे जैसा है,  जिसे कोई भी हलाल कर सकता है.  अपना समय और जीवन व्यर्थ मत जाने दिजीये.  इस पुस्तक की रचना विशेष  रूप से आपको बकरा बनने से बचने को  ध्यान में रख कर ही की गई है. यह ग्रंथ अपने आपमें एक नायाब खजाना है जो आपकी जबान को बक बक करने की आदत से निजात दिलाकर आपको मौज लेने  में प्रवीण बनाती है. यदि आप मौज का मतलब  समझना चाहते है, मौज मौज में लिखना चाहते  है  या फ़िर किसी की मौज लेना चाहते  है तो यह अनुपम ग्रंथ आपके लिये ही है. शीघ्रता किजीये, सीमित मात्रा में ही स्टाक बचा है. तुरंत आर्डर करें. 

कीमत :  3,955/- मात्रं के सात
*****



08. चिठ्ठा रोगों का शर्तिया खानदानी इलाज : विद्वान लेखक ने अपने दिव्य नेत्रों से ब्लाग रोगों को बहुत समय पहले ही भांप लिया था. अपने दयालु स्वभाव के कारण लेखक नें महाभारत कालीन अनुपम और क्लिष्ट ग्रंथों का अध्ययन करके यह अनुपम ग्रंथ लिखा है.  अपने विषय की सर्वोत्तम पुस्तक है. बिल्कुल सहज और सरल भाषा में लिखी गई है. ब्लाग रोगो के साथ ही साथ आप अपनी शारीरिक दुर्बलता को भी दूर कर सकते हैं. लेखक स्वयं इस समय 60 साल की उम्र पार कर चुके हैं पर इन्हीं दुर्लभ फ़ार्मुलों के सेवन से वो अभी सिर्फ़ 25 साल के दिखाई देते हैं. चिठ्ठा रोगों के अलावा भी हर बीमारी का  अचूक इलाज आपको इस ग्रंथ में मिलेगा. ग्रंथ में बताये गये सभी नुस्खे लेखक के स्वयं के आजमाये हुये हैं. यहां लेखक के बारे में कुछ भी कहना गधे के सर पर सींग रखना है. लेखक एक सफ़ल ब्लाग चिकित्सक  और अनंत काल के अनुभवी हैं. तुरंत इस ग्रंथ को खरीद कर अपना जीवन सुखमय बनायें.



कीमत : 3899/- मात्र
*****
      
09. ब्लाग हितकारी पुराण : यह नितांत परम मनोहर परम पुनीत पुराण है जो कि विषय के ज्ञाता विद्वान द्वारा लिखा गया है. लेखक का संबंध भी सतयुग से है और बातों को गोल गोल घुमाने के बजाये बहुत ही नपे तुले शब्दों में समझाया गया है. आप इस पुराण में दिये गये तंत्र मंत्रों से सभी तरह की इच्छाएं पूर्ण करने में सफ़ल रहेंगे. इस पुराण के नियमित पठन से आपको मठाधीष बनने से स्वयं लेखक भी नहीं रोक पायेगा. साथ ही  इस पुराण के पठन पाठन से समस्त अनामी, बेनामी, सुनामी और झांसी की रानी के कहर से आपकी सुरक्षा होगी और आप सुखपूर्वक ब्लागिंग करके अपना जीवन धन्य करते रहेंगे. साथ ही  कुमारी सुर्पणखां की आप पर अनंत कृपा हो सकती है जो कि सब जगह आपकी रक्षार्थ तैयार खडी मिलेगी. तुरंत खरीद कर  ट्राई करें. बहुत ही सीमित मात्रा में उपलब्ध है. ज्यादातर स्टाक लाईब्रेरीज के लिये बुक हो चुका है, आखिरी कुछ प्रतियां ही शेष बची हैं.



