इस मास का अति विशेष राशिफ़ल : अवश्य पढिये.

प्रिय भक्त जनों आप सबको ज्योतिष सम्राट महाराज ताऊ, एवम तंत्र सम्राट श्री रामप्यारे जी महाराज और प्रखर वाणी शिरोमणी श्री हीरामन जी महाराज का परम आशीर्वाद.

आज सुबह से ही हमने भविष्य बांचने की दुकान लगाई है पर लगता है आज का दिन हमारे लिये बडा मनहूस है. एक भी मुर्गा....माफ़ किजिये...एक भी बकरा...ये आज जबान क्युं फ़िसल रही है? लगता है आज हमारा राहु कहीं केतु में घुस गया है.




हां तो हम बता रहे थे कि आज एक भी आसामी हमारे चंगुल में नही फ़ंसा, अत: हम कृपा करते हुये आप समस्त ब्लागरों का होली मासिक भविष्य मुफ़्त में बता रहे हैं, अगर आप मुफ़्त में नही जानना चाहते तो दक्षिणा हमें मनी आर्डर से भेज सकते हैं, हमें कोई ऐतराज नही है.

अब आप नीचे अपनी अपनी राशि अनुसार होली मास का भविष्य फ़ल पढिये.


मेष राशि:- होली मास अत्यधिक उथल पुथल भरा रहने वाला है. टिप्पणियों के मामले में बहुत सोच विचार कर के ही कोई निर्णय करें. आप कोई विवादित टिप्पणी करके किसी गहरे विवाद में फ़ंसेगे. पारिवारिक दायित्वों की पूरी तरह उपेक्षा करें जिससे आपकी लठ्ठ मसाज मुफ़्त में हो जायेगी और मसाज खर्च भी बचा सकेंगे.

जीवनसाथी से वैचारिक मतभेद की स्थिति अधिकांशत: निर्मित होती ही रहेगी जो आपके लिये फ़ायदे मंद रहेगी. क्या फ़ायदा होगा? यह हमसे प्रत्यक्ष आकर पता करें. खर्च के साधनों में भी बढावा दिखाई दे रहा है. अत: यदि किसी प्रकार का कोई बडे खर्च का विचार मन में पनप रहा हो तो उसे आगे भविष्य हेतु स्थगित ना करना ही श्रेयष्कर रहेगा अन्यथा यह मौका फ़िर नही मिलेगा. खर्चा अवश्य करें भले क्रेडिट कार्ड की लिमिट फ़ुल हो जाये. होली वाले रंग खेलते समय विपरीत सेक्स के लोगों से जरा संभलकर रहें, हमें कुछ अनहोनी की आशंका दिखाई दे रही है. विशेषकर जिनका जन्म6,8,10,11,14,17,18,19 तिथियों के पंचम काल में हुआ है. फ़िर भी किसी से कोई पंगा पड जाये तो निम्न उपाय करें.

उपाय:- बुधवार के दिन श्री ताऊ संस्थान में अपनी इच्छानुसार पांच हजार या उसके गुणांकों का नगद दान करें. श्री ताऊ महात्यम स्त्रोत का नित्य प्रात: दस बार पाठ करें.
------------------------------------------------------------

वृष राशि:- होली मास में आपकी स्थित मिश्रित फलदायक रहने की संभावना है. यदि आप नये ब्लागर हैं तो आपसे जुड़ने वाले सभी लोगों का भरपूर सहयोग प्राप्त होगा. टिप्पणियों द्वारा मान-प्रतिष्‍ठा में वृद्धि होगी और किसी ब्लाग एशोसियेशन में छोटा मोटा पद भी आपको मिल सकता है. जिसमे ब्लाग संबंधी किसी स्ट्रिंग आपरेशन की कोई नवीन जिम्‍मेदारियां आपको सौंपी जा सकती है. आपको विशेष सलाह दी जाती है कि किसी मठाधीष से भूलकर भी पंगा ना लें.

अगर आप पहले से ही स्थापित ब्लागर हैं तो जरा विशेष सावधानी से काम लें, कोई आपकी इज्जत को काला रंग लगाने की कोशीश कर सकता है. और संभवत: यह कोई सांड टाईप का प्राणी हो सकता है. होली मास में आप किसी से भी पंगा लेने के पहले अपने चेलों को अवश्य विश्वास में लेले क्योंकि ग्रह योग बता रहे हैं कि आपकी नैया आपके चेले ही डुबोयेंगे. जिससे आपको एलर्जी अथवा रतौंधी संम्बन्धी रोग-व्याधी का भय रहेगा. मन में उदासी एवं स्वभाव में थोडा चिडचिडापन भी पैदा हो सकता है. विशेषकर जिनका जन्म 8,10,18,22,26,30 तिथियों के षष्टम होरा काल मे हुआ है. अगर कुछ गडबड हो ही जाये तो निम्न उपाय करें.

उपाय:-ॐ ताऊवाय नम: मंत्र का जाप करें. मंगलवार १०१ कुंआरे ब्लागरों को सिन्दूर का टीका लगा कर मिष्ठान्न भोजन करवायें, ध्यान रहे इसमें महफ़ूज अली का शामिल होना जरूरी है वर्ना इष्ट फ़ल प्राप्ति नही होगी.

---------------------------------------------------------------
मिथुन राशि :- होली माह में आपके मन में बसंत की तर्ह तरंगे उठेंगी, मन प्रफ़ुल्लित रहेगा, नवीन आशाओं का संचार होगा. आपके लिए पूरा माह अनुकूलताओं से भरा रहेगा. घर परिवार,आस-पडोस,नाते-रिश्तेदार,शत्रु,मित्र इत्यादि सब ओर से माहौल पूर्णत: मनोनुकूल रहेगा.

