हमारी कालेज के छात्रों को इस तरह शिक्षा दी जाती है कि उनमें से अधिकतर छात्र अपने जीवन के उतरार्ध में हायर एजूकेशन के लिये प्रसिद्ध तिहाड कालेज में एडमिशन लेते रहे हैं. तिहाड कालेज जाना अपने आप में बहुत ही गौरव मय क्षण होता है. सीना गर्व से तन जाता है. आप भी यदि हमारे कालेज के इन कोर्सेस में बच्चों को ट्रेंड करवाते हैं तो आपको यह ग्यारंटी दी जाती है कि भविष्य में वो तिहाड कालेज में अवश्य एडमिशन लेंगे. ऊपर से मुनाफ़ा यह कि आपको भी उनसे मिलने के लिये तिहाड कालेज जाना पडेगा तो आपकी भी तिहाड कालेज घूमने की व्यवस्था मुफ़्त हो जायेगी. यानि आम के आम और गुठलियों के दाम.
हमारे छात्रों की इस उन्नति के लिये हमारे कालेज के आजीवन अध्यक्ष बाबाश्री ताऊ महाराज तो हमारे लिये प्रेरणा श्रोत रहे ही हैं परंतु छात्रों को ट्रेंड करने में हमारे कालेज के डायरेक्टर प्रोफ़ेसर रामप्यारे ने अपना महती योगदान दिया है.
आज का फ़ाईनेंशियल मार्केट काफ़ी रिस्की हो गया है, सोने का भाव गिरता जा रहा है, शेयर मार्केट से जनता इस तरह दूर हो गयी है जैसे आजकल कौव्वे शहरों से गायब हो गये हैं. पालक अपने बच्चों के भविष्य को लेकर अति चिंतित हो रहे हैं. परंतु हमारे दयालू बाबाश्री ताऊ महाराज से पालकों की यह परेशानी नही देखी जाती.
हम बाबाश्री के मार्गदर्शन में 100 प्रतिशत मुनाफ़े और ग्यारंटेड रोजगार के निम्न तीन कोर्सेस शुरू करने जा रहे हैं. यह कोर्सेस प्रोफ़ेसर रामप्यारे की देखरेख में चलेंगे. इन कोर्सेज में एडमिशन के लिये कालेज समय में आप कालेज के डायरेक्टर प्रो. रामप्यारे से संपर्क कर सकते हैं. इन कोर्सेस की सीमित सीटे ही बची हैं क्योंकि बडे नेताओ, अफ़सरों, अध्यक्षों की मांग पर उनके बच्चों को एडमिशन प्राथमिकता से दिया गया है.
Course No. 1 -- How to bat (2 year),
(Fees Rs. 15 lakh only, full course)
(Fees Rs. 15 lakh only, full course)
Course No. 2 -- How to ball (2 year),
(Fees Rs. 15 lakh only, full course)
(Fees Rs. 15 lakh only, full course)
Course No. 3 -- How to fix (5 year),
(Fees Rs. 25 lakh only, full course)
(Fees Rs. 25 lakh only, full course)
होनहार और टेलेंटेड बच्चों के लिये यदि वो चाहें तो आधी फ़ीस माफ़ की जा सकती है. जो बालक आधी फ़ीस माफ़ करवाना चाहते हों उन्हें अपनी कमाई से जीवन भर 25 प्रतिशत रकम बाबाश्री ताऊ महाराज निजार्थिक ट्रस्ट में देना होगी. इस स्कीम में प्रवेश लेने के इच्छुक प्रार्थी इंटर्व्यू देने हेतु डायरेक्ट बाबाश्री ताऊ महाराज से संपर्क करें.
पालक गण कृपया ध्यान देवे :-
1. हमारे कालेज में क्रिकेट खेलना नही सिखाया जाता.
2. क्रिकेट के शौकीन कहीं और एडमिशन लेवें.
3. यह शुद्ध रूप से प्रोफ़ेशनल कोर्सेस हैं.
4. फ़ुल कोर्स की फ़ीस एक साथ देनी होगी.
5. आर्थिक रूप से सक्षम पालक गण ही संपर्क करें.
6. मिलते जुलते नाम के दूसरी कालेजों के कोर्सेस से भ्रमित ना हों, क्योंकि बाबाश्री ताऊ महाराज की असली और पुरातन दुकान यही है.