कीमत : 3799/- मात्र
                                                                               *****

10.  ब्लागिंग मे खोई ताकत  वापस प्राप्त करें : यह पुस्तक सभी ब्लागर्स के लिये रामबाण सिद्ध होगी जो रीत कर रीतिकालीन हो चुके हैं. और चारों तरफ़ से अपनी गल्तियों की वजह से निराश हो चुके हैं. जिनकी जोशे जवानी लुट चुकी है और निराश होकर हाथ पर हाथ धरे बैठे हैं या फ़ेसबुक पर चटर पटर करते रहते हैं. लेखक  अपने क्षेत्र के विशिष्ट और  ख्याति प्राप्त   माडल है और लोगों में नया जोश और जवानी भरने में माहिर है. इस पुस्तक के फ़ार्मुले  शौकीन और  तंदुरुस्त लोग भी ट्राई कर सकते हैं, उनमें भी नया जोश नई जवानी भर जायेगी. लेखक के   नुस्खे आपको भी सारे खुरपेंच दांव सिखा कर   ब्लागिंग में आसमान दिखा देंगे. दिन में तारे दिखने की गारंटी ली जाती है. विश्व की सभी लाईब्रेरीज से इस ग्रंथ के लिये बहुत ही बडी मात्रा में आर्डर आये हैं. आज जबकि आन लाईन धन कमाने के कई रास्ते खुल चुके हैं तब आप इस ग्रंथ के फ़ार्मुले आजमाकर अपने आपको चुस्त दुरूस्त करके इस रास्ते पर चल पडिये.   आप भी तुरंत आर्डर कर इस ग्रंथ को झपट लें वर्ना बाद में पछतायेंगे और ये कहेंगे कि ताऊ ने अपने अपनों को रेवडियां बांट दी. अत्यंत ही सीमित स्टाक उपलब्ध है.
लेखक द्वारा नवीनतम ग्रंथ "पढिये मेरी किताब" लगभग छपकर तैयार है जो एक दो दिन में समीक्षा सहित आपको उपलब्ध करवाई जायेगी.



कीमत : 3299/- मात्र
                                                                              *****

11. ब्लाग मठ प्रदीपिका : खुरपेचिया रचित यह ग्रंथ ब्लाग संसार में अनोखा है.ब्लागर शिरोमणी खुरपेचिया द्वारा इस पुस्तक की रचना 420 BC में मूलत: ब्राह्मी भाषा में की गई थी. इस ग्रंथ के कुछ पन्ने फ़टी हालत में इधर उधर बिखरे पडे थे. इसके कुछ पन्ने तो भानगढ में गब्बरसिंह को मिले थे. लेखक ने गब्बर सिंह से यह पन्ने कैसे हासिल किये थे? इसका खुलासा भी लेखक ने इस पुस्तक में किया है. अत्यंत क्लिष्ट भाषा होने के बावजूद भी लेखक ने अपनी दिव्य दॄष्टि और भाषा ज्ञान के बल पर हूबहू इसे मूल ग्रंथ से अनुवाद किया है, यह कोई सरल बात नही है कि कोई विलुप्त हो चुके भाषा ग्रंथ को  ब्लागरी भाषा में समझा सके.  वर्तमान में विद्वान लेखक ही एक मात्र ब्राह्मी भाषा के जानकार है इस विश्व में. उनके अथक परिश्रम से  ही इस महान ब्लाग ग्रंथ का प्रकाशन हो पाया है. प्रकाशक लेखक के इस महान कृत्य के लिये उन्हें धन्यवाद देते हैं.  इस पुस्तक में ब्लाग मारण, ब्लाग तारण, ब्लाग उच्चाटन व ब्लाग सम्मोहन जैसी उच्च क्वालिटी की बाते साधारण भाषा में समझायी गई हैं.  यदि किसी ब्लागर ने इस ग्रंथ को नही पढा तो ब्लागिंग के असली तत्व से महरूम ही रहेगा. तुरंत आर्डर भेंजे. कुछ प्रतियां ही शेष बची हैं.


                                             खुरपेचिया विरचित  मूल ग्रंथ  "भाषा टीका सहित"
                                                               लेखक : अनुराग शर्मा
                                                                कीमत : 5999/- मात्र
                                                                              *****

12. ब्लाग-राग प्रदीपिका : इस पुस्तक को पढना आपके लिये अति परम मोक्ष दायक है. ब्लागिंग में किस तरह के राग यानि झगडे हैं ? उन झगडों से कैसे पार पाया जाय? शाम्ति और सकून से ब्लागिंग कैसे की जाये? ऐसे अद्भुत रहस्यों को विद्वान लेखिका ने अत्यंत सरल भाषा में आपके समक्ष प्रस्तुत किया है. इन सभी रहस्यों को आप इस पुस्तक को पढकर ही जान पायेंगे. इस पुस्तक को कंठस्थ करके आप नित्य पाठ करेंगे तो आप किसी भी ब्लाग झगडे, ऊपरी हवा या बाधा  में नही फ़ंसेंगे. सभी संभावित स्थितियों की तथ्यात्मक व्याख्या और उनके उपाय सरल टोटकों के रूप में दिये गये हैं. अति जरूरी और घर में संग्रहणीय पुस्तक. अति शीघ्र खरीदें, स्टाक बहुत कम है.