आपका मन शादी करने के लिये मचलता रहेगा, मगर सावधान, आप पहले से ही शादीशुदा हैं और पुरूष हैं तो ये माह आपके लिये ठीक नही है. क्योंकि ग्रह योग बता रहे हैं कि राज भाटिया PFWRBFRPS द्वारा मेड-इन-जर्मन लठ्ठ आपकी पत्नी तक पहूंचाये जाने की साजिश रची जा सकती है. और आपकी हड्डी पसली भी टूट सकती है. अत: आपको सलाह दी जाती है कि योगिंदर मौदगिल और अंतरसोहिल जैसे ब्लागरों को घर में ना घुसने दें. और अगर फ़िर भी कोई परेशानी आ जाये तो निम्न उपाय करें. जिनका भी जन्म 3,12,23,24,27,30,31 तिथियों में हुआ है उन्हें विशेष सावधानी वापरने की सलाह दी जाती है.

उपाय:-श्री ताऊ चालीसा का नित्य पाठ करें. सुश्री निर्मला कपिला की चरण वंदना करके, उनके हाथ से चार चार चांटे खाकर आशीर्वाद लेवे, तो ही आपका संकट कट सकता है वर्ना तो ईश्वर ही मालिक है.

-------------------------------------------------------------

कर्क राशि:-आपके लिए होली माह का प्रारंभः सभी दृ्ष्टियों से विशेष शुभ रहेगा. कोई नई ब्लाग बनाने की योजना सफलीभूत हो सकती है, निर्णय लेने में जरा सी भी देरी आपको बाद में हाथ मलने पर विवश कर सकती है क्योंकि आपके विरोधी आपकी योजना पर लाल काला रंग डालने की साजिश कर सकते हैं.

होली का माह आपके पारिवारिक जीवन में उथल पुथल वाला हो सकता है. ग्रह योग संकेत दे रहे हैं कि कुछ लोग आपके जीवन साथी को आपका कच्चा चिठ्ठा बताने की तैयारी कर सकते हैं. ये स्थितियां आपके अनुकुल नही लग रही है. समय अत्यंत सुख एवं शान्तीपूर्वक व्यतीत होता नही दिखाई दे रहा है. किसी धार्मिक स्थल की यात्रा करने की बजाये कुछ मठाधीष ब्लागरों पर गारे कीचड उछालती पोस्ट लिखें जिससे आपके राहु केतु शांत हो सकें. लेकिन सावधान , इस काम में आपके पकडे जाने के योग दिखाई दे रहे हैं जो आपकी बहुत फ़जीहत करा सकते हैं. मन में आध्यात्मिकता के भाव जागृ्त हो सकते हैं जो आपके लिये ठीक नही हैं. किंतु आपका आर्थिक पक्ष सुदृढ रहेगा, माह का मध्य भाग थोडा मानसिक अशांति, क्रोध एवं किसी विषय में दुविधापूर्ण स्थिति निर्मित करने वाला है. 15,16,18,19,20,24 अशुभ तिथियों के नवमांश में जन्में जातकों पर इसका प्रभाव ज्यादा दिखाई देगा, निम्न उपाय अवश्य करें.

उपाय:- ॐ नम: ताऊ प्रभु मम बुद्धि हरो देवा: मंत्र का जाप करें. शुक्रवार के दिन मध्य प्रदेश ब्लागर एशोसियेशन के सदस्यों को दूध, मिश्री का दान करें और उन्हें पांच शुक्रवार तक किसी फ़ाईव स्टार होटल में खाना खिलाते रहें. विशेष रूप से उडनतश्तरी को उनका प्रिय पेय पिलायेंगे तो संकट तुरंत दूर होगा और साथ मेंश्री पी.सी.गोदियाल ’परचेत’ की चरण वंदना करके उनसे आशीर्वाद प्राप्त करें.

-------------------------------------------------------------
सिँह राशि:- आहा...हा, बहुत ही सुंदर ग्रह योग दिखाई दे रहे हैं. आप होली मास में बौरा जायेंगे और हंसी ठीठौली करते हुये किसी से पंगा कर बैठेंगे. इस महीने का प्रथमार्द्ध आपको बहुत सावधानी से व्यतीत करना होगा अन्‍यथा आपके सबसे अच्छे मित्र/मित्राणी से आपके संबंध खराब हो जायेंगे. आपकी स्‍वयं की ही कोई गलती आपके लिए तकलीफदेह/हानि/परेशानी का कारण बनेगी.

आपकी बातों से कोई मन ही मन परेशान हो सकता है और बदले में आपके ब्लाग पर अनामी बनकर अश्लील टिप्पणियां कर सकता है. आपके जीवनसाथी को भी आपके व्यवहार से बहुत गलत फ़हमी हो सकती है और हम आपको सलाह देना चाहेंगे कि घर के आसपास भी राज भाटिया प्रदत मेड-इन-जर्मन नही दिखने चाहिये वर्ना आपके अगले तीन चार माह अस्पताल में कटने की उम्मीद है. 2, 6, 7, 8, 10, 13, 14, 20 तिथियों के नवम होरा में जन्में जातकों पर यह फ़ल शत प्रतिशत लागू होंगे. निम्न उपाय करें.

उपाय:- चार बुढऊ ब्लागर्स के नित्य प्रात: चरण स्पर्श कर आशीर्वाद लिया करें. श्री ताऊ संस्थान में मुक्त हस्त नगद दान दें. और किसी कुंआरे ब्लागर की शादी में मुक्त हस्त से सहायता करे. अगर इससे भी आराम ना मिले तो समीरलाल "समीर" की उपन्यासिका " देख लूं तो चलूं" की १११ प्रतियां खरीद कर योग्य ब्लागर्स को दान दें. आपका कष्ट अवश्य दूर होगा.
-------------------------------------------------------------

कन्या राशि:- होली माह का प्रारंभ सामान्यतय: प्रसन्नताओं से भरा होगा. ब्लागिंग मे विशेष तौर पर एक तरह से संतुष्टी का भाव रहेगा अर्थात आपकी पोस्ट को शतकीय टिप्पणियां प्राप्त करने का सौभाग्य मिलता रहेगा. आप अपने आपको उडनतश्तरी के समकक्ष समझने लगेंगे और यहीं से आपका भाग्य पलटा खायेगा. आप गरूर में भरकर ताऊ की तरह कुछ भी उलटा पुल्टा लिखेंगे और आपकी पोस्ट दस टिप्पणीयों को भी तरसेंगी.

यह समय कमजोर भाग्य का संकेत दे रहा है. आप होली वाले दिन ब्लाग जगत में भांग पीकर टिप्पणियां करेंगे और अर्थ का अनर्थ कर बैठेंगे. जीवनसाथी के साथ संबंध मधुर नही रहेंगें तथा संतानपक्ष की ओर से भी स्थिति चिंता जनक पर सामान्य ही रहेगी. घर में भी आपकी पिटाई होने के प्रबल संकेत मिल रहे हैं. 9, 12, 13, 14, 17, 22, 28 तिथियों के सतरहवें द्रेष्काण में जन्में ब्लागरों के लिये बहुत ही चिंता का समय है. सितारे बता रहे हैं कि समय एकदम जूतमपैजारियता वाला रहेगा. निम्न उपाय अवश्य कर लें.

उपाय:- रविवार के दिन श्री काजल कुमार के ब्लाग पर १०१ टिप्पणियों का दान करें. किसी सात्विक रामप्यारे को मीठे केशरिया चावल भोजन करवाये, साथ में सवा किलो गुलाब जामुन भी खिलायें. स्वयं नमक से रोटी खाकर प्रायश्चित करें. त्रि-सुरक्षात्मक ताऊ लाकेट धारण करें.
--------------------------------------------------------------

तुला राशि:- आपके लिए होली माह सामान्य की अपेक्षा कुछ अधिक अच्छा रहने वाला है. आपकी पोस्ट हिट रहेगी, अलबत्ता टिप्पणीयां कम आयेगी. मठाधीष आपसे कुछ असामान्य व्यव्हार करेंगे, पर आप चिंता ना करें वो आपका कुछ नही बिगाड पायेंगे. आपको आपके जीवन साथी का परम सहयोग मिलेगा, यानि आपके जीवन साथी का व्यवहार इन दिनोंमिसेज और मि. राजीव तनेजा सरीखे आपसी समझ बूझ वाले कपल जैसा रहेगा. अत: आप जमकर ब्लागिंग पर होली पोस्ट लिख सकते हैं.

माह का उतरार्ध कुछ गलत संकेत दे रहा है. कुछ विघ्न संतोषी आपके ब्लाग को उजाडने की सोचेंगे अत: आप तुरंत जाकर पाबला जी शरणम हो जायें तो अच्छा रहेगा. इस माह आपके उपर एक पोस्ट सतीश सक्सेना द्वारा भी लिखा जाना संभव लग रहा है जिससे आपकी शान में चार चांद लग जाने के चांस दिखाई दे रहे हैं. आप तुरंत जाकर सतीश सक्सेना जी के ब्लाग पर १५१ टिप्पणीयों का दान करें. अगर इसके बावजूद भी सतीश जी आपके ऊपर कोई पोस्ट नही लगाते तो समझ लिजिये कि शनि और राहु का फ़ल आपको मंदा मिल रहा है, तुरंत नुम्न उपाय किजिये. वैसे :-7, 8, 16, 19, 20, 24, 27, 28 तिथियों तृतीयांश में जन्में ब्लागरों पर यह विशेष रूप से लागू होगा.

उपाय:- एक बहुत ही पुरातन जमाने के ब्लागर को होली के बहाने काले रंग और कीचड से रंग दिजिये, इससे आपके राहु की काली करतूते शांत हो जायेंगी. उसके घर में एक झलझलाई का पौधा रोपिये और नित्य उसमें एक पाव दूध डालिये. लगातार ३१ दिन किसी हरियाणा वासी पर वर्तमान में म.प्र. में रह रहे काले रंग और बंदर की शक्ल वाले ब्लागर को ११००/ रूपिये का मनीआर्डर करवाईये, आपके समस्त संकट दूर होंगे. साथ में नीरज जाट को कैलाश मानसरोवर की यात्रा करवाईये, आपको अत्यंत शुभ फ़ल मिलेंगे.
-------------------------------------------------------------

वृश्विक राशि:- होली माह में आप अपनी राशि के गुणानुसार कुछ कंटीली हरकते करेंगे और नुक्सान उठायेंगे. आपमे मजाक करने की प्रवृति कुछ ज्यादा ही बढ जायेगी, कारण कि फ़ाल्गुन मास का आपकी राशि पर प्रभाव कुछ ज्यादा ही पडेगा. आप बातचीत में मर्यादा और संयम रखें, मठाधीषों से आपको इस मास ज्यादा खतरा है अत: उनकी चापलूसी में कोई कमी नही आने दें.

एक लडकीनुमा नर ब्लागर की हरकतों से सावधान रहें वो आपको हानि पहुंचाने की पूरी कोशीश करेगा. उसकी चिकनी चुपडी बातों में आकर आप अपना भविष्य बिगाड लेंगे. वो रंग लगाने के बहाने आपके ऊपर रसायनों का प्रयोग करके आपकी मुख की छवि खराब कर सकता है. होली मास में किसी को भी धन उधार ना दें और खासकर उसको तो बिल्कुल भी ना दें. 3, 8, 9, 12, 17, 20, 21, 22, 23 के सप्तमांश में जन्में जातकों को विशेष हानि की संभावना है, निम्न उपाय अवश्य करें.