कीमत : 3,755/- मात्र
*****

13. राग ब्लाग भैरवी : (भाग -1)  यह एक  अति परम कल्याण कारी ग्रंथ है जिसके पठन पाठन से ब्लाग में आप भैरवी बजाना सीख सकेंगे. यह ब्लाग संगीत की विलुप्त विधा है जो विद्वान लेखिका ने वर्षों के शोध और अपने अथक प्रयत्नों से आपके लिये उपलब्ध कराया है. विद्वान लेखिका ने अति गहन शोध और ध्यान की गहराईयों में उतर कर इस अति अनुपम और कल्याणकारी ग्रंथ की रचना की है. इस ग्रंथ का इतना प्रभाव है कि यह ग्रंथ आपके पूजा घर में अवश्य होना चाहिये. इस ग्रंथ के आपके घर में विद्यमान रहते आपके यहां परम सुख शांति की अनुभुति होती रहेगी. आपके ब्लाग पर चल पहल और टिप्पणी धन में निरंतर वृद्धि होती रहने की ग्यारंटी दी जाती है. पुस्तक की लाईब्रेरीज में बहुत ही अधिक डिमांड होने से अब  सीमित प्रतियां ही शेष रह गई हैं. शीघ्र मंगवाये वर्ना पछताना पड सकता है.   

कीमत : 2,855/-
*****

14. ब्लॉग सुन्दरी कैसे बने? -ऊँटनी और गधी के दूध सहित सौ नुस्खे : यह पुस्तक ब्लागिंग के शौकीनों के लिये एक अद्भुत उपहार है. आज जब्कि ब्लागिंग मरणासन्न हो चुकी है और इसका स्पष्ट प्रभाव आपके मन मष्तिष्क और शरीर पर स्पष्ट नजर आरहा है, ऐसे समय में इस पुस्तक की सहायता से आप ब्लागिंग के पुनरोद्धार के बाद तक  यानि चिरकाल तक सुंदर और युवा बने रह सकते हैं. इसमें बताये गये फ़ार्मुलों को आजमाकर आप देह की सुंदरता के अलावा पुरूष होते हुये भी एक सुंदर कमनीय नारी के रूप में ब्लागिंग कर सकते हैं यानि पुरूश होकर भी नारी रूप में सफ़लता से ख्याति प्राप्त कर सकते हैं. आज फ़ेसबुक पर जिन सुंदर सुंदर बालाओं (वास्तव में पुरूष) के प्रोफ़ाईल पर आप हजारों कमेंट देखते हैं उन सबने इसी पुस्तक के अध्ययन के बाद यह ख्याति प्राप्त की है. लेखक इस बात की कोचिंग भी करते हैं जहां आप उनसे रूबरू ट्रेनिंग भी प्राप्त कर सकते हैं. लेखक के कार्यस्थल और संपर्क का सारा विवरण आपको इस पुस्तक में मिलेगा. लेखक के  महाभारत कालीन अनुभवों द्वारा यह अद्भुत फ़ार्मुले परीक्षित हैं और लेखक स्वयं इसका प्रत्यक्ष उदाहरण है. लेखक ग्रीक और रोमन  सौंदर्य शाश्त्र के परम ज्ञाता हैं. ग्रीक और रोमन सुंदरियों को सौंदर्य निखारने और बनाये रखने की विशेष ट्रेनिंग देने का लेकहक को विशेष अनुभव है. लेखक के बारे में ज्यादा कुछ कहना गधे के सर पर सींग लगाने जैसा है. आप तो इस बात से समझ लीजिये कि लेखक क्लियोपेट्रा के विशेष सौंदर्य सलाहकार रहे हैं और उसे गधी के दुग्ध स्नान की राय लेखक द्वारा ही दी गई थी. आपकी  अनेकों पुस्तके प्रकाशित हो चुकी हैं और लेखक आजकल "प्रेम के  स्वयं परीक्षित नुस्खे" नामक कृष्ण कालीन ग्रंथ की रचना में मशगूल हैं जिसे बहुत जल्दी ही TSSP द्वारा आपकी सेवा में उपलब्ध करवाया जायेगा. ब्लाग सुंदरी कैसे बनें? ग्रंथ की सीमित प्रतियां ही शेष बची हैं. शीघ्रता किजिये कहीं पछताना ना पडे.