उपाय:-प्रत्येक सोमवार दूध से बने मिष्ठान का दान सिर्फ़ शादीशुदा ब्लागर्स को करें, कुंआरे को भूलकर भी नही करें. किसी बडी बडी मूंछ वाले हरयाणवी ब्लागर को, जो अब छत्तीस गढ में रहता हो, उसको उसके मनपसंद पेय की २७ बोतलें तुरंत भिजवायें, आपका संकट अवश्य दूर होगा. कुंवारे और बिना मुंछ वाले ब्लागर से सावधान रहें.
-------------------------------------------------------
धनु राशि:- धनु राशि:- होली माह के पूर्वार्ध में अधिकांशत: शरीर में आलस्य और प्रमाद ही हावी रहेगा. इस दौरान या तो आप यात्रा में रहेंगे या फिर अवकाश का आनन्द ले रहे होंगें पर ब्लाग नही लिखेंगे. मेलजोल के दायरे भी थोडे संकुचित ही रहने की प्रबल संभावना हैं. सितारे संकेत दे रहे हैं कि आपका ब्लागिंग से मोह भंग हो रहा है. जो कि अच्छी बात नही है.

आपका जीवन रूखा सूखा सा रहा है अत: जीवन में नव आशा का संचार करने के लिये आपको सलाह दी जाती है कि होली पर कोई होलियाना पोस्ट लिखें और धमाकेदार इंट्री करें जिससे आपके दुश्मन अंटाचित हो जायें. खासकर अपने जमाने के बुढऊ ब्लागर्स की पोल खोलती पोस्ट लिखे यां किसी ब्लागर लेखक की पुस्तक की छीछालेदर कर डालें जिससे आपकी उपस्थिति महसूस की जासके. छीछालेदर के लिये उडनतश्तरी की बिखरे मोती अच्छी रहेगी, आजकल काफ़ी डिमांड में भी है और उसका दूसरा एडीशन भी छप चुका है. 3, 8, 12, 13, 16, 18, 21, 22 तिथियों के राहुकाल में जन्में जातकों का क्षीण चंद्रमा होने से ये फ़ल बहुतायत से मिलेंगे. अगर मन में उत्साह नही जग रहा हो तो अविलंब निम्न उपाय करें.

उपाय:-अष्टमी तिथि या बुधवार के दिन एक नारियल पानी वाला लेकर उसे किसी समकालीन ब्लागर की खोपडी पर पटक कर फ़ोड दें और उस नारियल पानी को पियें, इससे आपको बहुतायत से पोटेशियम प्राप्त होकर अनंत आशा का संचार होगा. ऐसा दस बुधवार तक करें. मंगलवार के दिन ११ कुंवारे जोडों को मिष्ठान्न भोजन करवा कर दक्षिणा देकर आशीर्वाद लेवें. पर ध्यान रहे कि ये कुंआरे ही हो. साथ में श्री ताऊ अष्टक का पाठ करते रहें.
-------------------------------------------------------------
मकर राशि:- होली माह का प्रारंभ तो आपके लिए सामान्य ही रहेगा किन्तु ब्लाग जगत में किसी से आपका पंगा होकर मन चिन्तित हो जायेगा. इस माह आपको विपरीत सेक्स के प्रति विशेष अनुराग रहेगा. पर सावधान, ग्रह चाल संकेत कर रही है कि कोई आपके पीछे लगा है जो इस बात को बढा चढाकर आपके सुखद गृहस्थ जीवन में आग लगवाने की फ़िक्र मे हैं.

आपको जोश में होश नही खोना है, अभी आप इस क्षेत्र में नये हैं किसी समझदार और भरोसेमंद बुढऊ ब्लागर की राय ले जो आपके लिये फ़ायदे मंद रहेगी, भूलकर भी किसीनौसिखिये या लपाडू ब्लागर की बातों में ना आये वर्ना बहुत पछताना पड सकता है. आपको बहुत सब्जबाग दिखेंगे, पर सावधान , वो महज नकली ही साबित होंगे. 3, 8, 13, 16, 18, 23 तिथियों के द्वादशांश में जन्में जातकों को यह समय बहुत भारी है. अविलंब निम्न उपाय करें.

उपाय:-प्रत्येक मंगलवार लाल चंदन की लकडी में कोयला घिसकर किसी पुरातन ब्लागर के मुंह पर मलें. श्री ताऊ चालीसा के पाठ करें. किसी ब्लागर द्वारा लिखित पुस्तक की १११ प्रति खरीदकर गौशाला में दान करवायें. आपका कल्याण होगा.
---------------------------------------------------------
कुंभ राशि:- यह होली मास आपके लिए व्‍यक्तिगत रूप से शुभ फल दायक सिद्ध हो सकता है. पिछले कुछ सालों से आपके जिन मठाधीषों से पंगे पडे हैं वो अब सुलझने के आसार दिखाई दे रहे हैं. बशर्ते आप अपनी तरफ़ से पहल करें. वैसे वो आपको ज्यादा पसंद नही करते परंतु अब उनकी मजबूरी है कि आपके मजबूत सितारों की चाल के आगे वो नतमस्तक हो जायेंगे.

अगर आप सिद्ध ताऊ सिंगी यंत्र धारण करलें तो यह संभव है कि वो खुद आगे बढकर उनके सींग आपके सामने झुका दें. इस मास की १९ वी तारीख तक का समय आपके जीवनसाथी के साथ आपके वैचारिक मतभेद दर्शा रहा है जो आपके स्वास्थ्य के लिये हानिकारक है. सितारों कि चाल बता रही है कि राज भाटिया प्रदत लठ्ठ आपके घर तक दुश्मनों ने पहूंचा दिये हैं और वो आपकी हड्डियां अवश्य तुडवाने में कामयाब होंगे. 7, 13, 19, 20, 21, 22, 23, 27 के पच्चीसवे होरा मे जन्में जातकों के लिये बहुत ही अनिष्ट का समय है, निम्न उपाय करें.

उपाय:- श्री ताऊ बाण का नित्य संध्याकाल पाठ करें. शनिवार को सरसों के तेल में लहसुन डालकर किसी कपटी ब्लागर के सिर में मालिश करें. और किसी दयावान ब्लागर को सात मंगलवार फ़ाईव स्टार में खाना खिलायें. श्री ताऊ सर्वसिद्ध यंत्र स्थापित करें. अवश्य पीडा का शमन होगा.

-------------------------------------------------------------
मीन राशि:- आम आमतौर पर इस राशी के जातक स्वभाव से विनम्र यानि उडनतश्तरीटाइप के पाये जाते हैं, पर दशम भाव में नीच राशि के राहू की स्थिति आपके स्वभाव में एक प्रकार की विचित्रता पैदा करने का प्रयास कर रही है जो आपके ब्लागिंग कैरियर के लिये ठीक नही है. होली माह में क्रोध वृद्धि, मानसिक चिन्ता तथा खिन्नता हावी होकर, मन में निम्न कोटी के विचार हावी हो सकते हैं जो आपको बेनामी ब्लाग लिखने और जूतमपैजारियता की और धकेल सकते हैं.

हमारी सलाह है कि भूलकर भी किसी ऐसे कर्म का आश्रय न लें, वर्ना आपकी बनी बनाई छवि के ध्वस्त होने के आसार नजर आरहे हैं. इस माह टिप्पणियो की आवक - जावक की स्थिति बराबर बनी रहेगी, पूर्वार्द्ध की अपेक्षा माह का उतरार्द्ध कुछ सुखद व्यतीत हो सकता है. इस साल होली आप लाल रंग से ना खेले क्योंकि मंगल ग्रह अस्त चल रहा है जो कि आपके जीवन साथी से आपकी पूजा आरती करवा सकता है. अत: जितना संभव हो लाल रंग से दूर ही रहें. काले रंग, कोयले या डामर से होली खेलना आपके लिये शुभप्रद रहेगा. 6, 7, 8, 10, 12, 16, 18, 26, 29 तिथियों को अधिक मास में पैदा हुये जातकों पर उक्त फ़ल विशेषत: लागू होंगे. निम्न उपाय करें.

उपाय:-चाँदी के चार गिलास में लाल रंग का शरबत भरकर फ़्रीज में रखें, फ़िर जो भी ब्लागर मिले उनको क्रमश: भेंट स्वरूप दे दें. बृहस्पतिवार के दिन १०१ ब्लागरों को एक एक किलो काजू, किसमिश, बादाम, चिलगोजा और अखरोट का पैकेट स्पीड पोस्ट से भिजवायें, ईश्वर आपकी बला अवश्य दूर करेंगें.
---------------------------------------------------------------
नोट:- यह राशिफल जन्मकालिक ताऊराशि पर आधारित है जो कि ब्लागर्स की सहायता के लिये तैयार किया गया है.

ताऊ पहेली - 116

प्रिय बहणों और भाईयों, भतिजो और भतीजियों सबको शनिवार सबेरे की घणी राम राम.

ताऊ पहेली के अंक 116 में आपका हार्दिक स्वागत है. नीचे दिखाये गये चित्र को ध्यान से देखिये और बताईये कि यह कौन सी जगह का चित्र हैं? हमेशा की तरह पहेली के जवाब की पोस्ट मंगलवार सुबह 4:44 AM पर प्रकाशित की जायेगी.



ताऊ पहेली का प्रकाशन हर शनिवार 1:00 AM से 11:00 PM के मध्य कभी भी किया जा सकता है. ताऊ पहेली के जवाब देने का समय कल रविवार शाम 6:00 PM तक या अधिकतम कमेंट सुविधा बंद करने तक है.

जरुरी सूचना:-
टिप्पणी मॉडरेशन लागू है. समय सीमा से पूर्व ग़लत या सही दोनों ही तरह के जवाब प्रकाशित किए जा सकते हैं. जरूरी नही कि प्रकाशित किये गये जवाब गलत ही हैं. और रोचकता बनाये रखने के लिये गलत जवाब भी रोके जा सकते हैं. अत: अपना जवाब सोच समझकर देवें.

नोट : किसी भी तरह की विवादास्पद परिस्थितियों मे आयोजकों का फ़ैसला ही अंतिम फ़ैसला होगा.



मग्गाबाबा का चिठ्ठाश्रम
मिस.रामप्यारी का ब्लाग
ताऊजी डाट काम
रामप्यारे ट्वीट्स

"ताऊ दुखिया सब संसार, जेडा सुखी वो........." ओये... छ्ड्ड यार.

प्रिय भक्तगणों, आपका कल्याण हो. बहुत समय बाद आपसे साक्षात बात करने का अवसर प्राप्त हुआ है. जो कुछ हो रहा है वो नही होना चाहिये. पर जो कुछ होता है वो भी अकारण नही होता. परमपिता परमात्मा का हर होने या ना होने में एक हेतु होता है जिसे हमे स्वीकारना ही पडता है. हम तो ज्यादा से ज्यादा आपके लिये परमात्मा से सिफ़ारिश ही कर सकते हैं. और कर भी क्या सकते हैं?

आज के समय में चारों तरफ़ इंसान दुखी दिखाई दे रहा है. कोई अपने दुख में दुखी है तो कोई दूसरे के सुख में दुखी है. कुछ ब्लागर इस लिये दुखी हैं कि दूसरे के ब्लाग पर सैकडों टिप्पणीयां क्यों आ रही हैं? कोई इसलिये दुखी है कि आजकल किसी से उसका पंगा नही हो रहा है और इसका सीधा सीधा असर टी आर पी पर पडता है. सो ऐसे ब्लागर पंगे लेने की ही जुगाड में भिडे रहते हैं. कहीं की भी यात्रा की और लिख मारी पंगे वाली पोस्ट...लो जी हो गई टी आर पी एकदम चकाचक....कोई बेनामी टिप्पणियों से दुखी है तो कोई गाली गलौच वाली टिप्पणियों से..... "ताऊ दुखिया सब संसार, जेडा सुखी वो........." ओये... छ्ड्ड यार.