कीमत : 4499/- मात्र
*****



15. सफ़ेद पोश ब्लागर बनिये : इससे बेहतरीन किताब आज तक इस विषय पर लिखी ही नही गई. आप भले ही फ़टीचर हों...बल्कि कालेपोश हों और निपट गंवार हों..तब भी आपने अगर यह पुस्तक पढ ली तो समझ लिजिये कि आप ब्लाग सोसायटी के हीरों हो जायेंगे....सब आप पर जान देंगे और खासकर तो वो..जिंन्हे आप अपने ग्रूप में शामिल करना चाहते थे और आज तक सफ़ल नही हो सके थे. इस पुस्तक के अध्ययन से आप नैतिक अनैतिक शब्दों की घाल घुसेड करने में माहिर हो सकेंगे और कोई आप पर अंगुली भी नहीं उठा सकेगा... पुस्तक खरीदते ही आप काले से सफ़ेदपोश ब्लागर बन जायेंगे...अंग्रेजी और उर्दू शब्दों सहित घाल घूसेडू ब्लागर बनने के अचूक फ़ार्मुलों सहित एक संपूर्ण पुस्तक.....लेखक की यह सबसे ज्यादा बिकने वाली पुस्तक है. शीघ्रता कीजिये, सीमित प्रतियां ही शेष बची हैं. लेखक अभी अभी पंजाब के गांव में तीन चार महिने डेरा डालकर अपनी नवीन पुस्तक "तेरे पीछे ना आऊंगा सोणिये" को पूर्ण करके लौटे हैं. यह पुस्तक भी अति शीघ्र TSSP द्वारा प्रकाशित की जाने वाली है.


कीमत 3199/- मात्र
                                                                               *****

16. ब्लागर खडा बाजार में : (ब्लाग तत्व निरूपण प्रदीपिका) एक अति महत्वपूर्ण पुस्तक है जिसे पढकर ही आप जान पायेंगे कि ब्लाग में सन्नाटे के बावजूद भी  ब्लागर बीच बाजार कैसे खडा हो सकता है? क्योंकि ब्लागर ने तो घर में  कंप्य़ूटर पर ब्लागिंग के बजाये फ़ेसबुक ट्विटर पर  खिटपिट शुरू कर दी है. यदि आपने यह पुस्तक नही पढी तो आप ब्लागिंग के असली तत्व से महरूम रह सकते हैं जो कि आपके मोक्ष में बाधक बन जायेगा. जीने की कला और सफ़ल  ब्लागिंग का सामंजस्य कैसे बिठायें? यह पढिये इस पुस्तक में. इस पुस्तक के दैनिक श्रवण मनन से सारे भय ताप दूर हो जाने की ग्यारंटी दी जाती है. शीघ्रता करें...मात्र कुछ प्रतियां ही शेष बची हैं. 



कीमत : 2,755/- मात्र
*****
17. ब्लाग टिप्पणी उपनिषद : महाराज खुरपेचिया विरचित इस पुरातन ग्रंथ को बहुत ही सहज और सुगम्य भाषा में विद्वान लेखिका ने लिखा है. टिप्पणी तंत्र की प्रत्येक यानि कोई ऐसी विधा नही है जो इस अनुपम और परम पावन ग्रंथ में ना समेटी गई हो. यों तो खुरपेंचिया महाराज द्वारा विरचित अनेकों ग्रंथों पर  विभिन्न विद्वानों ने समय समय पर  अपने अपने विवेक अनुसार टीका लिखी है लेकिन यह पुस्तक विशेष सार रूप में लिखी गई है इसी वजह से इसका नाम भी "ब्लाग टिप्पणी उपनिषद" रखा गया है. टिप्पणियों के गहन  मूल्यांकन से लेकर उनके विविध प्रकार व धाराओं पर अथक खोज बीन के बाद यह ग्रंथ इस रूप में आपके सामने प्रस्तुत किया गया है. जो कोई भक्त इस परम पावन उपनिषद का सुबह शाम पठन पाठन और श्रवण मनन करेगा उसकी समस्त टिप्पणी विषयक एवम सांसारिक बाधायें दूर होने की ग्यारंटी दी जाती है. सीमित मात्रा में उपलब्ध, शीघ्रता पूर्वक अपना आर्डर बुक करें. 