अब ब्लागिंग के अलावा भी नाना प्रकार के दुख हैं जीवन में? पहले खुद की पढाई लिखाई, फ़िर शादी विवाह, फ़िर अपने जीवनसाथी से पंगा, बच्चों की पढाई लिखाई, उनके शादी विवाह, रोजगार औरभी नाना प्रकार के दुख सुख भरे पडे हैं. हमसे लोग अक्सर इन दुखों की दवा पूछा करते थे. आप जानते हैं कि हम तो पर दुख हर्ता हैं. हमसे जनता का दुख नही देखा गया. अत: हमने उसे दूर करने की ठान ली.

आपने देखा होगा कि हम पिछले कुछ समय से ब्लाग जगत से गायब हो गये थे इसका कारण यह था कि हम सर्व सिद्धियां प्राप्त करने हिमालय की कंदराओं में तपस्या करने चले गये थे. वहां हमने जमकर घनघोर तपस्या कर डाली. हमारी तपस्या से खुश होकर भगवान ने हमसे वरदान मांगने को कहा.

हमने कहा - प्रभु कुछ ऐसा ज्ञान दिजिये कि आम जनता की सेवा कर सकूं.

प्रभु बोले - भक्त हम तुम्हारी भक्ति और वाकचातुर्य से अति प्रसन्न हुये. तुम्हें हम ज्योतिष शाश्त्र का अगाध ज्ञान प्रदान करेंगे जिससे तुम दुखियों के दुख दूर कर सकोगे.

हमने कहा - प्रभु, लोग तो ज्योतिष को ढोंग साबित करने पर तुले हैं, कोई तेरहवां ग्रह पैदा कर रहा है फ़िर हमको खामख्वाह चौदहवां ग्रह पैदा करना पड जायेगा और हमारी इमेज तो वैसे ही कुख्यात ताऊ के रूप में लोगों ने पहले से ही खराब कर रखी है. अगर आप प्रसन्न ही हैं तो कोई जादू का लठ्ठ दे दिजिये, जिसको दुखी आदमी के सर पर मारा कि उसके दुख दूर हो जाये?

प्रभु बोले - चुप रह मूर्ख ताऊ. अगर हम तुझको वरदान देने नही आये होते तो अभी तक तुझे श्राप दे दिया होता.

हमने डरके मारे हाथ जोडकर आंख बंद करते हुये कहा - जैसी इच्छा भगवन आपकी, दे दिजिये जो देना हो. लोग मुझे ढोंगी बतायेंगे तो आपके नाम पर ढोंगी बनना भी स्वीकार कर लूंगा.

प्रभु बोले - ये हुई ना बात ताऊ. अब आंखे बंद करो और हमारी तरफ़ थोबडा करलो.

और प्रभु ने सारा ज्योतिषीय ज्ञान हमारे खोपडे पर हाथ फ़िराकर भर दिया. उसके बाद स्वयं अपने हाथों हमारे नेत्रों मे एक द्रव्य डाला जिससे हमारे ज्ञान चक्षु तुरंत खुल गये..

फ़िर हमने पूछा - प्रभु मेरे चक्षु तो आपने खोल दिये पर मैं दुखी जनता की सेवा कैसे करूंगा?

प्रभु बोले - हे मेरे प्रिय भक्त ताऊ, सुन तेरी इच्छा अवश्य पूरी करूंगा. मैं तुझे एक यंत्र देता हूं. इस यंत्र के माध्यम से दुखी प्राणी अपने प्रश्नों का उत्तर स्वयं ही पा सकेगा और वहीं उसको उसके भाग्य के अनूरूप सटीक जवाब मिल जायेगा.

हमने कहा - प्रभु आपने दुखी जनता के लिये तो उपाय बता दिया पर दुखी ब्लागरों के लिये कुछ उपाय नही बताया?

प्रभु बोले - भक्त, वैसे तो ब्लागर कभी सुखी नही हो सकता. क्योंकि ब्लागर योनि ही दुख का कारण है फ़िर भी तुम्हारी प्रार्थना स्वरूप हमने इसी यंत्र में ब्लागरों के दुखों को दूर करने के उपाय भी भर दिये हैं अब तुम तुरंत यहां से रवानगी डाल दो, हमें और भी बहुत से काम हैं.

हमने कहा - प्रभु - आपने यंत्र में सवालों का जवाब तो दे दिया पर कुछ उपाय भी बता देते कि दुख कष्ट कैसे दूर होंगे? और इस यंत्र का नाम करण भी कर देते तो ठीक रहता प्रभु.

प्रभु बोले - हे भक्त हम तुमसे अति प्रसन्न हैं. हम जो यंत्र तुम्हें दे रहे हैं उसका नाम करण तुम्हारे नाम पर ही श्री सिद्ध ताऊ चौबीसा यंत्र रख दिया है. और हम कुछ सिद्ध लाकेट ताबीज यंत्र इत्यादि बनाने की गोपनीय विधि तुम्हें समझा देते हैं पर ध्यान रहे कि ये ताबीज लाकेट मुफ़्त किसी को मत देना वर्ना ये काम नही करेंगे. इनकी पूरी कीमत लोगे तब ही ये काम करेंगे और लेने वाले को पूरी श्रद्धा होनी चाहिये, तब ही पूर्ण फ़ल देंगे.

श्री सिद्ध ताऊ चौबीसा यंत्र
2
7
6
5
9
1
8
4
3


हमने कहा - जो आज्ञा प्रभु.

तो भक्तजनों, यह है डायरेक्ट प्रभु द्वारा हमें प्रदान किया हुआ श्री सिद्ध ताऊ चौबीसा यंत्र, यह यंत्र आपको सब समस्याओं से छुटकारा दिलवायेगा. इससे आपको निम्न 24 सवालों के उत्तर सहज ही मिल जायेंगे. और उत्तरों के अनुसार उपाय करके आप अपना और अपने मित्रजनों का जीवन सुखी बना सकते हैं. आपको जिस प्रश्न का उत्तर चाहिये उस पर क्लिक किजिये और आगे की विधी अपनाते जाईये, आपको आपके सवाल का जवाब और उपाय मिल जायेगा.

प्रश्न : मुझे ब्लाग सुख मिलेगा या नही?
समस्त श्रद्धावान भक्तजनों के लिये यह कल्याणकारी श्री सिद्ध ताऊ चालीसा यंत्र प्रभु आदेश से हमने यहां उपलब्ध करवाया है जो भी भक्त श्रद्धापूर्वक इसे इस्तेमाल करेगा वो लाभ उठायेगा और साथ में श्री ताऊ भक्ति भी पायेगा. जो भी मूर्ख और अनास्थावान इसकी खिल्ली उडायेगा और इसे उचित सम्मान नही देगा उसका ब्लाग इस जन्म में ही विध्वंस को प्राप्त होगा और तत्पश्चात उसका ब्लाग कुंभी पाक नरक भोगेगा. इसलिये हे आस्थावान भक्तो अति श्रद्धा पूर्वक इसका लाभ उठायें और अपना जीवन सफ़ल बनायें.

आईये अब आपको कुछ अति विशिष्ठ श्री सर्व सिद्ध ताऊ यंत्रों के बारे में बताते हैं. इन्हें धारण कर आप अपनी दुख बाधाओं से मुक्त हो सकते हैं.

श्री ताऊ आकाशगामी यंत्रम एक बहुत ही चमत्कारी यंत्र है. अत्यंत कठिन परिश्रम से श्मशान साधना के उपरांत इसे सिद्ध किया जा सका है. इस यंत्र को धारण करके आप बेनामी टिप्पणी करके आकाश में जा सकते हैं. आप सबको देख पायेंगे पर आपको कोई नही देख पायेगा. यह यंत्र विशेषकर बेनामी टिप्पणी कारों के लिये वरदान साबित होगा. न्योछावर रू. 31001/= मात्र



यह है श्री सिद्ध ताऊ रक्षा कवच. इसे धारण करने से आपको बेनामी टिप्पणी करने वाले दिखाई देने लगेंगे. आप की दिव्य दृष्टि जाग्रत हो उठेगी. न्योछावर रू. 11001/= मात्र.


यह है अति मनोहारी श्री ताऊ ब्लाग विध्वंसक यंत्र, इसे धारण करके आप चाहे जिसके ब्लाग को चंद मिनटों मे तहस नहस कर सकते हैं. उसका ब्लाग लेखन चुटकियों में बंद करवा सकते हैं. यह उन माताओं बहिनों के लिये अति विशेष उपयोगी हैं जिनके पति या पुत्र ब्लाग मेनिया के शिकार हो चुके हैं और अनेकों बार की पिटाई के बाद भी ब्लागिंग नही छोड पा रहे हैं. न्योछावर रू. 41001/= मात्र

यह है गोलमटोल श्री सिद्ध ताऊ " बेनामी टिप्पणी यंत्र", इसकी सहायता से आप घर बैठे ही चाहे जिसके ब्लाग पर बेनामी टिप्पणी कर सकते हैं. खाली होने पर यह वापस लौट कर आपके पास आजायेगा. खाली होने पर आप इसे हमसे दुबारा रिचार्ज करवा सकते हैं. न्योछावर प्रथम बार रू. 18001/= मात्र, रिचार्ज कूपन रू. 1451/= प्रति बार.


यह है श्री सिद्ध ताऊ "अति रहस्यमयी सकल बाधा हरण यंत्रम", इसको घर में स्थापित करते ही सब प्रकार की बाधाओं से मुक्ति प्राप्त हो जाती है. आपके ब्लाग और घर पर किसी तरह के भूत पिशाच की आत्मा का साया नही पडेगा. यह मामा मारीचों और सुर्पणखां की बुरी नजर से बचाता है. बच्चों को भी नजर नही लगेगी. यह प्रेत और पिशाचनी को सिद्ध किया हुआ यंत्र है. आप इससे चाहे जो काम करवा सकते हैं. न्योछावर रू. 51001/= मात्र



यह है अति मन भावन और सौम्य श्री सिद्ध ताऊ स्थिर चित यंत्रम. इसे धारण करते ही मन शांत और स्थिर हो जाता है. पोस्ट अपने आप तैयार हो जाती है. घर के सब काम काज सुचारू रूप से होने लगते हैं. पति पत्नि में विशेष सामंजस्य स्थापित होने लगता है. यह यंत्र माताओं बहिनों के लिये विशेष उपयोगी है. न्योछावर रू. 16001/= मात्र


और यह है माणक, पन्ने और हीरे जवाहरातों से निर्मित और विशेष नक्षत्रों मे सिद्ध किया हुआ श्री सिद्ध ताऊ " सर्व सुख प्रदायक यंत्रम". इसको गले में धारण करते ही आपके सब बिगडे काम संवर जाते हैं. किसी की शादी नही हो रही हो तो इसे धारण करते ही तुरंत रिश्ते दौडे चले आते हैं. घर गृहस्थी सुधर जाती है. अभी तक जिनकी शादी नही हुई हो वो तुरंत आर्डर करें, स्टाक सीमित है और इस सिद्ध यंत्र को तयार करने का मुहुर्त चार साल मे एक बार यानि 29 फ़रवरी के पावन दिन ही आता है. न्योछावर रू. 71001/= मात्र


यह है अति पुनीत और मनभावन, अति मनमोहक श्री सिद्ध ताऊ " त्रिसुरक्षात्मक लोकेट. यह शुद्ध हीरे की खदानों से डायरेक्ट हीरे प्राप्त करके बनाया गया है. इसे अशुद्ध हाथों से बचाकर तैयार किया है. यह तीन स्तर की सुरक्षा प्रदान करता है. और माताओं बहिनों के लिये अति विशेष उपयोगी है. सीमित मात्रा में बचा है, अत: निराशा से बचने के लिये तुरंत आर्डर करें. न्योछावर रू. 51001/= मात्र.