लेखिका : डा. श्रीमती अजीत गुप्ता
कीमत : 4,155/- मात्र
*****


18. श्री ब्लाग - भारत पुराण : यह पुस्तक अपने आप में एक अनुपम ग्रंथ हैं. खुरपेंचिया महाराज विरचित सूत्रों को समझना जन साधारण के वश की बात नही है. खुरपेचियां महाराज के उलझे सूत्रों को सुलझाते हुये विद्वान लेखिका ने दिव्य दृष्टि पूर्वक  इस पुराण को बहुत ही सहज और जन भाषा में लिखा है जिसके लिये वो बधाई की पात्र हैं. यह पुराण पाषाणयुगीन ब्लाग यात्रा से आधुनिक सन्नाटाकालीन ब्लाग यात्रा  तक का एक अदभुत समन्वय करते हुये  आपको सीधे शिखर की ऊंचाईयों का बोध करवाता है.  अभी तक तो आपने  महाराज खुरपेचिया का सिर्फ़  नाम भर  ही सुना होगा लेकिन  इस ग्रंथ द्वारा आप उनकी आत्मा से सीधे संवाद स्थापित करने में सक्षम हो सकेंगे.  ब्लाग पुराण का एक एक अध्याय कल्याणमय है. इस पुराण के पठन पाठन और मनन श्रवण से समस्त भय बाधा विकार पीडा दूर होकर ब्लागोन्नति के वापस  शिखर पर पहुंचने की पक्की ग्यारंटी दी जाती है.  शीघ्रता करें वर्ना इस परम पावन ग्रंथ से आपको वंचित होना पड सकता है. मात्र कुछ ही प्रतियां उपलब्ध हैं.


लेखिका : डा. रश्मि रविजा
कीमत : 3,355/- मात्र
*****

आज की सभी किताबों का संपूर्ण सेट एक साथ खरीदने वाले भक्तों को बाबाश्री ताऊ महाराज  विशेष दर्शन देकर आने वाली पूर्णमासी पर  एक विशेष साधना करवायेंगे जिससे आपके समस्त कष्ट दूर भी होंगे और फ़ेसबुक एडिक्शन से मुक्ति भी मिलेगी साथ ही  धन धान्य की विशेष प्राप्ति होने की ग्यारंटी दी जाती है.
 

 ॐ हास्यम हास्यम हास्यम.


ॐ ब्लागदेवताभ्यो नम:
अनामी नम:
बेनामी नम:
मारीचाय नम:
सूर्पनखाए नम:
सर्व अलाने-फलाने देवताभ्यो नम:
ॐ........सर्वे भवन्तु  सुखिनां विनोदप्रियां

तमसोर्मां हास्यगमय

ॐ हास्यम हास्यम हास्यम.

ताऊ सद साहित्य की पुस्तकें खरीदने के पहले यह डिस्कलेमर आवश्यक रूप से पढें.

डिस्क्लेमर :  
*डिस्काऊंट सिर्फ़ और सिर्फ़ आज के लिये ही मिलेगा.
*हमारी कोई ब्रांच नही है.
*पुस्तके संपूर्ण अग्रिम पर ही भेजी जाती हैं.
*आपका आर्डर और धन आने के बाद यदि स्टाक नही बचा तो किसी भी रूप में धन वापसी नही होगी.  भविष्य में जब कभी भी पुस्तक रिप्रिंट होगी तब भेजी जायेगी.
*इन पुस्तकों को किसी भी रुप मे कापी करने की सख्त मनाही है.
*बिका हुआ माल किसी भी कीमत पर वापस नही होगा.
*इन पुस्तकों में दिये गये फ़ार्मुले अपनी रिस्क पर ट्राई करें,  प्रकाशक या लेखक इसके लिये जिम्मेदार नही होंगे.

*यह पोस्ट शुद्ध मनोरंजन के लिये लिखी गई है. कोई भी सज्जन दिल-दिमाग, कलेजे-जिगर पर ना ले  क्योंकि आजकल  बरसात का सीजन है. ताऊ प्रकाशन की पुस्तकों  को  पढने की वजह से कोई बीमार पड गया तो  हमारी किसी भी तरह की कॊई जिम्मेदारी नही होगी. 

*यह पोस्ट किसी को किसी भी रूप मे छोटा या बडा  दिखाने के लिये नही लिखी गई है सिर्फ़ मनोरंजन,  मनोरंजन और सिर्फ़ मनोरंजन के लिये लिखी गई है. फ़िर भी किसी को ऐतराज हो तो उसका नाम हटा दिया जायेगा.

#हिन्दी_ब्लॉगिंग