आहा...यह आपके लिये विशेष रूप से दिपावली की काल रात्री में तैयार किया गया श्री सिद्ध ताऊ उल्लूक यंत्रम है. इसे बनाने की विधी अति गोपनीय और दूरूह है. दिपावली की कालरात्री को इसे श्मसान भूमी में विशेष रूप से तैयार किया जाता है. इसे स्थापित करते ही धनलक्ष्मी की क्रुपा विशेष रूप से टपकने लगती है और आप जानते हैं कि आज के आर्थिक युग में अगर लक्ष्मी मैया प्रसन्न हैं तो किसी और को प्रसन्न करने की क्या आवश्यकता है? अत: तुरंत आर्डर करें.. न्योछावर रू. 61001/= मात्र.




यह है श्री ताऊ सिंगी सिद्ध गुटिका यंत्रम. आपको इसके दर्शन से ही शकून मिल रहा होगा. और इसको स्पर्ष करते ही आपके सकल मनोरथ पूरे होने की गारंटी, यह श्री ताऊ सिंगी यंत्र आपको हमारे अलावा कहीं भी नही मिलेगा. यह यंत्र प्राप्त करते ही आपको किसी बात की कमी नही रह जायेगी. बस मंगाईये और धारण किजिये. न्योछावर रू. 31001/= मात्र.



यह है घर और ब्लाग की सुरक्षा के लिये "श्री ताऊ डबल सुरक्षा कवच", जो कि आपको घर बाहर दोनों जगह सुरक्षा देता है. आपके घर और ब्लाग को चोरों की बुरी नजर से बचाता है. आपके दोस्तों से आपके रिश्ते सुधरवाता है. जो दोस्त रूठ कर चए गये उनको वापस ले आता है. न्योछावर रू. 14001/= मात्र. (किफ़ायती मूल्य सिर्फ़ ब्लागरों के लिये)




और यह है अति विशेष गोपनीय विधी से तैयार श्री सिद्ध ताऊ ब्लागर वशीकरण यंत्र, इसे स्थापित करके अगरबत्ती लगाने मात्र से यह प्रसन्न होकर फ़ल देने लगता है. इसको स्थापित करते ही ब्लागर अपने आप आपके फ़ोलोवर बनने लगते हैं. मठाधीष भी आपके ब्लाग पर टिप्पणी करने के लिये कतार बद्ध होकर खडे होने लगते हैं. आपको कहीं भी जाने की जरूरत नही पडेगी. यह यंत्र पति वशीकरण में भी अति सहायक है. धारण करते ही पति पूंछ हिलाते हुये दुम दबाये खडा होने लगता है. अदभुत चमत्कारी यंत्र है. न्योछावर रू 41001/= मात्र

जो भी भक्त श्रद्धा भक्ति पूर्वक इन्हें धारण करेगा वो कोटि काल तक आनंद पूर्वक रहेगा. अवश्य लाभ उठायें. फ़्रेंचाईजी के लिये आवेदन करें जिससे यह अति दुर्लभ कष्ट निवारक यंत्र सबको सुगमता पूर्वक उपलब्ध करवाये जा सके . कृपया लोभी लालची व्यक्ति फ़्रेंचाईजी के लिये आवेदन ना करें सिर्फ़ सेवाभावी लोग ही आवेदन करें जो कि जन सेवा के साथ ही श्री ताऊ सेवा का पुण्य लाभ अर्जित करना चाहते हों. समस्त भक्त जनों से निवेदन है कि श्री ताऊ सेवा समिती में मुक्त हस्त से दान दें और पुण्य लाभ प्राप्त करें.



एक जरूरी घोषणा :-


जनता के परम हितेषी, और परम कल्याण कारी श्री श्री 1,00,008 श्री परमपूज्य ताऊ जी महाराज ने श्री ताऊ यंत्र तंत्र मंत्र साधना केंद्र का समस्त कार्यभार महान तंत्र सम्राट श्री रामप्यारे जी महाराज को सौंपकर, जन कल्याण की नई विधी खोजने हेतु वापस हिमालय की कंदराओं में तप करने चले गये हैं. समय समय पर वो जनता को आवश्यकतानुसार दर्शन देते रहेंगे.

आज से इस ताऊ आश्रम का समस्त कारोबार महान तंत्र सम्राट श्री रामप्यारे जी महाराज की देख रेख में संचालित होगा. यंत्र ताबीज खरीदने, अनुष्ठान करवाने और अपना परम कल्याण करवाने हेतु सभी भक्त गण अब सीधे तंत्र सम्राट श्री रामप्यारे जी महाराज से ही संपर्क करें. किसी विशेष संकट की अवस्था में श्री परमपूज्य ताऊ जी महाराज से संपर्क करना हो तो उनकी फ़ोटो के आगे धूप अगरबत्ती लगा कर श्री ताऊ महामंत्र का श्रद्धा पूर्वक पा्ठ करके ध्यान करें, महाराज ताऊ श्री आपको ध्यान की अवस्था में ही अवश्य मार्ग दर्शन करेंगे.